scorecardresearch
डार्क मोड

संघ से अलग अपना खुद का प्रशिक्षित काडर खड़ा करने में जुटी बीजेपी

आरएसएस पर अपनी  निर्भरता और नैतिक दबाव कम करने के लिए अपना खुद का प्रशिक्षित काडर खड़ा करने में जुटी बीजेपी.

महाप्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में अमित शाह
महाप्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में अमित शाह
अपडेटेड 20 जुलाई , 2015

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद बीजेपी में जब औपचारिक रूप से पीढ़ी का बदलाव स्थापित हो गया और उनके हमसाये अमित शाह ने पार्टी की कमान संभाली, तभी यह तय हो गया था कि बीजेपी अब नया इतिहास गढऩे की कोशिश करेगी. जिस तरह चुनाव के दौरान मोदी के मिशन 272 प्लस ने कई वरिष्ठ नेताओं को चौंकाया था, वैसी ही हलचल पार्टी के हलकों में उस वक्त दिखी जब शाह ने 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया. लेकिन शाह ने उस लक्ष्य को न सिर्फ हासिल किया, बल्कि आधुनिक तकनीकों से बने सदस्यों से सीधे संपर्क करने की मुहिम चलाई और अब आखिरी चरण में उनमें से चुने गए 15 लाख सक्रिय सदस्यों को मंडल स्तर तक प्रशिक्षित करने वाले महाभियान का भी आगाज कर दिया.

दरअसल मोदी-शाह की रणनीति मौजूदा कार्यकाल में ही बीजेपी का अपना काडर इतना मजबूत बनाना है जो किसी पर निर्भर न रहे. अमूमन चुनाव के समय पार्टी की निर्भरता संघ के स्वयंसेवकों पर बढ़ जाती है, इसलिए लोकसभा चुनाव के वक्त मोदी लहर में पार्टी की ओर नए मतदताओं का अप्रत्याशित रुझान पार्टी की तरफ हुआ तो शाह ने फौरन इन मतदाताओं को प्रतिबद्ध फौज में तब्दील करने की रणनीति बना ली. तो क्या मोदी-शाह युग की बीजेपी संघ के समानांतर अपनी ऐसी सेना खड़ा करना चाहती है जिसका संघ से सरोकार होना जरूरी नहीं? बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के महानिदेशक विनय सहस्रबुद्धे इंडिया टुडे से कहते हैं, ‘‘यह बीजेपी का अपना काडर होगा, जिसका संघ से मतलब नहीं है. यह बीजेपी की अपने पैरों पर खड़ा होने की कोशिश है.’’ इसी में वे आगे यह भी जोड़ते हैं कि ‘‘संगठनों को चलाते हुए भी संघ की यह मंशा रही है कि सभी संगठन अपने पैरों पर खड़े हों क्योंकि उसकी इच्छा राजनैतिक दल चलाने की नहीं है.’’ हालांकि सहस्रबुद्धे यह भी कहते हैं कि किसी अन्य संगठन पर निर्भर रहने की नौबत न आए और पार्टी का अपने कार्यकर्ताओं का ही एक मजबूत वर्ग बने, यही पार्टी के त्रिस्तरीय सदस्यता अभियान का मकसद है. जबकि संघ के पूर्व प्रवक्ता और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव कहते हैं, ‘‘संघ कोई राजनैतिक संगठन नहीं है और ना ही हर चुनाव में हस्तक्षेप करता है. चुनाव में क्या करना है यह संघ खुद तय करेगा, लेकिन बीजेपी अपने काडर को मजबूत करने और उसे प्रशिक्षित करने का निरंतर प्रयास कर रही है. इस बार हम ज्यादा जोर-शोर से इस अभियान को चला रहे हैं. इसलिए यह जो चर्चा है कि संघ का काडर या बीजेपी का काडर, यह चर्चा ही गलत है. संघ का कोई राजनैतिक काडर होता ही नहीं है.’’ उनका कहना है कि संघ हमेशा से कहता आया है कि उसके सभी संगठन स्वायत्ता और स्वतंत्र हैं जिसे अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए. वे आगे यह भी जोड़ते हैं, ‘‘बीजेपी में जो सदस्य बनता है उसका पार्टी के नेतृत्व और विचारधारा पर पूरा विश्वास होता है. इस साल को संगठन पर्व वर्ष घोषित किया गया जिससे 11 करोड़ सदस्य बने हैं. इसमें कुछ लोग ऐसे भी होंगे जो कभी संघ में नहीं गए होंगे और कुछ संघ के स्वयंसेवक भी होंगे.’’

