scorecardresearch
डार्क मोड

एक झाडू़ हमारे लोकतंत्र के लिए भी: एस.वाई. कुरैशी

विश्वसनीयता पर चोट लोकतंत्र के लिए विनाशकारी साबित हो सकती है. लाजिमी है कि हमारा मुल्क बेहद जरूरी चुनावी सुधारों को फौरम अंजाम दे.

अपडेटेड 14 अक्टूबर , 2014

इतनी भी आसान नहीं है लोकतंत्र की डगर. इसकी जड़ें जमने में समय लगता है, लेकिन कुराज और भ्रष्टाचार के चलते लोगों का मोहभंग होते ही इसे पटरी से उतरने में भी देर नहीं लगती. हिंदुस्तान इस मामले में खुशकिस्मत मुल्क है कि उसने अपने लोकतांत्रिक ताने-बाने को कायम रखने के लिए जरूरी परिपक्वता हासिल कर ली है. दूसरी ओर, हमारे कई पड़ोसी मुल्क और अफ्रीका के कई देश इतने खुशकिस्मत नहीं हैं, जिन्होंने आजादी तो हमारे साथ-साथ ही हासिल की थी लेकिन आज भी, प्रामाणिक और भरोसेमंद लोकतंत्र की तो बात ही छोड़ दें, एक कामकाजी लोकतंत्र कायम करने के लिए भी भारी जद्दोजहद कर रहे हैं.

इसके उलट ङ्क्षहदुस्तान में बीते छह दशक में लोकतंत्र लगातार मजबूत हुआ है. कुछेक गड़बडिय़ों को छोड़ दें तो भारत के लोकतंत्र ने इतनी प्रामाणिकता हासिल कर ली है कि वह लोकतांत्रिक दुनिया की ईष्र्या का विषय है. हम जितने विराट पैमाने पर चुनावों का आयोजन करते हैं, उसे देखकर दुनिया भर के चुनाव पर्यवेक्षकों की आंखें फटी की फटी रह जाती हैं. इस साल मई में हुए आम चुनाव विश्व इतिहास के सबसे बड़े आम चुनाव थे. 83.40 करोड़ मतदाताओं में से 55.40 करोड़ ने 9,30,000 मतदान केंद्रों पर मताधिकार का प्रयोग किया. ये 2009 में दर्ज मतदाताओं से 11.80 करोड़ ज्यादा थे. इस बार 66.4 फीसदी मतदाता वोट देने के लिए निकले, जो भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा थे. 2014 के चुनाव की सबसे दिलचस्प बात यह थी कि नए संचार माध्यम, जिन्हें न्यू मीडिया कहा जाता है, ने इन चुनावों में निर्णायक भूमिका अदा की. इनमें मोबाइल टेलीफोनी और सोशल मीडिया अग्रणी हैं. देश में मोबाइल फोनों की संख्या 90 करोड़ आंकी जाती है जिनमें से 16.5 करोड़ इंटरनेट से जुड़े हैं. इस ऑनलाइन आबादी में 75 फीसदी लोग 35 साल से कम उम्र के हैं. इस आम चुनाव में 18 से 23 वर्ष के 14.9 करोड़ मतदाता थे जिन्होंने पहली बार मताधिकार का प्रयोग किया. इन्हें ही ध्यान में रखकर सोशल मीडिया अभियान चलाए गए थे. इसकी वजह भी थी. इंटरनेट ऐंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया का आकलन है कि अच्छी तरह से चलाया गया सोशल मीडिया अभियान 3-4 फीसदी वोटों का रुख बदल सकता है.

