scorecardresearch
डार्क मोड

अंबानी धमकी केस: सचिन वाझे की गिरफ्तारी के बाद से अब तक क्या हुआ ?

सचिन वाझे को रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक लदी स्कॉर्पियो कार खड़ी करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है.

मुंबई में 10 मार्च को पुलिस कमिशनर के ऑफिस पहुंचते सचिन वाझे (पीटीआइ)
मुंबई में 10 मार्च को पुलिस कमिशनर के ऑफिस पहुंचते सचिन वाझे (पीटीआइ)
अपडेटेड 16 मार्च , 2021

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) ने मुंबई पुलिस के असिस्टेंट इंस्पेक्टर सचिन वाझे को 13 मार्च को गिरफ्तार कर लिया. उन्हें रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी के घर के बाहर 25 फरवरी को विस्फोटक लदी स्कॉर्पियो कार खड़ी करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है. महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) से जांच अपने हाथ में लेने के बाद एनआइए ने वाझे से पूछताछ की जो कि इस मामले में खुद भी प्रथम जांच अधिकारी रह चुके हैं. 14 मार्च को अदालत ने वाझे को 25 मार्च तक एनआइए की हिरासत में भेज दिया है.   

एनआइए प्रवक्ता की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, वाझे को 13 मार्च को रात 11.50 बजे भारतीय दंड संहिता की धारा 286 (विस्फोटों से जाने अनजाने किसी की जान खतरे में डालना), 465 (धोखाधड़ी), 473, 506 (2) और 120 (बी) आपराधिक षड्यंत्र और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया. अंबानी के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में 20 जिलेटिन की छड़ें, खनन में इस्तेमाल होने वाला वाणिज्यिक विस्फोटक भरा था. विस्फोटक में कोई डेटोनेटर नहीं था पर अगर वाहन में विस्फोट हो जाता तो 350 मीटर के दायरे में असका असर होता.  

वाझे की गिरफ्तारी से कई अनुत्तरित प्रश्नों के जवाब भी मिलेंगे. वाझे को इससे पहले 2003 के घाटकोपर बम धमकों के आरोपी ख्वाजा यूनुस की हिरासत में मौत के मामले में 2004 में गिरफ्तार और फिर निलंबित किया गया था. इसके बाद 2008 में वाझे ने पुलिस की नौकरी से इस्तीफा देकर शिवसेना ज्वाइन कर ली. उन्हें 2020 में फिर से पुलिस में बहाल किया गया और उनकी इच्छित क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट में तैनाती दी गई. पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने 14 मार्च को कहा कि जब गृह विभाग उनके पास था तब उनसे शिवसेना ने कुछ साल पहले वाझे को बहाल करने की मांग की थी.  

मकसद 

पुलिस को स्कॉर्पियो एसयूवी से एक नोट मिला है जिसमें लिखा है कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है. इसमें चेतावनी थी कि अंबानी अगर भाजपा-आरएसएस को लगातार समर्थन देते रहे तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. एनआइए ने पाया कि यह नोट किसी के इशारे पर लिखा गया था और नकली था. यह अब भी स्पष्ट नहीं है कि 14 साल का तजुर्बा रखने वाले असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर वाझे देश के सबसे धनवाना कारोबारी को धमकाने का बचकाना काम करेंगे. एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि अगर वाझे की इस मामले में मिलीभगत की बात सच है तो एक बात स्पष्ट है कि उन्हें सिस्टम का भी समर्थन था.  

मुंबई पुलिस की प्रतिक्रिया आने में देर क्यों लगी? 

25 फरवरी को जांच शुरू होने से पहले तक गृह विभाग ने तीन दिन तक इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया था. विस्फोटक लदी गाड़ी करीब 30 किलोमीटर दूर थाने में नौपाडा से अंबानी के कर्मिशियल रोड स्थित आवास तक चली गई और उसे कहीं रोका नहीं गया. इससे मुंबई के जोखिम का अंदाजा लगाया जा सकता है और कानून-व्यवस्था की इसकी तैयारियों पर भी सवाल उठते हैं. मुमकिन है कि सरकार में किसी को यह पता हो कि क्या हो रहा है. क्राइम ब्रांच मुंबई पुलिस की सबसे कुशल इकाई मानी जाती है. इसका काम रोकना, पता लगाना और जांच करना है. बीते वर्षों में इसने कई हाइप्रोफाइल केसों की पड़ताल की है जिनमें शीना बोरा हत्यांड भी शामिल है. यह वरिष्ठ अधिकारियों का विशेषाधिकार होता है कि क्राइम ब्रांच के दायरे में आने वाले मामलों में जांच अधिकारी की तैनाती करें. लेकिन यह एक रहस्य है कि वाझे को यह मामला क्यों दिया गया. नवंबर 2020 में आर्किटेक्ट अनव्य नायक की आत्महत्या के मामले में रिपब्लिक टीवी के मुख्य संपादक अर्नब गोस्वामी को गिरफ्तार करने जा रही रायगढ़ पुलिस टीम को एस्कॉर्ट करने का दायित्व वाझे को ही सौंपा गया था. यह भी पता चला है कि उसी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल वाझे ने गोस्वामी के वर्ली स्थित आवास पर जाने के लिए किया था.  

