scorecardresearch
डार्क मोड

धर्मांतरण की धमकी: “...अब हमें नहीं रहना हिंदू”

नाउम्मीदी के शिकार लोगों ने केंद्र में दक्षिणपंथी विचारधारा की सरकार को बनाया हथियार, धर्मांतरण बना विरोध का तरीका.

अपडेटेड 6 अक्टूबर , 2015

“हम हिंदू हैं, देश में हिंदुवादी सरकार है. अगर सरकार हमें अधिकार नहीं दे सकती, तो हिंदुत्व का मुद्दा बंद कर दे. अब हम हिंदू धर्म को छोड़कर ईसाई धर्म अपना लेंगे. कम से कम ईसाई धर्म में हमारे बच्चों को मुफ्त स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधा तो मिल जाएगी.”

हताशा और गुस्से से भरा यह स्वर मध्य प्रदेश के अतिथि विद्वान महासंघ के वरिष्ठ संरक्षक डॉ. अमिताभ मिश्र का है, जो लंबे समय से शासकीय महाविद्यालयों में बतौर गेस्ट काम कर रहे करीब 4,000 प्राध्यापकों को स्थायी करने की लड़ाई लड़ रहे हैं. लेकिन ऐसे सुर सिर्फ नौकरियों के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़े मामले में भी तेजी से उभर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिंघावली-अहीर स्थित तितरौदा गांव के एक ब्राह्मण परिवार की लड़की पड़ोस के दलित परिवार के लड़के के साथ चली गई तो ब्राह्मण समाज ने अपहरण का आरोप लगाते हुए प्रशासन को धमकी दे दी कि अगर लड़की को सकुशल वापस नहीं लाया गया तो इलाके के सभी ब्राह्मण परिवार मुसलमान बन जाएंगे. ऐसी मांगों की फेहरिस्त यहीं खत्म नहीं होती, पिछले एक साल में आधा दर्जन से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें लोगों ने इस्लाम को अपनाने की धमकी दी है.

बागपत में धर्मांतरण की धमकीअप्रैल माह में ही उत्तर प्रदेश के रामपुर के 80 दलित परिवारों की अतिक्रमण की कार्रवाई से बचने के लिए इस्लाम धर्म अपनाने की धमकी का मामला तूल पकड़ गया था और इसे राज्य सरकार में नगर विकास मंत्री आजम खान से जोड़कर राजनैतिक रंग दे दिया गया था. लेकिन 10 दिन के संघर्ष के बाद प्रशासन ने वाल्मीकि बस्ती को गिराने की कार्रवाई रोक दी. इसी तरह हरियाणा के हिसार के भगाणा गांव के 100 दलित परिवारों ने दो साल के संघर्ष के बाद भी न्याय नहीं मिलने पर अगस्त माह में इस्लाम धर्म कबूल कर लिया. इसको लेकर हरियाणा से दिल्ली तक सियासी तूफान खड़ा हो गया. हिंदू संगठन अभी तक उन परिवारों को वापस हिंदू बनाने की कवायद में लगे हैं.

भले इन घटनाओं पर अभी समाज के ठेकेदारों और सरकार की गंभीरता नजर न आ रही हो, लेकिन सवाल यह है कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि लोग पारंपरिक तरीके छोड़कर विरोध का नया तरीका अख्तियार कर रहे हैं? विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव चंपत राय इसे पक्षपात और अन्याय के खिलाफ आवाज तो मान रहे हैं, लेकिन धर्मांतरण की धमकी को ब्लैकमेलिंग करार देते हैं. उनका कहना है कि इस समस्या की जड़ अल्पसंख्यक शब्द है और सरकार को इस शब्द को ही खत्म कर देना चाहिए. लेकिन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के समाजशास्त्री प्रो. आनंद कुमार इसे लोगों की चतुराई के तौर पर देखते हैं. वे कहते हैं, “आज के सत्ता प्रतिष्ठान के सामने इस्लाम और पाकिस्तान, दो ही मुद्दे रह गए हैं और हिंदू रक्षा को ही राष्ट्र रक्षा माना जाता है. उनकी इस संवेदनशीलता को लोग समझ रहे हैं, इसलिए अपनी मांग मनवाने के लिए इस तरीके को अपना रहे हैं.” उनका कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्यों में चल रही बीजेपी की सरकारों के लिए धर्म परिवर्तन ही चिंता की बात है और लोग उसी का फायदा उठाना चाहते हैं. हालांकि समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से उनकी दलील है कि कोई भी सामाजिक समूह अपने हित की रक्षा के लिए तीन रास्ते अपनाता है. एक, आवाज उठाता है, ताकि जो भी परेशानी है उससे बच सके. दूसरे, अगर बोलने से काम नहीं होता है तो विरोध पर उतरता है और तीसरे, जब कोई सुनवाई नहीं होती तो उस तंत्र से ही बाहर निकलने का रास्ता चुन लेता है.  

