अगर आप खरीदारी करने बाजार, शॉपिंग कॉम्पलेक्स या मॉल में जाएं तो योग के लिए जरूरी मैट और ड्रेस का एक हिस्सा (सेक्शन) अलग से जरूर दिख जाएगा. जून 2015 से पहले शायद ही ऐसी झलक देखने को मिलती थी. लेकिन बीता साल भारत की इस अमूल्य देन को वैश्विक पटल पर वापस लाने वाला रहा, जब दुनिया ने योग को खुले मन से स्वीकार किया और 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित हुआ. ऐसा पहली बार हुआ कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इतनी तेजी से भारत के प्रस्ताव को स्वीकार किया और 193 सदस्य देशों ने मंजूरी दी. रिकॉर्ड 177 देश योग दिवस के सह प्रायोजक बने. इससे पहले योग दिवस छोटे पैमाने पर सहूलियत के हिसाब से अलग-अलग तारीखों में कुछ योग गुरु अपनी संस्थाओं में मनाते थे.
हालांकि इस अभियान की शुरुआत 27 सितंबर 2014 को ही हुई थी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा था, “योग भारतीय पुरातन परंपरा की अमूल्य देन है. यह सिर्फ व्यायाम भर नहीं बल्कि अपने आपसे, विश्व और प्रकृति से तादात्म्य का माध्यम है. इसके जरिए जीवन शैली में बदलाव लाकर हम जलवायु परिवर्तन से लडऩे में मददगार बनेंगे. आइए, हम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की दिशा में आगे बढ़ें.” उनकी इस अपील का व्यापक असर हुआ और 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने भारत के इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी. इसके बाद 21 जून 2015 को दुनिया भर में पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया. भारत की राजधानी दिल्ली के राजपथ पर इसके लिए भव्य आयोजन किया गया जिसमें प्रधानमंत्री मोदी समेत 35,985 लोगों ने शिरकत की. 84 देशों के प्रतिनिधि भी इस आयोजन के साक्षी बने. राजपथ पर 35 मिनट तक चले इस समारोह में 21 योगासन किए गए. इस आयोजन को गिनेस वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दो श्रेणियों में पुरस्कृत भी किया. केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने देशभर में एनजीओ को चुनकर एक-एक लाख रु. की सहायता दी ताकि आयोजन को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके. इसी साल के आखिर में गूगल ने भी भारत और दुनिया में योग का प्रचार प्रसार करने वाले गुरु बी.के.एस. अयंगर को उनकी जयंती के मौके पर 14 दिसंबर को अपना डूडल बनाया.
लेकिन योग को वैश्विक स्तर पर पुनर्स्थापित कर उसके प्रणेता बने भारत में विवाद भी जमकर हुआ. शुरुआत में विवाद पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव के राजपथ के कार्यक्रम में बुलाए जाने को लेकर हुआ. हालांकि रामदेव ने इसमें शिरकत की और मंच पर भी उन्हें जगह मिली. मोदी सरकार ने इसे सफल बनाने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर को अमेरिका भेजा. लेकिन भारत में योग दिवस का विवाद मजहबी हो गया. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने योग के सूर्य नमस्कार आसन का विरोध करते हुए हिंदू एजेंडा करार दे दिया. आरोप यहां तक लगा कि मोदी सरकार ने संघ के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पहल की है. लेकिन विवादों की वजह से इस आसन को समारोह से बाहर रखा गया. योग दिवस के भव्य आयोजन से ठीक पहले 21 जून की तारीख के चयन पर भी सवाल उठे. आरोप लगाए गए कि मोदी सरकार ने संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को सम्मान देने के मकसद से ही इस तारीख को चुना है क्योंकि इसी दिन हेडगेवार की पुण्य तिथि भी मनाई जाती है. लेकिन बाद में सप्ष्ट हुआ कि 21 जून साल का सबसे बड़ा दिन होता है इसलिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए इस तारीख का चुनाव किया गया है.
भारत के लिए भी विडंबना ही थी कि योग का जन्मदाता देश इस मामले में पिछड़ा हुआ था, जबकि अमेरिका में योग का कारोबार 27 अरब डॉलर का हो चुका है. अब भारत इसे स्वस्थ भारत की कल्पना को साकार करने और इंडस्ट्री का रूप देने में आगे बढ़ रही है. योग के सफल आयोजन के अगले दिन ही केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने योग को छठी कक्षा से स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने का ऐलान कर दिया. सरकार की ओर से केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाईक ने अपने मकसद का इजहार यों किया, “यह यूनिवर्सल हेल्थ केयर की दिशा में एक शुरुआत है. अगर हम योग को ठीक तरीके से जन-जन तक ले जा सकें तो हमारा स्वास्थ्य बजट भी कम हो जाएगा.”
यानी 2016 में सरकार इसे और व्यापक बनाने की ओर बढ़ रही है. देश में छह केंद्रीय संस्थान भी स्थापित हो रहे हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से जोडऩे की पहल चल रही है. बीता साल योग को मुख्यधारा में लाने वाला रहा तो आने वाले साल 2016 में भारत भी एक योग इंडस्ट्री के रूप में विकसित होगा जिससे प्रशिक्षित और कुशल मैन पावर बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
सुर्खियों के सरताज 2015: घर-घर योगी
2015 में भारतीय योग सुर्खियों में रही और इसे अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा भी मिली.

अपडेटेड 30 दिसंबर , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
