scorecardresearch
डार्क मोड

अर्थात्: मुसीबत मोल लेने के चीनी नुस्खे

विशेषज्ञ जिन गलतियों को लेकर 2009 से ही चीन में संकट की चेतावनी दे रहे थे, भारत के आर्थिक प्रबंधन में भी वही गलतियां होने लगी हैं.

अपडेटेड 6 अक्टूबर , 2015

अमेरिका के हेज फंड मालिक जिम चानोस को आप जिम रोजर्स का विलोम मान सकते हैं. फिलहाल सिंगापुर में रह रहे ग्लोबल निवेशक और लेखक जिम रोजर्स 30 करोड़ डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं. रोजर्स हाल में ही भारत में नई सरकार की अगुआई में आर्थिक सुधारों की नामौजूदगी को खरी-खोटी सुनाकर भारतीय शेयर बाजारों से किनारा कर गए हैं. दूसरी तरफ 1.5 अरब डॉलर की मिल्कियत वाले चानोस एक प्रख्यात मंदड़िए (शॉट सेलर) हैं जो चीन में मुश्किलें बढऩे की संभावनाओं पर दांव लगाते रहे हैं. भारत को लेकर रोजर्स की पैनी टिप्पणियों ने भले ही सुर्खियां बटोरी हों लेकिन उनके उलाहने भारत के लिए उतने कीमती नहीं हैं, जितना कीमती है चीन के बारे में चानोस को लेकर चुनिंदा विशेषज्ञों का आकलन. चानोस जिन गलतियों को लेकर 2009 से ही चीन में संकट की चेतावनी दे रहे थे, भारत के आर्थिक प्रबंधन में भी वही गलतियां होने लगी हैं.

पहली नसीहतः आर्थिक आंकड़ों में सियासत तो मुसीबत पक्की
सरकारें हमेशा अपनी अगुआई में मुल्क की छवि चमकाती हैं लेकिन आर्थिक आंकड़ों में सियासी छौंक खतरनाक होती है. सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार, जीडीपी के आंकड़ों की गणना बदली और अचानक भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ 5-6 फीसदी की जगह 7-7.5 फीसदी नजर आने लगी. दुनिया भर के विशेषज्ञों को इस पर शक हुआ क्योंकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. अलबत्ता इन आंकड़ों पर सफाई देने की बजाए सरकार ने यह दावा शुरू कर दिया कि भारत अपनी ग्रोथ में चीन को पछाड़ रहा है. समझना जरूरी है कि भारत का समग्र जीडीपी चीन के जीडीपी का केवल 20 फीसद है. चीन अगर हर साल पांच फीसदी की गति से भी आगे बढ़ा तो चार साल से कम वक्त में भारत जितनी एक अर्थव्यवस्था जोड़ लेगा.

जिस तरह इंडिया शाइनिंग की नई कोशिशें विशेषज्ञों के गले नहीं उतर रहीं, ठीक उसी तरह चीन के जीडीपी आंकड़े दुनिया के लिए पहेली रहे हैं. यूरोप व अमेरिका के कर्ज संकट की तुलना में चीन इसलिए ज्यादा डराता है क्योंकि इस देश के आंकड़ों में पारदर्शिता नहीं है, इसलिए जोखिम का आकलन मुश्किल है. याद कीजिए चीन के प्रधानमंत्री ली केक्वांग का 2010 का बयान जब उन्होंने कहा था कि “आर्थिक आंकड़े मानव निर्मित हैं, इसलिए भरोसेमंद नहीं हैं.”
चीन के जीडीपी आंकड़ों पर शक 1998 के पूर्वी एशिया संकट के बाद शुरू हुआ था जब चीन की सभी पड़ोसी अर्थव्यवस्थाएं ढहीं लेकिन उसने करीब 8 फीसदी की ग्रोथ दिखाई. हाल के वर्षों में भी औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े चीन की तेज ग्रोथ के दावे की चुगली खाते रहे हैं. आज जब चीन मुश्किल में है तो साख के सबसे ज्यादा सवाल इसके आर्थिक आंकड़ों पर उठ रहे हैं, जिनमें हमेशा सियासत का तड़का लगता रहा है. 

