scorecardresearch
डार्क मोड

अर्थव्यवस्था: मंत्रीजी, अब आपकी बारी

कारोबार में सहजता और घरेलू मांग को प्रोत्साहित करने का जिम्मा अब सरकार के पास.

आरबीआइ गवर्नर रघुराम राजन (बाएं) और वित्त मंत्री अरुण जेटली
आरबीआइ गवर्नर रघुराम राजन (बाएं) और वित्त मंत्री अरुण जेटली
अपडेटेड 5 अक्टूबर , 2015

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के गवर्नर रघुराम राजन ने मौद्रिक नीति की समीक्षा करते हुए 29 सितंबर को ब्याज दरों में 50 आधार अंकों की कटौती कर सबको चकित कर दिया. उनका यह फैसला उनकी छवि के उलट था. सवाल उठता है कि ब्याज दरों में इस कटौती का अर्थव्यवस्था के लिए क्या मतलब है? इससे शायद बैंकों के कर्ज खाते में कुछ उछाल आए. करीब छह माह से यह 10 फीसदी के नीचे मंडरा रहा है. राजन ने साथ ही कुछ ऐसे बुनियादी मसलों को उठाया जो वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारतीय अर्थव्यवस्था को नाजुक बनाते हैं. लिहाजा, उन्होंने भारत की संभावित विकास दर को पूर्ववर्ती 7.6 फीसदी से घटाकर 7.4 फीसदी कर डाला है.
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के प्रणब सेन कहते हैं कि भारत की ब्याज दरें दुनिया की सर्वाधिक दरों में एक हैं. इसे अपेक्षित स्तरों पर लाना, जो जानकारों के मुताबिक 2.5 से 4 फीसदी के बीच कुछ भी हो सकता है, 400 आधार अंकों की कटौती की मांग करता है जो तकरीबन नामुमकिन है. राजन ज्यादा से ज्यादा 50 आधार अंक की कटौती कर सकते थे पर जरूरी नहीं कि बैंक इसका लाभ अपने ग्राहकों को पहुंचाएं. ब्याज दर में कटौती का असर बस धारणा के मामले में पड़ सकता है.

अब गेंद सरकार के पाले में है. उसे इस कदम के प्रसार को सुनिश्चित करना होगा और क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, “राजकोष के मामले में कमखर्ची का रास्ता” अपनाना होगा. भारत की राजकोषीय नीति ऐसी हो जो घरेलू मांग बढ़ा सके, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि संबंधी चिंताओं को संबोधित कर सके तथा कारोबार के मामले में देश को प्रतिस्पर्धी बना सके. ये चुनौतियां भयावह प्रतीत हो रही हैं.

वहीं अर्न्स्ट ऐंड यंग इंडिया में चीफ पॉलिसी एडवाइजर डी.के. श्रीवास्तव कहते हैं, “वैश्विक अर्थव्यवस्था की कमजोरी हमारी अर्थव्यवस्था को भी कमजोर रखेगी.” चीन समेत अन्य उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं में आई सुस्ती वैश्विक वृद्धि को धीमा कर सकती है. अगस्त में चीन ने डॉलर के मुकाबले अपनी मुद्रा का 4.4 फीसदी अवमूल्यन कर दिया जो एक मौद्रिक जंग छेडऩे की कुव्वत रखता है. सो, भारतीय निर्यातक भी रुपए को और कमजोर करने के लिए सरकार को हस्तक्षेप करने कह रहे हैं. राजन ने जब ब्याज दरों में कटौती की, उसी वक्त अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने शून्य ब्याज दर पर यथास्थिति को बनाए रखना तय किया. यह फैसला भी वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़ी चिंताओं के कारण ही लिया गया.

