scorecardresearch
डार्क मोड

इंडिया टुडे ग्रुप-एमडीआरए सर्वेक्षण: आइआइएम से आगे भी है जिंदगी

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट का शीर्ष पर कब्जा बरकरार है लेकिन प्राइवेट स्कूल भी तेजी से ऊपर बढ़ रहे हैं और उनमें से कई ने तो टॉप-20 में जगह बना ली है.

अपडेटेड 24 नवंबर , 2015

अपना कारोबार खड़ा करने और कारोबारी नेतृत्व का ख्वाब देखने वाले लाखों छात्रों के लिए मैनेजमेंट की शिक्षा हासिल करना गर्व की बात होती है. इसी बात ने 30 वर्षीया आकांक्षा सेठी को भी बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स करने के लिए प्रेरित किया. वे अपने सात साल पत्रकारिता में बिता चुकी थीं. वे बताती हैं, “मैं हमेशा से अकादमिक रुझान रखती थी और आगे पढऩा चाहती थी. मैं जब 30 साल की हुई तो मेरे माता-पिता मेरी शादी कर देना चाहते थे लेकिन मैं अपना करियर बनाना चाहती थी और दो साल एमबीए में बिताने का भी कोई मतलब नहीं बनता था. तब मैंने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आइएसबी, हैदराबाद) में एक साल के पाठ्यक्रम में दाखिला लेने का फैसला लिया.”

एमबीए के पाठ्यक्रम मोटे तौर पर छात्रों की ज्ञानात्मक क्षमताओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाए जाते हैं. तकरीबन हर बड़े बिजनेस स्कूल में दाखिले का एक ही रास्ता होता है, कैट की परीक्षा पास करना और उसमें गणित और साइंस से जुड़े ज्ञान की विशेष जांच की जाती है. सेठी का उदाहरण बताता है कि बिजनेस स्कूलों की तस्वीर धीरे-धीरे कैसे बदल रही है, जहां परंपरागत रूप से इंजीनियरिंग या फाइनेंस की पृष्ठभूमि वाले छात्रों को ही तरजीह दी जाती रही है. सेठी ने पत्रकारिता में करियर के बाद वन प्र्रबंधन में डिग्री लेकर अलग किस्म की योग्यता हासिल कर ली. आज बिजनेस स्कूल और भर्तियां करने वाले अफसर दरअसल ऐसे ही विविध कौशल वाले कर्मचारियों की तलाश में हैं. उनकी यही कोशिश रहती है कि अलग-अलग क्षेत्रों और अनुभवों से आने वाले लोगों को ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें.

सेठी 700 छात्रों के जिस बैच में थीं, उसमें उन्हें मिलाकर 30 साल से ज्यादा उम्र के सिर्फ तीन लोग थे. आज वे मुंबई की एक स्ट्रेटजी कंसल्टेंट कंपनी पार्थेनान में नौकरी कर रही हैं. वे कहती हैं, “कुछ कंपनियों ने मुझे प्लेसमेंट के दौरान शॉर्टलिस्ट नहीं किया. ऐसी कंपनियां सामान्य तौर पर इंजीनियरों को ही अपने यहां रखती हैं. आदित्य बिड़ला समूह जैसी कुछ पुरानी कंपनियों ने हालांकि मुझमें दिलचस्पी ली और इनमें मैंने आखिरी राउंड तक निकाला.”

आज आप चाहें तो अपनी पसंद के किसी भी इंस्टीट्यूट से कुछ लाख रुपए खर्च कर एमबीए कर सकते हैं या फिर कुछ हजार रु. में इंटरनेट से भी यह डिग्री हासिल कर सकते हैं, लेकिन याद रखें कि किसी इंस्टीट्यूट की विश्वसनीयता वहां मौजूद फैकल्टी, उसके पाठ्यक्रम और प्लेसमेंट रिकॉर्ड जैसी चीजों पर निर्भर करती है. कंपनियां बेस्ट बिजनेस स्कूलों से छात्रों को अपने यहां रखने की होड़ में इसीलिए लगी रहती हैं, क्योंकि उनका अपना तजुर्बा होता है कि टॉप इंस्टीट्यूट से आने वाले छात्र वास्तविक जिंदगी की समस्याओं से निबटने के लिए अपेक्षाकृत ज्यादा तैयार होते हैं.