दूसरी नसीहतः बैंक कमजोर तो जोखिम भारी
अगर सरकार की तैयारियों में तद्ब्रदीली नहीं आई तो जल्द ही 1980 की तर्ज पर लोन मेले वापस होने वाले हैं. केंद्र सरकार मुद्रा बैंक के जरिए कर्ज बांटने का अभियान शुरू करने वाली है. तैयारी तो यह है कि कुछ छोटे कर्ज बगैर जमानत के दे दिए जाएं. यह सूझ डरावनी है, खास तौर पर उस वक्त जब बैंकों की तरफ से बांटे गए कर्ज के हर एक रुपए में 12 पैसे की वसूली मुश्किल हो गई और फंसे हुए कुल कर्जों का आकार 3 लाख करोड़ रुपए से ऊपर निकल गया है. देश में निवेश की गाड़ी तो ठप है क्योंकि सस्ता कर्ज ग्रोथ की बुनियादी शर्त है और रिजर्व बैंक की तरफ से ब्याज दर कम होने के बावजूद फंसे हुए कर्जों से लदे बैंक कर्ज सस्ता करने को तैयार नहीं हैं. मोदी सरकार से अपेक्षा थी कि वह बैंकों का पुनर्गठन करेगी और फंसे हुए कर्जों की समस्या का समाधान करेगी. सरकार को जब बकाया कर्जों की वसूली का साहस दिखाना चाहिए था कि ज्यादातर बड़े कर्ज राजनैतिक रसूख वाली कंपनियों के नाम हैं, तब “लोन मेलों” की शुरुआत चीन जैसी ही गलती है.

चीन ने अपनी बैंकिंग फूंक कर ही ग्रोथ का तमाशा देखा है. चीन में करीब 15 साल पहले कुल बकाया कर्ज एक खरब डॉलर था जो अब 25 खरब डॉलर पर है. चीन के सरकारी बैंकों ने राजनैतिक दबाव पर कर्ज बांटे जो रियल एस्टेट या अनुत्पादक औद्योगिक निवेश में इस्तेमाल हुए. चीन का भवन निर्माण दंतकथाओं में तब्दील हो चुका है जो करीब 1.3 अरब डॉलर का कर्ज लिए बैठा है और फटने वाला है. रियल एस्टेट की मांग और औद्योगिक निर्यात घटने के बाद चीन के बैंकों ने किस्म-किस्म की माइक्रो फाइनेंस स्कीमों और शेयर बाजार में निवेशकों को कर्ज देना शुरू कर दिया और कर्ज का कैंसर उद्योग से लेकर शेयरों तक फैल गया.

भारत की बैंकिंग यकीनन चीन जितनी बुरी नहीं है लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद भारत में खतरे की पहली चेतावनियां बैंकिंग को लेकर ही आई हैं. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अप्रैल में अपनी एक रिपोर्ट में भारत के बैंकों को रूस के बाद सबसे खतरनाक स्थिति में बताया है. लगभग सभी जानकार मानते हैं कि कर्ज से लदे भारतीय बैंक टाइम बम की तरह हैं जो कभी भी फट कर पूरी व्यवस्था को पटरी से उतार सकते हैं.

चीन और भारत आर्थिक सुधारों के मामले में दो विपरीत दिशाओं में चल रहे हैं. चीन अपनी औद्योगिक अर्थव्यवस्था को खपत आधारित इकोनॉमी बनाने की कोशिश कर रहा है जबकि भारत खपत आधारित अर्थव्यवस्था को उत्पादन आधारित इकोनॉमी में तब्दील करना चाहता है. लेकिन यह देखना अचरज भरा है कि चीन ताजा संकट के बाद जब अपारदर्शी अर्थव्यवस्था को ठीक करने में लगा है, तब भारत के अच्छे खासे और भरोसेमंद आर्थिक तंत्र को जान-बूझकर अपारदर्शिता और सियासत से प्रदूषित क्यों किया का जा रहा है. बकौल प्रधानमंत्री, चीन का संकट भारत के लिए अवसर है या नहीं, यह तो वक्त तय करेगा लेकिन संकट को न्योतने की चीनी कला भारत के लिए नसीहत जरूर है, जिसकी अनदेखी विस्फोटक हो सकती है.

ADVERTISEMENT
Advertisement