बीजेपी का महाप्रशिक्षण कार्यक्रमहालांकि इस विषय पर बीजेपी के एक दूसरे वरिष्ठ नेता नाम न छापने की शर्त पर कहते हैं कि ‘‘सामान्यतया संघ बीजेपी पर हावी होता रहा है, लेकिन जिस तरह सरकार और संगठन में व्यक्ति पूजा बढ़ी है, उससे आने वाले समय में यह स्थिति पलट सकती है.’’ उनकी दलील है कि शाह ने पार्टी में अपने मनमाफिक टीम बनाने की दिशा में पहल करके संकेत दे दिया है. अब अगर जनवरी 2015 में होने वाले संगठन चुनाव में शाह फिर से अध्यक्ष पद पर आसीन होते हैं तो संघ को भी यह तय करना होगा कि वह बीजेपी में अपनी भूमिका राजनैतिक संचालक की तरह आगे बढ़ाएगा या फिर नैतिक मार्गदर्शक तक ही सिमट कर रहना पसंद करेगा. ऐसे में संघ जनवरी में संभावित संगठन चुनाव में क्या कदम उठाता है, उस पर बहुत कुछ निर्भर होगा. हालांकि बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है, ‘‘शाह जिस अंदाज में काम कर रहे हैं उसे देखकर यही लगता है कि अभी वे अध्यक्ष पद की लंबी पारी खेलेंगे.’’ टीम पुनर्गठन से लेकर प्रभारी बनाने और प्रकोष्ठों की जगह नए विभाग बनाने की उनकी पहल को इससे जोडक़र देखा जा सकता है.

सत्ता बनाम संघ: बीजेपी का द्वंद्व
एक दशक पूर्व सितंबर 2005 में बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी ने जिन्ना प्रकरण के बाद संघ के दबाव में जब इस्तीफा देने का ऐलान किया था तो उन्होंने पार्टी की गतिविधियों में संघ के रोजमर्रा के दखल का सवाल उठाया था. उसके बाद से बीजेपी झंझावातों से गुजरती रही और 2009 में भी उसे बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा. संघ ने बीजेपी पर फिर शिकंजा कसा और तमाम विरोधों के बावजूद नितिन गडकरी को अध्यक्ष बनवा दिया. एक वक्त ऐसा भी आ गया था जब गडकरी और मोदी के बीच बातचीत भी बंद हो गई थी. लेकिन मोदी ने अपनी लोकप्रियता का लोहा बीजेपी और संघ में मनवाया और दूसरी पीढ़ी के नेताओं में श्रेष्ठ बनकर उभरे. गुजरात में रहते हुए संघ के कुछ नेताओं के साथ मोदी के रिश्ते अच्छे नहीं थे. बीजेपी के एक नेता बताते हैं, ‘‘मोदी का स्वभाव है कि कड़वी यादों को वे कभी भी नहीं भूलते.’’ इस नेता का यह भी मानना है कि लोकसभा की जीत के बाद ही पार्टी में यह सोच बन गई थी कि संगठन का अपना आधार बढ़ाया जाए ताकि कभी संघ किसी मुद्दे पर पीछे हटे तो पार्टी खुद को मझधार में न पाए और उसका अस्तित्व खतरे में न पड़ जाए.