ओंकारेश्वर में धर्मांतरण की धमकी... तो बन जाएंगे मुसलमान
लेकिन समाज अगर तीसरे रास्ते को चुनने को मजबूर हो रहा है तो क्या उसके लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज भी जिम्मेदार नहीं है? बागपत के तितरौदा गांव की घटना गरीबी और जातिगत जकडऩ में फंसे समाज की कथित प्रतिष्ठा से ही जुड़ी है. एक ब्राह्मण परिवार की लड़की अंजू (बदला हुआ नाम) को भगाने का आरोप उसके बगल के घर में रहने वाले 20 वर्षीय अर्जुन पर लगा है, जो जाति से हिंदू जुलाहा है. हालांकि पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध था और दोनों अपनी मर्जी से गए हैं. 8 सितंबर को जब लड़की चली गई तो उसके परिजन पहले मुकदमा दर्ज कराने के मूड में नहीं थे, लेकिन समाज के ठेकेदारों ने दबाव डाला तो बात सिंघावली-अहीर थाने तक पहुंची. लड़की की दादी बताती हैं, “बिरादरी ने कहा कि हमारी बेटी वापस लाएंगे, इसलिए एफआइआर दर्ज कराई, लेकिन अब किसी का साथ नहीं मिल रहा.” अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा) के जिला महासचिव डॉ. सुधीर शर्मा कहते हैं, “हमें परिवार की नहीं, समाज की परवाह है. समाज ने तय किया है कि अगर लड़की बरामद नहीं हुई तो इलाके के 40-45 परिवारों के करीब 200 लोग इस्लाम धर्म अपना लेंगे.” उनका कहना है कि लड़की का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, इसलिए वे लोग आवाज उठाना नहीं चाहते थे. लेकिन इस्लाम धर्म ही क्यों? इस सवाल पर शर्मा की दलील है, “हिंदू समाज में बुराई बढ़ गई है. प्रेम संबंध में पड़कर युवक-युवती कोर्ट मैरिज कर लेते हैं, जिससे गांव में बदनामी होती है, क्योंकि युवा समाज और जाति की परवाह नहीं करते. इसलिए सामाजिक पतन को रोकने के लिए हम ऐसे धर्म में क्यों न चले जाएं जहां इस तरह की बुराइयों का कोई मोल नहीं, जिन्हें हिंदू समाज में गलत माना जाता है. अगर हम हिंदू धर्म में अपमानित महसूस करेंगे तो फिर इसमें रहने का क्या फायदा.” लेकिन वे कब तक प्रशासन का इंतजार करेंगे, वे कहते हैं, “जब तक प्रशासन आश्वासन देता रहेगा. अभी हम पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हैं.” लेकिन दिलचस्प पहलू यह है कि लड़की के परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं. लड़की के चाचा सुनील शर्मा का आरोप है कि 22 दिन से ज्यादा हो गए, लेकिन पुलिस जान-बूझकर कार्रवाई नहीं कर रही. हालांकि धर्म परिवर्तन के सवाल पर वे थोड़े असहज हो जाते हैं. उनका कहना है, “यह मांग हमारी ओर से नहीं हुई. हम लड़की वापस चाहते हैं.” हालांकि सिंघावली-अहीर थाना के इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव कहते हैं, “पुलिस कार्रवाई कर रही है. पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है.” लेकिन धर्मांतरण की धमकी पर वे कहते हैं, “पहले इन लोगों को लगा कि लड़का मुसलमान है, लेकिन बाद में पता चला कि वह हिंदू जुलाहा समाज से है, इसलिए वह बात वहीं खत्म हो गई.”

