scorecardresearch
डार्क मोड

सुशांत, रिया और मदद का एक मामला

अदालत के समक्ष अपने आवेदन में रिया ने कहा कि आपराधिक अभियोजन और मीडिया ट्रायल के नतीजतन उनके करियर को काफी झटका लगा और उन्हें वित्तीय नुक्सान भी हुआ है.

शिकंजे में : रिया चक्रवर्ती सितंबर 2020 में मुंबई के एनसीबी दफ्तर में
शिकंजे में : रिया चक्रवर्ती सितंबर 2020 में मुंबई के एनसीबी दफ्तर में
अपडेटेड 13 जून , 2022

आर्यन खान मामले में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जांच के नाकाम होने के बाद, समीर वानखेड़े की देखरेख वाला एक और हाइ-प्रोफाइल मामला—जून 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या—भी जांच के दायरे में आ गया है.

एनसीबी ने मार्च 2021 में सुशांत की गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक तथा अगिसिलास डेमेट्रियड्स समेत 32 अन्य लोगों के खिलाफ 12,000 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है. डेमेट्रियड्स अभिनेता अर्जुन रामपाल के साले हैं. इसका ट्रायल शुरू होना बाकी है. 

एनसीबी का दावा है कि नवंबर 2019 में सांताक्रूज में रिया चक्रवर्ती के आवास पर सुशांत के लिए मारिजुआना का एक पैकेट पहुंचाया गया था. एजेंसी का दावा है कि चक्रवर्ती ड्रग सिंडिकेट की सदस्य हैं क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर उसके लिए भुगतान किया था और सुशांत तक उसे पहुंचाया था और उसके सेवन में सहायता प्रदान की थी. 

चक्रवर्ती के वकील सीतश मानशिंदे एनसीबी के दावे को खारिज करते हैं और उनका दावा है कि एजेंसी किसी भी तरह से उनके मुवक्किल को इस मामले में फंसाना चाहती है. वे कहते हैं, ''इन 33 आरोपियों के पास से बरामद 'मादक पदार्थ’ की पूरी मात्रा मुंबई पुलिस के एक कांस्टेबल की ओर से किसी सड़क पर की गई छापेमारी में मिलने वाली मात्रा के सामने भी कुछ भी नहीं है.’’

रिया और शौविक, दोनों फिलहाल जमानत पर हैं, लेकिन उन्हें सितंबर, 2021 में 28 दिनों तक जेल में रहना पड़ा. एनडीपीएस अदालत ने रिया को एक अवॉर्ड शो में अबू धाबी जाने के लिए अनुमति प्रदान की, लेकिन अभी भी उनके खिलाफ एक लुकआउट नोटिस होने की वजह से वे आखिरकार वहां नहीं जा सकीं. अदालत के समक्ष अपने आवेदन में रिया ने कहा कि आपराधिक अभियोजन और मीडिया ट्रायल के नतीजतन उनके करियर को काफी झटका लगा और उन्हें वित्तीय नुक्सान भी हुआ है.  

सीबीआइ (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने भी जांच की कि राजपूत की मौत आत्महत्या थी या हत्या. उसने रिया की भूमिका की भी जांच की और यह भी कि क्या सुशांत ने उनके खाते में 15 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए थे, जैसा कि राजपूत के परिवार ने दावा किया था. एजेंसी ने दिसंबर 2021 में अपनी जांच पूरी कर ली थी, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी उसने अभी तक अपने नतीजे पेश नहीं किए हैं. शायद अब कुछ तेजी आए.

ADVERTISEMENT
Advertisement