पिछले दो दशकों के दौरान खासकर रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को लेकर बड़ा हल्ला मचाया गया है जबकि जमीनी स्तर पर तरक्की के नाम पर कुछ खास नहीं हुआ है. एपीजे अब्दुल कलाम जैसी शख्सियतों द्वारा तय किया गया रणनीतिक लक्ष्य यह था कि रक्षा उपकरणों के मामले में नब्बे के दशक के आरंभिक अनुपात 70:30 (आयात और देसी उत्पादन का अनुपात) को अगले दस से पंद्रह साल में बदल कर 30:70 पर ले आना है. अफसोस, ऐसा नहीं हो सका है, हालांकि रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन के मामलों को देखें तो यह कहना गलत नहीं होगा कि पिछले दशक को गंवा दिया गया.
मौजूदा एनडीए सरकार भारतीय उत्पादन को लेकर काफी मुखर रही है जिसमें स्वदेशी रक्षा उत्पादन सबसे आगे रहा है. इस उद्देश्य के लिए कई पहल की गई है. मसलन, एक, रक्षा उद्योग में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को 26 फीसदी से बढ़ाकर 49 फीसदी किया गया. दूसरे, रक्षा करार में भारत में उत्पादन या भारतीय कंपनी के साथ साझा उत्पादन को तरजीह दी गई. तीसरे, मई 2015 में एक विशेष समिति का गठन किया गया जिसका काम 'मेक इन इंडिया' को सहज बनाने के लिए एक नीतिगत ढांचा तैयार करना था और रक्षा खरीद प्रक्रियाओं (डीपीपी) को नई दिशा देना था. चौथे, सितंबर 2015 में एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है जिसका काम भारतीय उद्योगों से रणनीतिक साझीदारों के चयन के मानकों की सिफारिश करना है जो अहम हथियारों, प्रणालियों और प्लेटफॉर्मों का उत्पादन कर सकें.
इस उद्देश्य की दिशा में कई भारतीय कंपनियों और मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) ने भारत में उत्पादन और रखरखाव, मरम्मत व ओवरहॉल सुविधाएं स्थापित करने के लिए समझौते किए हैं. ये शुरुआती कदम मजबूत दिखते हैं लेकिन ठेके दिए जाने के मामले में जमीनी प्रगति अब तक नहीं दिखी है.
मई 2015 में गठित विशेषज्ञ समिति ने जुलाई में सौंपी अपनी रिपोर्ट में कई उपयोगी सुझाव दिए थे. 'रक्षा मंत्रालय में आंतरिक समायोजनों' के संदर्भ में कमेटी का कहना था कि '2002 में मंत्री-समूह की सिफारिशों के आधार पर ली गई सिलसिलेवार पहलों ने रक्षा मंत्रालय के भीतर ज्यादा एकीकरण को संभव बनाया है, जिसमें सेना केतीनों अंग शामिल हैं. रक्षा खरीद प्रकोष्ठ का गठन और विभिन्न समन्वयात्मक तथा निर्णयात्मक बोर्ड ज्यादा समायोजन और तालमेल स्थापित करने की दिशा में सक्रिय रहते हैं. इसके बाद उत्पादन नीतियां और खरीद प्रक्रियाएं लगातार एक-दूसरे को प्रभावित करेंगी. इस तरह रक्षा उत्पादन विभाग और खरीद महानिदेशक के कार्यालय के बीच कहीं ज्यादा तालमेल करने की जरूरत होगी.''
यह सिफारिश, जहां आगे का रास्ता दिखाती है, वहीं इस समन्वय को संभव बनाने के लिए किसी कार्य योजना के मामले को वह अधूरा छोड़ देती है. दरअसल, रक्षा मंत्रालय के भीतर मौजूदा संस्थागत संरचना इस समन्वय को पैदा कर पाने में समर्थ नहीं है और उसे पुनर्गठित किए जाने की जरूरत है. डीपीपी का काम सरकारी और निजी क्षेत्र में देसी रक्षा उत्पादन करना है. हालांकि भारतीय उद्योगों और विदेशी ओईएम के साथ उसका वैसा रिश्ता नहीं है, जैसा खरीद प्रकोष्ठ का है. इसीलिए रक्षा औद्योगिक सुविधाओं का प्रचार करने का नेतृत्व खरीद प्रकोष्ठ के जिम्मे किया जाना चाहिए.
साथ ही रक्षा विभाग को भी नए तरीके से गढ़ा जाना होगा, जहां खरीद प्रकोष्ठ को एक स्वतंत्र विभाग की शक्ल दी जाए जिसकी कमान सचिव स्तर के एक अधिकारी के पास रहे, जो सीधे रक्षा मंत्री के प्रति जवाबदेह हो. इससे रक्षा सचिव के सिर से जटिल खरीद प्रस्तावों से निबटने का बोझ हट जाएगा और उन्हें रक्षा नीति तथा रणनीति, द्विपक्षीय सामरिक सहयोग और साथ ही सेना के तीनों अंगों से जुड़े प्रशासनिक मसलों पर ज्यादा वक्त देने की गुंजाइश बन सकेगी. विश्व मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करने की दिशा में बढ़ रहे भारत को अपने सैन्य संगठनात्मक ढांचे को ज्यादा से ज्यादा मजबूत करने की जरूरत है और इसके लिए उसे दुनिया की बड़ी ताकतों के अनुभवों से सीखने की जरूरत होगी. मसलन, पेंटागन में खरीद और नीति के लिए पूर्णकालिक अवर-सचिवों का प्रावधान है जबकि भारत में नीति का काम तो रक्षा सचिव के पास होता है जबकि खरीद की जिम्मेदारी किसी एक के पास नहीं है, बल्कि उसे बेहद पेचीदा प्रणाली से गुजरना होता है. खरीद प्रकोष्ठ को पूर्णकालिक सचिव स्तर तक अपग्रेड करना इस असंतुलन को दूर कर देगा और उससे काफी मामला सुलझ जाएगा.
बड़े संदर्भ में देखें तो रक्षा मंत्रालय को दुनिया भर के अहम रक्षा मंत्रालयों के भीतर निर्णय प्रक्रिया से जुड़ी संगठनात्मक संरचना का अध्ययन करने की जरूरत है और यह तय करने की जरूरत है कि नीतिगत स्तर पर निर्णय प्रक्रिया को भारत में सर्वश्रेष्ठ कैसे बनाया जा सके. यह काम अकेले रक्षा मंत्रालय में ही नहीं, विदेश मंत्रालय और वित्त मंत्रालय में भी लंबित पड़ा है.
(विवेक राय रक्षा मंत्रालय में 2010-12 के दौरान खरीद महानिदेशक रह चुके हैं)
रक्षा उत्पादन बढ़ाना ही विकल्प
रक्षा मंत्रालय का काम भारत की रक्षा औद्योगिक क्षमताओं का लगातार प्रसार करना होना चाहिए.

अपडेटेड 5 अक्टूबर , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