वैश्विक अर्थव्यवस्था में मौजूदा सुस्ती 2008 की मंदी की याद दिलाती है. अर्थशास्त्री इस बार की स्थिति के लिए श्सेकुलर गतिरोध्य जैसा शब्द प्रयोग कर रहे हैं. इसका मतलब होता है सुस्त वृद्धि की लंबी अवधि. इस बार संकट चीन से पैदा हो रहा है. श्रीवास्तव बताते हैं कि यह संकट गैर-वित्तीय कर्ज, खासकर सरकारी कर्ज के उच्च स्तर से संबंधित है. बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (बीआइएस) की ताजा विज्ञप्ति के अनुसार फिलहाल कुल कर्ज अनुपात 2007 के अधिकतम स्तर के मुकाबले काफी ज्यादा है. उभरती हुई बाजार अर्थव्यवस्थाओं में सरकारी और निजी कर्ज मिलाकर जीडीपी के 167 फीसदी पर आ गया है जो  50 फीसदी का इजाफा है. बीआइएस के मुताबिक, अतीत में इतने बड़े पैमाने पर कर्ज में वृद्धि के बाद कोई न कोई बड़ा वित्तीय संकट जरूर आया है.

पेरिस स्थित ऑर्गेनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक कोऑपरेशन ऐंड डेवलपमेंट ने वित्तीय वर्ष 2016 में भारत की अनुमानित वृद्धि को 7.3 फीसदी पर रखा है. इसके मुताबिक, भारत को अगर 7 फीसदी की वृद्धि करनी है तो सरकारी और निजी मांग दोनों को 12 फीसदी बढऩा होगा. फिलहाल सरकारी मांग 2-3 फीसदी है जबकि निजी निवेश की मांग भी 5-6 फीसदी के कमजोर स्तर पर है.

आरबीआइ के हाल के एक अध्ययन में वित्तीय वर्ष 2012 से लगातार पूंजीगत व्यय के संकुचित होने की बात कही गई थी. इसने यह भी दिखाया था कि 2016 में नियोजित निवेश करीब खत्म हो चुका है. ऐसे में मांग को प्रोत्साहन देने के दो ही तरीके हैं. एक यह है कि सरकार पूंजीगत व्यय को तरजीह दे और उसे टिकाए रखे. दूसरा मौद्रिक उपाय है यानी ब्याज दरों में कटौती.

सरकार के सामने एक बड़ी दिक्कत यह है कि उसकी उधार लेने की एक सीमा है, क्योंकि उसे अपने वित्तीय घाटे का लक्ष्य भी पूरा करना है. इसके अलावा वह व्यय को न बढ़ा सकती है और न कटौती कर सकती है क्योंकि अधिकांश पहले से तय हैं. करीब 80 फीसदी राजस्व व्यय वेतन, पेंशन और ब्याज भुगतान की मद में तय है. सरकार अगर अपना व्यय बढ़ाती भी है तो उसे टिकाए रखना मुश्किल होगा. अगले तीन साल दुनिया की अर्थव्यवस्था ऐसे ही सुस्त रहेगी. इससे न सिर्फ भारत के निर्यात पर असर पड़ेगा बल्कि मेक इन इंडिया अभियान भी प्रभावित होगा. चीन जैसे देशों के पास विकसित क्षमता है, सो ज्यादा संभावना है कि वे भारत में ही अपनी बिक्री बढ़ाएंगे. दूसरी ओर भारत में विनिर्माण की जीडीपी में हिस्सेदारी महज 13 फीसदी है.

सरकार की प्राथमिकता देश की लडख़ड़ाती हुई ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए एक समग्र नीति तैयार करने की होनी चाहिए. अर्थशास्त्रियों के मुताबिक, सहकारी संघीयता को आगे बढ़ाने का यह अच्छा वक्त है. इसके तहत राज्यों को बाजार से सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के निर्धारित तीन फीसदी से ज्यादा उधारी लेने की छूट दी जा सकती है. वहीं राज्यों को बुनियादी ढांचे पर ज्यादा खर्च करने का प्रयास करना होगा. सार्वजनिक उपक्रम और केंद्रीय उपक्रम इस दौरान अपना विस्तार कर सकते हैं. श्रीवास्तव कहते हैं, “हो सकता है कि ऐसे उपाय निजी निवेश को प्रोत्साहित करें.” क्रिसिल में मुख्य अर्थशास्त्री डी.के. जोशी कहते हैं, “सरकार बस इतना कर सकती है कि कारोबार करना सहज बनाती जाए क्योंकि ब्याज दरें तो वृद्धि में मामूली सहयोग ही दे सकती हैं. राजकोषीय व्यय से भी सहयोग की जरूरत होगी.” उम्मीद है कि यह संदेश नॉर्थ ब्लॉक तक पहुंच चुका होगा.

ADVERTISEMENT
Advertisement