इस साल इंडिया टुडे ग्रुप और एमडीआरए के भारत के 269 बेस्ट बिजनेस स्कूलों के सर्वे में यह बात सामने आई है कि फिलहाल बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करने का यह सबसे अच्छा मौका है, खास तौर पर अगर आप किसी बढिय़ा बिजनेस स्कूल में दाखिला ले लें. बदलाव ङ्क्षजदगी का ऐसा सच है जो कभी नहीं बदलता, लेकिन कुछ इंस्टीट्यूट ऐसे हैं जो साल दर साल रैंकिंग के मामले में अपनी जगह बरकरार रखे हुए हैं. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट-अहमदाबाद (आइआइएम-ए) एक बार फिर देश का बेस्ट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट बनकर उभरा है. 2003 से यह इंस्टीट्यूट लगातार पहले पायदान पर कायम है. कुछ ऐसे इंस्टीट्यूट हैं जो अपनी रैंकिंग में लगातार सुधार कर रहे हैं. इन्हीं में एक है मुंबई का एसपी जैन इंस्टीट्यूट ऑफ  मैनेजमेंट ऐंड रिसर्च जो पिछले साल के मुकाबले एक पायदान ऊपर चढ़कर 2015 में चौथे स्थान पर पहुंच गया है. यह इंस्टीट्यूट 2013 में सातवें स्थान पर था. इसी तरह गुडग़ांव का मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट इस बार पांचवें नंबर पर है जबकि 2014 में यह छठे और 2013 में आठवें स्थान पर था.

कुछ प्रतिष्ठित संस्थान इस सूची से इसलिए छूट गए हैं क्योंकि उन्होंने या तो सर्वे में हिस्सा नहीं लिया (आइआइएम बेंगलूरू और आइआइएम लखनऊ) या फिर अपने आंकड़े समय रहते जमा नहीं किए. अव्वल संस्थानों में एक समान बात यह पाई गई है कि कैंपस प्लेसमेंट के मामले में इन सभी का प्रदर्शन बढिय़ा रहा है.
परंपरागत नियोक्ताओं जैसे बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र और कंसल्टिंग के अलावा सर्वे में पाया गया है कि न सिर्फ फाइनेंस, प्राइवेट इक्विटी और वेंचर कैपिटल फर्में बिजनेस स्कूलों से छात्रों को ले रही हैं बल्कि अब इंटरनेट और ई-कॉमर्स तथा टेक्नोलॉजी कंपनियां भी इन इंस्टीट्यूट का रुख कर रही हैं. शीर्ष बी-स्कूलों में प्लेसमेंट के आखिरी राउंड में इस बार फ्लिपकार्ट, अमेजॉन, ओलाकैब्स, क्विकर, स्नैपडील और उबर अहम नियोक्ता थे जिन्होंने परंपरागत नियोक्ताओं के मुकाबले 25 फीसदी ज्यादा पैसे दिए. इसके अलावा प्रत्येक क्षेत्र में काम और भूमिकाओं का भी विस्तार हुआ है. मसलन, इंटरनेट और ई-कॉमर्स में पुरानी भूमिकाओं जैसे प्रोडक्ट मैनेजर, कैटेगरी मैनेजर और अकाउंट मैनेजर के अलावा अब डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिसिस, ऑपरेशंस और सप्लाइ चेन के भी नए रास्ते खुल गए हैं.