और कौन शामिल है? 

एनआइए वाझे की टीम के तीन अन्य अफसरों से भी पूछताछ कर सकती है. स्कॉर्पियो के मूल मालिक सैम न्यूटन से भी पूछताछ होगी. उसने ठाणे निवासी मनसुख हिरेन को वह स्कॉर्पियो दी थी जो 5 मार्च को ठाणे क्रीक पर मृत पाए गए. एनआइए ने उस इनोवा कार को बरामद कर लिया है जो अंबानी के घर के बाहर मिली स्कॉर्पियो के पीछे-पीछे चली थी. एजेंसी ने पाया कि इनोवा क्राइम इंटेलिजेंस यूनीट की थी जिसके मुखिया वाझे थे. एनआइए ने वाझे के सहयोगी रियाज काजी से भी पूछताछ की है.  

हिरेन को किसने मारा? 

वरिष्ठ पुलिस अफसरों को इसमें कोई शक नहीं है कि अच्छे तैराक और कारोबारी हिरेन का पहले दम घोंटा गया और फिर उन्हें बाहरी मुंबई के मुंब्रा इलाके में क्रीक में फेंक दिया गया. उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे. हिरेन पत्नी विमल ने आरोप लगाया कि उन्हें इसलिए मारा गया क्योंकि वे केस के प्रमुख गवाह थे.  

वाझे का मुंबई के बाहर तबादला क्यों नहीं किया गया? 

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 5 मार्च को विधानसभा में कहा कि बम की दहशत के साथ हिरेन की मौत की जांच भी पुलिस करेगी. ठाकरे ने कहा, “सचिन वाझे ओसामा बिन लादेन नहीं है. बगैर जांच उन्हें आप फांसी पर नहीं चढ़ा सकते.” दिलचस्प तथ्य यह है कि राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने वाझे का तबादला 5 मार्च को मुंबई से बाहर करने का ऐलान तब किया जब विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस ने उनके हिरेन से संबंधों का रहस्योद्घाटन किया. देशमुख, शरद पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी से हैं जो कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) की सरकार में शामिल तीन पार्टियों में से एक है. लेकिन वाझे को 5 मार्च को पुलिस की संवेदनशील स्पेशल ब्रांच-1 में भेज दिया गया, जिसका प्राथमिक कार्य राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुफिया सूचना एकत्र करना है. यह एक उपायुक्त के माताहत काम करती है जिन्हें विभाग की ओर से एकत्र सूचनाओं को मुख्यमंत्री को ब्रीफ करने की शक्ति होती है.   

क्या इसमें आतंकवाद का ऐंगल है? 

1 मार्च को मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर अंबानी को धमकी देने वाला एक संदेश प्रकट हुआ जिसे कथित तौर पर कम चर्चित आतंकी संगठन जैश उल हिंद ने भेजा था. एनआइए को इसमें अभी आतंकवाद वाले ऐंगल का कोई तथ्य हाथ नहीं लगा है. टेलीग्राम संदेश जांच भटकाने का तरीका हो सकता है. यह निष्कर्ष दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की तरफ से एनआइए को दी गई सूचनाओं पर आधारित है.  

क्या इससे एमवीए के स्थायित्व पर असर पड़ेगा? 

वाझे की गिरफ्तारी ने एमवीए को कठघरे में खड़ा कर दिया है. महाराष्ट्र के गृह मंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख ने 14 मार्च को दुर्घटनावश यह माना कि मनसुख हिरेन की हत्या हुई. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “दोनों मामलों-विस्फोटक लदी कार और हिरेन हत्याकांड- की जांच एनआइए कर रही है.” एनआइए केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है. शिव सेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि यह जांच सरकार को अस्थिर करने के लिए हो रही है. विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दारेकर ने वाझे के नार्को एनालिसिस टेस्ट की मांग की है ताकि केस के मास्टरमाइंड का पर्दाफाश हो सके. 12 मार्च को इस केस पर ठाकरे से चर्चा के लिए अचानक दिल्ली से मुंबई पहुंचे पवार ने मामले को हल्के में लेते हुए कहा कि यह एक लोकल मामला है.

अनुवाद: मनीष दीक्षित

***

ADVERTISEMENT
Advertisement