बीजेरी विनय सहस्रबुद्धेयह डर यों ही नहीं है, सत्ता में रहते हुए पार्टी ने इसे करीब से महसूस किया है. वाजपेयी सरकार के समय भी संघ-सरकार का टकराव सडक़ों तक पहुंच गया था. 2004 में बीजेपी के सत्ता से हटने के बाद संघ प्रमुख ने सार्वजनिक तौर पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. सत्ता में आने के बाद नीतिगत और वैचारिक मुद्दों पर बीजेपी का संघ से टकराव अक्सर दिखने लगता है.

अब अपनी प्रतिबद्ध फौज के जरिए बीजेपी की आंतरिक रणनीति उसी तरह सांस्कृतिक एजेंडे पर आगे बढ़ाने की है, जैसे 1991 में तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिंह राव ने किया था. उस वक्त संघ को किनारे कर राव सरकार ने साधु-संतों को आगे किया था ताकि अयोध्या मसले को सुलझाया जा सके और उस पर संघ के एजेंडे पर झुकने का आरोप न लगे. बीजेपी के एक नेता कहते हैं, ‘‘जिस तरह योग दिवस जैसे समारोहों में श्री श्री रविशंकर, स्वामी रामदेव जैसे धार्मिक लोगों को तरजीह दी जा रही है, वह एक रणनीति का ही हिस्सा दिखता है.’’ सूत्रों के मुताबिक, अलग काडर खड़ा करने में बीजेपी इन धार्मिक गुरुओं का भी योगदान लेगी. हालांकि वे यह भी कहते हैं कि संघ एक वैचारिक अधिष्ठान है जिसे नजरअंदाज करना बीजेपी के लिए सहज नहीं होगा. लेकिन सत्ता और संगठन की मौजूदा कार्यशैली से भविष्य के अंदेशों को खारिज भी नहीं किया जा सकता क्योंकि सत्ता की प्रकृति होती है कि वह मध्यमार्गी बनना चाहती है, ऐसे में टकराव से इनकार नहीं किया जा सकता.

बीजेपी महाप्रशिक्षण अभियान के संयोजक महेश शर्मापाठ्यक्रम में सिर्फ बीजेपी पर फोकस
बीजेपी हमेशा से संघ को अपना पितृसंगठन बताती रही है, लेकिन 15 लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करते वक्त पार्टी इसका जिक्र भी नहीं करेगी. पाठ्यक्रम के छह बिंदु तय किए गए हैं, जिनमें बीजेपी का इतिहास-विकास, सैद्धांतिक भूमिका, सांगठनिक कार्यपद्धति, सरकार की उपलब्धियां, पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर 40-40 पन्नों की बुकलेट और आखिर में विचार-परिवार का जिक्र संदर्भ के रूप में होगा. इस महाभियान के प्रभारी महासचिव मुरलीधर राव कहते हैं, ‘‘आरएसएस में प्रशिक्षण के लिए संघ शिक्षा वर्ग होता है, लेकिन बीजेपी बहुत बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण शिविर लगाएगी.’’ अभियान के संयोजक महेश शर्मा कहते हैं, ‘‘विचार परिवार की चर्चा में यह बताया जाएगा कि संघ के स्वयंसेवक किन-किन क्षेत्रों में किस संगठन के जरिए काम कर रहे हैं. लेकिन यह भी बताया जाएगा कि ये सारे संगठन बीजेपी के अंग नहीं हैं.’’ पर समानांतर काडर बनाने के सवाल पर वे कहते हैं, ‘‘बीजेपी का अपना तंत्र है और सभी संगठन आपस में समानांतर हैं.’’ राम माधव भी कहते हैं कि जब बीजेपी और जनसंघ के इतिहास की चर्चा करेंगे तो संघ के योगदान की बात भी आएगी. लेकिन बीजेपी की अपनी विचारधारा है जिसको हम एकात्म मानववाद कहते हैं.