संस्थानों से इस बार निकलने वाले छात्रों को मोटा वेतन मिला है. आइआइएम-ए के छात्रों को मिलने वाला औसत वेतन पिछले साल के वार्षिक 18 लाख रु. से बढ़कर 20 लाख रु. तक पहुंच गया है. कुछ इंटरनेट और ई-कॉमर्स कंपनियां तो 28-29 लाख रु. सालाना के पैकेज की भी पेशकश कर रही हैं. एक साल की डिग्री देने वाले एमबीए संस्थानों की हमारी सूची में दूसरे पायदान पर स्थित आइएसबी, हैदराबाद के डीन अजित रंगनेकर बताते हैं, “कंसल्टिंग, फाइनेंस, एफएमसीजी जैसे परंपरागत क्षेत्रों ने तो नियुक्ति जारी रखी ही है पर असली उछाल ई-कॉमर्स के क्षेत्र से देखने में आया है.”

आइआइएम-ए के मामले में पिछले बैच के छात्रों का पांचवां हिस्सा ई-कॉमर्स के क्षेत्र में चला गया. इनकी प्रेरणा अमित लखोटिया जैसे छात्र रहे हैं जो आज पेटीएम कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट (बिजनेस) हैं. लखोटिया ने 2007 में जब आइआइएम-ए से पढ़ाई पूरी की, तो उनके पास चुनने के लिए कई विकल्प मौजूद थे लेकिन उनके लिए ऐसा माहौल जरूरी था जहां विचारों को लागू किया जा सके और एक ऐसा माहौल बनाया जा सके जहां लोगों के पास मौके पहले से ज्यादा हों. इस लिहाज से आइआइएम-ए से निकलने के बाद के उनके सभी प्रयास और काम उद्यमिता की श्रेणी में आते हैं. वे कहते हैं, “मैं उनमें से हूं जो बनाना चाहते हैं, रचना चाहते हैं. इसके लिए आपको आजादी और स्पेस होना चाहिए. किसी बड़े इंस्टीट्यूट में यह हासिल करना मुश्किल होता है.”

आइएसबी के संस्थापकों में से एक प्रमथ राज सिन्हा इस बात पर चिंता जताते हैं कि भारत में बिजनेस स्कूलों के दायरे में पर्याप्त नया काम नहीं हुआ है और मैनेजमेंट की शिक्षा यहां समय के साथ कदमताल कर पाने में नाकाम रही है. वे कहते हैं, “लोग नियुक्तियां तो कर रहे हैं लेकिन जरूरत और उपलब्ध प्रतिभाओं के बीच मेल कायम नहीं हो सका है.” सिन्हा ने 18 महीने का अब भी फुलटाइम रेजिडेंशियल पोस्टग्रेजुएट सर्टिफिकेट कार्यक्रम वेदिका स्कॉलर्स प्रोग्राम शुरू किया है. यह कोर्स वेदिका फाउंडेशन और श्री अरबिंदो सेंटर फॉर आर्ट्स ऐंड कम्युनिकेशन मिलकर कराते हैं. इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को मैनेजमेंट कार्यक्रमों का हिस्सा बनाना है.
नियुक्तियों के नजरिए से भी अब बदलाव आया है. पहले जो परंपरागत साक्षात्कार और ग्रुप डिस्कशन होते थे, उनमें अब गेक्वस सिमुलेटिंग केस स्टडीज को भी छात्रों को शॉर्टलिस्ट करने की प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है.

हृड्डह्वद्मह्म्द्ब.ष्शद्व के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आरिफ पार्कर अपने यहां नियुक्ति करते समय ऐसे लोगों की तलाश में रहते हैं जिनके पास संचार और नेतृत्व कौशल, विश्लेषणात्मक सोच, समस्याओं का समाधान करने की कुव्वत हो. वे बताते हैं, “आज उम्मीदवार कहीं ज्यादा जानकार और साफ सोच वाले होते हैं. वे उद्यमी होते हैं और तेजी से तरक्की पाने की ख्वाहिश रखते हैं.” पार्कर बिजनेस स्कूल से अपने लिए छात्रों को चुनने में उसके पूर्व छात्रों के नेटवर्क को भी संज्ञान में लेते हैं. एक्सिस बैंक के राजकमल वेमपति भी ऐसे लोगों की तलाश में रहते हैं जिनके पास नेतृत्व क्षमता हो और जो बड़ी टीमों के साथ काम कर सकें. वे कहते हैं, “ ज्ञान के अलावा भावनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल भी आने वाले दिनों में अहम होगा.”