लगातार एक के बाद एक शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का संचालन करने में मिली कामयाबी की बदौलत हमारी निर्वाचन प्रणाली दुनिया भर में सम्मानित ग्लोबल ब्रांड बन गई है. यह गतिशील है, अपने अनुभवों के आधार पर और बदलती हुई जरूरतों के अनुरूप बदलती रहती है. किसी जमाने में हरेक उम्मीदवार के लिए अलग-अलग मतदान पेटी रखी जाती थी. वहां से मतपत्र तक और मतपत्र से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) तक हमारी निर्वाचन प्रणाली लगातार बेहतर होती गई है. इस कामयाबी की एक बड़ी वजह शक्तिशाली चुनाव आयोग भी है, जिसे संविधान ने स्वायत्त और स्वतंत्र स्वरूप दिया और उसके साथ ही व्यापक अधिकार तथा शक्तियां दीं. संसद में पारित कानूनों और सुप्रीम कोर्ट के जबरदस्त समर्थन ने भी इसे मजबूत किया और, जैसा कि व्यापक तौर पर माना जाता है, दुनिया का सबसे ताकतवर चुनाव आयोग बना दिया. चुनाव आयुक्ïतों की नियुक्ति हालांकि एकतरफा ढंग से सरकार ही करती है, लेकिन खुशकिस्मती से किसी भी मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ने संविधान के सौंपे गए विश्वास को भंग नहीं होने दिया है. कॉलेजियम या चयन मंडल के हाथों सीईसी की नियुक्ति से इस अपेक्षा को संस्थागत रूप मिल जाएगा. इसलिए ऐसी एक व्यवस्था जल्द-से-जल्द स्थापित की जानी चाहिए.

चुनावी हिंसा अब मोटे तौर पर इतिहास का विषय बन चुकी है और इसी के साथ रैगिंग और बूथ-कैप्चरिंग भी. ईवीएम का इस्तेमाल करने से अभी विकसित मुल्क तक हिचकिचा रहे हैं, लेकिन इन्हीं मशीनों ने हमारे मतदान और मतगणना को कम पेचीदा और ज्यादा भरोसेमंद बना दिया है. हाल ही में शुरू की गई वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) से चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता में और भी इजाफा हुआ है.

लेकिन हमारे लोकतंत्र की कुछ गंभीर समस्याएं अब भी कायम हैं. चुनावों में धन-बल की भूमिका नियंत्रण से बाहर हो गई है क्योंकि राजनीति के लिए धन जुटाने की व्यवस्था बेहद अपारदर्शी है, जिसमें 75 फीसदी धन अघोषित स्रोतों से आ रहा है. इस लोकसभा में चुनकर आए कुल 543 सांसदों में से 187 सांसद आपराधिक पृष्ठभूमि से हैं, जबकि 2009 में ऐसे सदस्यों की संख्या 162 और 2004 में 128 थी. जघन्य अपराधों में मुकदमों का सामना कर रहे उम्मीदवारों से पूरी व्यवस्था शर्मसार होती है. राजनीतिकों के प्रति सार्वजनिक अवमानना और घृणा लोकतंत्र की सेहत के लिए अच्छी नहीं है. लोकतंत्रों के धराशायी होने का यह भी एक कारण रहा है. लोकतंत्र एक नाजुक व्यवस्था है और उसकी विश्वसनीयता पर एक भी चोट विनाशकारी साबित हो सकती है, जैसा कि हम दुनिया भर की संघर्षरत लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में देख चुके हैं.

लिहाजा लाजिमी है कि हम बेहद जरूरी चुनाव सुधारों को फौरन अंजाम दें. सबसे पहले राजनीति को अपराध से मुक्त करें. इसकी शुरुआत हो चुकी है. सुप्रीम कोर्ट ने सभी अदालतों को निर्देश दिया है कि वे सांसदों और विधायकों के खिलाफ चल रहे मुकदमों का निबटारा एक साल के भीतर करें और ऐसा नहीं कर पाने पर संबंधित हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को इसके कारण बताएं. इसके अलावा, चुनाव सुधारों के उन प्रस्तावों पर अमल किया जाए जो बीते दो दशक से केंद्र सरकार की फाइलों में धूल खा रहे हैं. अभी तक सरकारें राजनैतिक दलों के बीच आम सहमति के अभाव और गठबंधन की मजबूरियों का बहाना बनाकर इन सिफारिशों पर अमल से बचती रही हैं. लेकिन जबरदस्त जनादेश के साथ सत्ता में आई मौजूदा सरकार के पास इन सुधारों को लागू करने का ऐतिहासिक मौका है.

(एस.वाइ. कुरैशी भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त हैं)

ADVERTISEMENT
Advertisement