scorecardresearch
डार्क मोड

इस साल आपकी सैलरी में कितनी बढ़ोत्तरी हो सकती है? किस सेक्टर में हालत खराब?

कई जॉब कंसल्टेंसी और मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्मों ने भारत में नौकरीशुदा लोगों की सैलरी में इस साल होने वाली बढ़ोतरी को लेकर अनुमान जारी किए हैं

2024 में कितना बढ़ सकता है आपका वेतन? आईटी सेक्टर में चिंता क्यों?
2024 में कितना बढ़ सकता है आपका वेतन? आईटी सेक्टर में चिंता क्यों?
अपडेटेड 23 जनवरी , 2024

एक तरफ भारतीय शेयर बाजार में उछाल है और अर्थव्यवस्था को लेकर अच्छे प्रोजेक्शन हो रहे हैं तो दूसरी तरफ वैश्विक अनिश्चितताएं और महंगाई का डर सता रहा है, लेकिन इन दोनों के बीच वो समय आने वाला है जिसका सीधा असर एंप्लॉई की पॉकेट पर पड़ता है- अप्रेजल. इस बार किस सेक्टर की कंपनी कैसा अप्रेजल दे सकती है इसे लेकर लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया है.

जॉब कंसल्टेंसी कंपनी एडेको इंडिया में जनरल स्टाफिंग के डायरेक्टर मनु सहगल कहते हैं, “कुल मिलाकर, बाजार में 2023 जैसा ट्रेंड ही देखने को मिल सकता है, जो 6 से 9.5 फीसदी की सीमा में होगा. इंडस्ट्री, एक्सपीरियंस और स्किल जैसे फैक्टर्स के आधार पर इसमें उतार-चढ़ाव हो सकता है."

मैनेजमेंट कंसल्टिंग कंपनी कॉर्न फेरी के इंडिया कंपनसेशन सर्वे के अनुसार, भारतीय कंपनियों में 2024 में औसत वेतन वृद्धि 9.7 फीसदी रह सकती है, जो 2023 की 9.5 फीसदी से थोड़ी सी ज्यादा होगी. रिपोर्ट के अनुसार, फाइनेंशियल सर्विस (10%), हेल्थ सेक्टर (9.5%), आईटी कंपनियां (10%) और रीटेल सेक्टर (10%) में ठीक-ठीक बढ़ोतरी हो सकती है. 

एचआर और रिक्रूटमेंट फर्म 'टीमलीज सर्विसेज' के CEO कार्तिक नारायण कहते हैं कि भारत के नजरिए से देश में इंफ्लेशन लगभग 6-7 फीसदी होने के चलते 9-10 फीसदी की बढ़ोतरी नाममात्र है. इस तरह, 10 फीसदी वेतन वृद्धि के साथ भी, कर्मचारियों को तकनीकी रूप से 3-4 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी ही मिलेगी. 

हालांकि, भारत के बड़े बाजार में हर सेक्टर के अलग-अलग प्रदर्शन को देखते हुए, वेतन वृद्धि की दर एक समान होने की उम्मीद नहीं है. नारायण का कहना है कि यूरोप के बाजारों से मांग घटने के कारण आईटी सेक्टर को मंदी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा, स्टार्ट-अप्स में फंडिंग रुकी हुई है. कंपनियां मुनाफा कमाने पर ध्यान दे रही हैं. इसके विपरीत, BFSI (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा) सेक्टर बढ़ रहा है, क्योंकि अर्थव्यवस्था फॉर्मल हो रही है, और इंफ्रास्ट्रक्चर में सरकारी खर्च बढ़ा है.

कंपनियों का ध्यान कॉस्ट मैनेजमेंट पर होने के बावजूद टॉप परफॉर्मर्स को अच्छी खासी हाईक मिल सकती है. इंडिया कंपेंसेशन सर्वे के अनुसार 2023 में कंपनियों ने उम्मीदों पर खरा उतरने वाले कर्मचारियों की तुलना में टॉप परफॉर्मेंस देने वाले कर्मचारियों की सैलरी 60 फीसदी तक बढ़ाई थी. 

डेलॉइट इंक्रीमेंट ट्रेंड्स ने भी एक सर्वे किया है जिसमें अलग-अलग सेक्टर के लिए अलग-अलग भविष्यवाणियां की गई हैं. इस सर्वे में कुल 160 कंपनियों को शामिल किया गया. सर्वे से पता चला कि विनिर्माण उद्योग पिछले साल की तुलना में 40 बेसिस प्वाइंट्स की वृद्धि के साथ 10% की वेतन वृद्धि का अनुमान लगा रहा है, जबकि 2023 में ये आंकड़ा 9.6% था. सर्विस सेक्टर में 2023 में 9.1% की वृद्धि देखने को मिली थी जो 2024 में 9.5% हो सकती है. 

ADVERTISEMENT
Advertisement