बिजनेस स्कूलों में छात्र अब नए दौर के क्षेत्रों को ज्यादा से ज्यादा चुन रहे हैं जहां अच्छा वेतन मिलता है. ऐसे में परंपरागत क्षेत्रों को उम्मीदवारों आकर्षित करने और अपनी प्रतिभाओं को संजोए रखने के लिए नए रास्ते और तरीके खोजने होंगे. एक्सिस बैंक एक ऐसा प्रोग्राम चलाता है जिसमें नए रंगरूटों को इंस्टीट्यूट के शीर्ष कर्मचारियों के साथ काम करने का मौका मिलता है. इसके लिए वहां एक रोटेशन प्रणाली लागू है जिसमें नए कर्मचारियों को अलग-अलग कार्यों में बारी-बारी से लगाया जाता है. बैंक ने मिड लेवल लीडरशिप में महिलाओं को भूमिका देने के लिए आइएसबी के साथ गठजोड़ किया है.

परंपरागत क्षेत्रों के मुकाबले नए दौर के क्षेत्रों में नियुक्तियों की मांग के कारण 2013-15 बैच में कई स्कूलों में नियुक्तियों की दर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. मसलन, आइआइएम-कोलकाता में प्लेसमेंट की प्रक्रिया ढाई दिन में ही निबट गई जबकि सामान्यतः इसमें एक हक्रता लगता है. एमडीआइ में सारे छात्रों की प्लेसमेंट तीन दिन में हो गई और हालत यह हो गई कि 60 कंपनियां अब भी बची थीं जिनके पास रखने को छात्र ही नहीं बचे थे.

एसपी जैन इंस्टीट्यूट के डीन रंजन बनर्जी कहते हैं, “ई-कॉमर्स वृद्धि का अहम संचालक रहा है और आने वाले दिनों में भी यह ऐसे ही रहेगा, लेकिन मेरे क्चयाल से वृद्धि के अगले चरण में वे क्षेत्र दूसरों से बीस बैठेंगे जहां टेक्नोलॉजी और फाइनेंस के बीच समन्वय होगा.” वे मोबाइल वॉलेट, पेमेंट बैंक और लघु वित्त बैंकों की मिसाल देते हैं जो आने वाले दिनों में अच्छी प्रतिभाओं की तलाश में बी-स्कूलों का रुख करेंगे.

नए दौर के इंटरनेट केंद्रित कारोबारों में यह साफ है कि एनालिटिक्स की भूमिका बढ़ेगी और बी-स्कूल इसके लिए कमर कस रहे हैं. टॉप बी-स्कूल इलेक्टिव पेपर में भी बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हैं. 2013-14 में एक्सएलआरआइ ने इकोनॉमेट्रिक्स के इलेक्टिव पेपर में बदलाव कर के अप्लाइड इकॉनोमेट्रिक्स फॉर मैनेजर्स कर दिया और ई-बिजनेस नाम के इलेक्टिव पेपर को इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजनेस ऐंड मार्केटिंग पेपर बना दिया. इसी तरह मार्केटिंग में रूरल मार्केटिंग के पर्चे को बदल कर मार्केटिंग इन इमर्जिंग इकोनॉमीज कर दिया गया.
बिजनेस स्कूलों की तस्वीर बदल रही है, पर भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्था की जरूरतों को पूरा करने के लिए रफ्तार और बढ़ानी होगी.
(साथ में ई. कुमार शर्मा)

ADVERTISEMENT
Advertisement