सशक्त बीजेपी बनाने का बना खाका
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने जब महासंपर्क अभियान की शुरुआत की तो पदाधिकारियों से साफ तौर पर कहा कि 2014 के चुनाव में जो 10 फीसदी फ्लोटिंग वोट पार्टी को मिले हैं, अगर उन्हें संपर्क कर बरकरार रखा जाए तो बीजेपी को कोई नहीं हरा सकता. महाप्रशिक्षण अभियान का केंद्रीय स्तर पर आगाज करते हुए इसकी अहमियत को शाह ने कुछ इस अंदाज में बयान किया, ‘‘बीजेपी चुनाव की मशीनरी नहीं हैं. राजनैतिक परिवर्तन से देश का विकास करना है. मजबूत पार्टी के रूप में हर स्तर पर बीजेपी को स्थापित करना हमारा लक्ष्य है. अगर 11 करोड़ सदस्यों को हम प्रशिक्षित नहीं कर पाए तो वे खराब चित्र प्रस्तुत करने वाले बन सकते हैं. इसलिए उन सदस्यों को अगर पार्टी के लिए उपयोगी बनाना है तो उसके लिए प्रशिक्षण ही साधन है.’’

बीजेपी की महासंपर्क प्रभारी महासचिव सरोज पांडेपार्टी ने प्रशिक्षण के लिए चार स्तरीय योजना बनाई है: केंद्र, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग लगाया जाएगा. महेश शर्मा कहते हैं, ‘‘प्रशिक्षण हमारा पारंपरिक कार्यक्रम है. लेकिन केंद्र की योजना से पहली बार हम मंडल स्तर तक एक निश्चित समय सीमा में अभ्यास वर्ग आयोजित कर रहे हैं.’’ इस वर्ग में सामाजिक समीकरण का भी खास ख्याल रखने की रणनीति है. बीजेपी की रणनीति 15 लाख सक्रिय सदस्यों को पार्टी की विचारधारा से लैस करने की है जो बाकी सदस्यों को पार्टी से जोडक़र रख सकें. हालांकि यह भी एक तथ्य है कि इस 15 लाख में 10 लाख तो केंद्र से मंडल स्तर तक बीजेपी के पदाधिकारी हैं, बाकी पांच लाख नए सक्रिय सदस्य होंगे. प्रशिक्षण में पार्टी एक दिन में कई वर्ग लगाएगी, जिसके लिए करीब 10,000 प्रशिक्षकों की फौज तैयार की जा रही है. इन वर्गों की निगरानी के लिए केंद्र में एक व्यवस्था बनाई जाएगी जिससे कौन, कहां प्रशिक्षण ले/दे रहा है, उसकी निगरानी की जा सके. प्रशिक्षण का माध्यम ज्यादातर वीडियो और पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन होगा.

पीआर एजेंसियों पर निर्भरता न रहे
हाल ही में खुद शाह ने 5 जुलाई से 13 जुलाई तक लगातार महासंपर्क अभियान का जायजा देश को सात जोन में बांटकर लिया है. सूत्रों के मुताबिक, शाह ने पदाधिकारियों की बैठक में साफ तौर से कहा था कि पार्टी में ऐसा ढांचा खड़ा किया जाए जहां हर काम में सिर्फ प्रतिबद्ध कार्यकर्ता ही शामिल हो और बाहरी सहायता की जरूरत न पड़े. हालांकि शाह की यह टिप्पणी किसी संगठन को लेकर नहीं, बल्कि तकनीक या इवेंट के लिए पेशेवर लोगों को बाहर से लाने की मजबूरी को लेकर थी. सदस्यता अभियान के तहत बीजेपी ने जो 11 करोड़ सदस्य बनाए हैं उनमें से महासंपर्क अभियान के जरिए कम से कम 10 हजार ऐसे लोगों को छांटने के निर्देश शाह की ओर से दिए गए हैं जो किसी खास क्षेत्र में रुचि और महारत रखते हों. अब तक बीजेपी चुनावी नारा गढऩे, भाषण तैयार करने या अन्य बड़े-बड़े अभियानों के लिए पीआर एजेंसियों को पैसे देकर काम कराती आ रही है. बीजेपी अध्यक्ष का मानना है कि पार्टी के लिए काम करने वाले पेशेवर पहले धन की एवज में या कुछ निहित स्वार्थ की वजह से जुड़ते हैं. ऐसे लोग स्वार्थ की पूर्ति नहीं होने या कभी बेहतर ऑफर मिलने पर दूसरी पार्टी में जाकर अपनी सेवाएं देने लगते हैं. 

