scorecardresearch
डार्क मोड

दबाव से उबरने की कोशिश

बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व किस तरह दबाव में है इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि विधानसभा के हिसाब से हर छोटे-बड़े मुद्दे और चुनाव के लिए जरूरी संसाधनों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद निगाह रखे हुए हैं.

अपडेटेड 2 नवंबर , 2015

पटना के एक दशहरा पंडाल में बीजेपी की रणनीति से जुड़े एक वरिष्ठ नेता  के चेहरे पर उस वक्त चिंता की लकीरें उभर आईं, जब उनके जानने वालों ने कहा, ''भैया मेहनत करिए, ऐसा लग रहा है कि लालू जी सत्ता में आ जाएंगे.'' इस नेता के जेहन में फौरन यह सवाल घुमडऩे लगा कि दो चरण के मतदान के बाद ही जनता में ऐसा संदेश कैसे चला गया और अब इससे कैसे निपटा जाए?

बीजेपी के एक वरिष्ठ रणनीतिकार बताते हैं, ''पहले चरण के चुनाव के बाद महागठबंधन ने ऐसा माहौल बना दिया कि लड़ाई एकतरफा हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण के बाद दशहरे की लंबी छुट्टी के दौरान नीतीश-लालू ने प्रधानमंत्री की रैली रद्द होने को बेवजह मुद्दा बना दिया.''

लेकिन दशहरे के मौके को पार्टी ने घर-घर सघन जनसंपर्क में लगाया और विजयादशमी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिनों तक ताबड़तोड़ रैलियां कराकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की. साथ ही प्रचार की रणनीति में बदलाव किया. पहले दो चरण में लालू प्रसाद यादव और जंगलराज के मुद्दे पर हमलावर मोदी ने तीसरे चरण के मतदान से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अहंकारी बाबू और तांत्रिक से हुई उनकी मुलाकात के मुद्दे पर सीधा निशाना साधा. बिहार चुनाव को लेकर बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व किस तरह दबाव में है इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि विधानसभा के हिसाब से हर छोटे-बड़े मुद्दे और चुनाव के लिए जरूरी संसाधनों पर प्रधानमंत्री मोदी खुद निगाह रखे हुए हैं.

हालांकि आरक्षण के मुद्दे पर संघ प्रमुख मोहन भागवत का बयान बिहार में बीजेपी के गले की फांस बना हुआ है. इस मुद्दे पर लालू की ओर से की गई उस टिप्पणी के जवाब में कि कोई माई का लाल आरक्षण को नहीं हटा सकता, प्रधानमंत्री को भी उसी अंदाज में जवाब देना पड़ा कि उनके जिंदा रहते एससी-एसटी आरक्षण से कोई छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी.

रणनीतिक बदलाव का असर बीजेपी पर दिखने लगा है. बिहार बीजेपी के चुनाव सह प्रभारी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान कहते हैं, ''तीसरे और चैथे चरण की 105 सीटों पर मुकाबला एकतरफा है. तीसरे चरण की वोटिंग ने हमारे लिए सत्ता की नींव तैयार कर दी है तो चौथे चरण के बाद हमारी सरकार बन जाएगी.'' बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा इस टिप्पणी में आगे जोड़ते हैं, ''पांचवां चरण आते-आते महागठबंधन विपक्ष के नेता की लड़ाई लड़ेगा.''

हालांकि बीजेपी मान रही है कि दोनों गठबंधनों की ताकत सामाजिक लिहाज से 30 से 35 फीसदी के बीच है, लेकिन इसमें अति पिछड़ा वर्ग निर्णायक साबित हो सकता है. इसलिए पार्टी छोटे-छोटे पॉकेट के हिसाब से उस समाज के नेताओं को तरजीह दे रही है. पहले चरण की 49 सीटों में बीजेपी का अपना आकलन 24 सीटों का है जबकि दूसरे चरण की 32 सीटों में से वह 16 से 22 सीटें मिलने का दावा कर रही है. यानी शुरुआती दो चरणों में बीजेपी खुद यह मान रही है कि नीतीश-लालू गठबंधन भारी पड़ा है. लेकिन बीजेपी की उम्मीदों को उड़ान मिली है तीसरे चरण के मतदान से जहां लोकसभा के मुकाबले 3 फीसदी ज्यादा वोट पड़े हैं और यह क्षेत्र संगठनात्मक लिहाज से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है. तीसरे चरण की 50 सीटों में से कम से कम 32 से 35 सीटें मिलने का पार्टी को अनुमान है. बीजेपी का मानना है कि दूसरे चरण के चुनाव में एनडीए के सहयोगी जीतनराम मांझी का फायदा मिला तो तीसरे चरण में एलजेपी सुप्रीमो रामविलास पासवान का. इस चरण में करीब 8 फीसदी के आसपास दलित मतदाता थे. तीसरे और चौथे चरण को ही बीजेपी सत्ता की लड़ाई मान रही है.

लोकसभा चुनाव के मतदान के पैटर्न के मुताबिक इन दो चरणों की कुल 105 सीटों में एनडीए को 45 फीसदी तो लालू-नीतीश-कांग्रेस को अलग-अलग मिले वोटों को जोड़कर भी 38 फीसदी वोट मिले थे. बीजेपी के एक नेता कहते हैं, ''इन क्षेत्रों में अगर बीजेपी का वोट कुछ कम भी रहे और महागठबंधन अपना सौ फीसदी वोट हस्तांतरित कर ले तो भी पार्टी 90 सीटें तक जीत सकती है.''

बीजेपी अभी भी विकास को अपना एकमात्र एजेंडा बता रही है और उसकी दलील है कि बिहार के 58 फीसदी युवा वोटरों को चुनाव विश्लेषक जाति समूह में ही जोड़ देते हैं. जबकि युवा वर्ग मुद्दों पर वोट करेगा. इस दलील में बीजेपी अपना फायदा देख रही है, लेकिन उसके रणनीतिकार भी यह मानते हैं कि मुकाबला बेहद कड़ा है और महज दो फीसदी वोटों का अंतर किसी भी गठबंधन की सत्ता के अंकगणित में उलटफेर कर सकता है.

ADVERTISEMENT
Advertisement