भोपाल में धर्मांतरण की धमकीसंस्कृत गुरु, पंडों को भी भाया इस्लाम
मुसलमान बन जाने की धमकी देने वालों में उत्तर प्रदेश के ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अंशकालिक अध्यापक के रूप में काम करने वाले संस्कृत के 3,000 शिक्षक भी हैं. इन शिक्षकों का मामला तो सीधे केंद्र की मोदी सरकार से जुड़ा है. 2004 में केंद्र सरकार ने इस स्कूल की योजना चलाई थी, जिसमें यूपी के 746 विद्यालयों में 2007 से करीब तीन हजार अंशकालिक शिक्षक काम कर रहे हैं, जिन्हें पहले 7,200 रु. मानदेय मिलता था. लेकिन यूपीए सरकार ने अपने आखिरी दिनों में उर्दू शिक्षकों का मानदेय बढ़ाकर 12,000 रु. कर दिया और संस्कृत-हिंदी के शिक्षकों का घटाकर 5,000 रु. कर दिया. इससे संस्कृत शिक्षकों का गुस्सा भड़का. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पार्ट  टाइम टीचर संघर्ष मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देश दीपक दुबे अब अपने साथियों के साथ इस्लाम धर्म कबूलने पर आमादा हो रहे हैं. दुबे बताते हैं कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद से हम लखनऊ से दिल्ली तक दौड़ लगाते-लगाते थक चुके हैं. ये लोग मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से भी मिल चुके हैं लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. इसलिए 14 सितंबर को जंतर मंतर पर इन लोगों ने नाटकीय ढंग से इस्लाम धर्म कबूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी. हालांकि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया. लेकिन यह मामला अभी शांत नहीं हुआ है. दुबे कहते हैं, “दिल्ली में पुलिस ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी के प्रतिनिधि के धर्मांतरण कार्यक्रम को जबरन रोक दिया. अब हम लोग वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के गोद लिए गांव जयापुर में जाकर धर्मांतरण करेंगे.” संकेत साफ है कि मोदी लहर पर सवार लोगों की उम्मीदें बहुत हैं, इसलिए विरोध प्रदर्शन के लिए भी वे उसी तरीके को अख्तियार कर रहे हैं, जिसे हिंदुत्व की पैरोकार बीजेपी-संघ परिवार की कमजोर नब्ज माना जाता है.

रामपुर में धर्मांतरण की धमकीलेकिन समाज में बढ़ता यह नया चलन कितनी तीव्र गति से चल रहा है, उसका अंदाजा मध्य प्रदेश के खंडवा के ओंकारेश्वर मंदिर से जुड़े 400 पंडों की ओर से इस्लाम धर्म अपनाने की धमकी से लगाया जा सकता है. ओंकारेश्वर तीर्थ पंडा संघ के अध्यक्ष पंडित नीलेश पुरोहित कहते हैं, “हम ब्राह्मण और हिंदू धर्म के ध्वजवाहक हैं. हमें भी इस तरह कहना उचित नहीं लगता कि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो हम धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल कर लेंगे... लेकिन करें क्या? आखिर बिना तमाशे के सरकार किसी की बात सुनती कहां है?” दरअसल, इस तीर्थनगरी में एक-चौथाई परिवारों की आजीविका पूजा-अभिषेक से सीधे जुड़ी हुई है. लेकिन पिछले सावन महीने में भीड़ को नियंत्रित रखने के मकसद से प्रशासन ने ज्यादा भीड़ की स्थिति में ज्योतिर्लिंग पर जल-पुष्प अभिषेक को रोक दिया, जिससे आमदनी प्रभावित हुई तो पंडे भड़क गए और इस्लाम धर्म अपनाने की धमकी दे दी. इसके बाद काफी हल्ला मचा लेकिन प्रशासन ने बातचीत से मसले को सुलझा लिया. लेकिन क्या इस तरह की धमकियां बीजेपी के शासन में आने के बाद ज्यादा कारगर हो रही हैं? आरएसएस के मालवा प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री कहते हैं, “बीजेपी को हिंदुत्व आधार वाली पार्टी माना जाता है, इसलिए हिंदू संगठनों की इससे अपेक्षाएं कुछ ज्यादा ही रहती है. लेकिन सरकार चाहे किसी दल की हो, वह संवैधानिक मर्यादाओं में ही काम करती है.”