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधवइसकी ताजा मिसाल लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी के चुनावी जुमले गढऩे और प्रचार के नए तौर-तरीके को पेश करने वाले प्रशांत किशोर हैं. इसका जिक्र करते हुए बीजेपी के नेता कहते हैं कि उक्वमीद के मुताबिक तवज्जो नहीं मिलने पर किशोर ने बिहार में मोदी के धुर विरोधी नीतीश कुमार का दामन थाम लिया. इसलिए शाह चाहते हैं कि पार्टी महज 10 हजार ऐसे लोगों को छांट लें तो आने वाले वक्त में पार्टी को न सिर्फ प्रतिबद्ध कार्यकर्ता मिलेगा बल्कि पेशेवरों पर निर्भरता भी खत्म हो जाएगी.
हालांकि बीजेपी के लिए एक बड़ी चुनौती महासंपर्क अभियान के जरिए हर सदस्य तक पहुंचने और इसे प्रमाणित करने की है. पार्टी के ही कुछ नेताओं का मानना है कि अगर सही मायने में जांच हो तो यह आंकड़ा 60-70 फीसदी के पार नहीं जा पाएगा. लेकिन इस अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहीं राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे कहती है, ‘‘मतदाता पहले महज सदस्य बनकर रह जाते थे. इस बार हम उन्हें कार्यकर्ता बनाने का अभियान चला रहे हैं ताकि अच्छी योग्यता वाले लोग पार्टी से जुड़ें. ’’ हालांकि आंकड़ों को लेकर उनका दावा है कि पार्टी सौ फीसदी लोगों तक पहुंचेगी. वैसे प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी राव दावा करते हैं, ‘‘छंटनी और कटौती के बावजूद 10 करोड़ सदस्य बनाकर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का जो कीर्तिमान हमने स्थापित किया है वह कायम रहेगा और हम उससे आगे बढ़ेंगे.’’

हालांकि सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान मानता है कि मिस्ड कॉल से बने सभी सदस्यों तक पहुंचना संभव नहीं है. इसलिए सिर्फ इस बात की पड़ताल होगी कि कहीं कोई असामाजिक तत्व तकनीक की आड़ में पार्टी का सदस्य तो नहीं बन गया है. ऐसे लोगों को छांटा जाएगा और जिनसे संपर्क नहीं हो पाएगा, उन्हें सदस्यता से बाहर नहीं किया जाएगा ताकि पार्टी का कीर्तिमान बरकरार रहे.

बीजेपी का राजनैतिक हवन वैसे भी संघ परिवार की आहुति के बिना कभी पूरा नहीं होता. लेकिन सत्ता में आने के बाद पार्टी पर नीतिगत मामलों में नैतिक दबाव बढ़ जाता है और कई बार टकराव की स्थिति बन जाती है. ऐसे में संघ के उलाहने से बचने को पार्टी अपने पैरों पर खड़ा होने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है, पर वैचारिक अधिष्ठान संघ को दूर रखना उसके लिए शायद ही संभव होगा.

ADVERTISEMENT
Advertisement