भगाणा के लोगों ने किया धर्म परिवर्तनईसाइयत में सुरक्षित भविष्य!
कुछ लोग भले इस्लाम कबूलने को महज धमकी के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के ही अतिथि विद्वान महासंघ के करीब 1,600 प्राध्यापक एक बार फिर धर्म परिवर्तन करने के लिए अक्तूबर महीने में आंदोलन करने जा रहे हैं. इन लोगों ने ईसाई धर्म कबूलने की रणनीति बनाई है ताकि ईसाई मिशनरी की ओर से कम से कम बच्चों की शिक्षा और परिवार की स्वास्थ्य की सुविधा मुफ्त मिल जाएगी. मध्य प्रदेश में यह मामला 1993-94 से चला आ रहा है. शुरुआत में सरकार ने अंशकालिक नियुक्तियां कर अध्यापन का काम चलाया और 2002-03 से उच्च शिक्षा विभाग में अतिथि विद्वान की व्यवस्था कर दी. औसतन इन शिक्षकों की मासिक आय 6,400 रु. ही बनती है. इन शिक्षकों की सेवा शर्तों में बाहर भी काम करने की छूट नहीं है. इन लोगों ने अपनी नौकरी को स्थायी कराने की मांग के साथ इसी साल अप्रैल से लेकर जून तक भोपाल में आंदोलन भी किया. थक-हारकर उन्होंने भोपाल कलेक्टर से सामूहकि धर्मांतरण की अनुमति मांगी. अनुमति नहीं मिली तो लोग चर्च की ओर चले गए.

महासंघ के वरिष्ठ संरक्षक डॉ. अमिताभ मिश्र कहते हैं, “हम लोग 20-25 साल से नौकरी कर रहे हैं और अब कई लोग तो रिटायरमेंट की उम्र में आ गए हैं. अब सरकार परीक्षा देने की बात कह रही है जो संभव नहीं है. इसलिए हम ईसाई धर्म अपनाने जा रहे हैं क्योंकि इस धर्म में ईसाई मिशनरी हमारे बच्चों-परिवार को मौलिक सुविधाएं तो दे ही रही हैं, हमें भी योग्यता के हिसाब से मिशनरी स्कूलों में नौकरी देने की बात कह रहे हैं. हिंदू धर्म से जुड़े स्कूलों ने भी नौकरी का ऑफर दिया है, लेकिन वहां हमारे बच्चों-परिवार के प्रति जिम्मेदारी नहीं है, जबकि ईसाई धर्म में सबकी चिंता होगी.” महासंघ का दावा है कि जिला और क्षेत्र स्तर पर कमेटियों के गठन के बाद 15-20 अक्तूबर से 10 दिन के अंतराल पर 10-10 लोग ईसाई धर्म कबूल करेंगे. मिश्र के मुताबिक, यह प्रक्रिया आगे तब तक जारी रहेगी, जब तक सरकार मांगें नहीं मान लेती.
भले लोगों ने धर्मांतरण को ब्लैकमेलिंग का जरिया बना लिया है, लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद बहुसंख्यक आबादी सत्ता केंद्र को हिंदुत्व के नजरिए से देख रही है. उसे उम्मीद है कि धर्म परिवर्तन की धमकी से हिंदुत्व की रक्षा का दंभ भरने वाला भगवा ब्रिगेड उसके हित के लिए उठ खड़ा होगा.

(साथ में जय नागड़ा खंडवा में और कुमार हर्ष गोरखपुर में)

ADVERTISEMENT
Advertisement