scorecardresearch
डार्क मोड

अर्थात: स्कीम राज के अंत की शुरुआत!

योजना आयोग को बंद करने का मतलब दरअसल दंभ और अपारदर्शिता से भरे केंद्रीय स्कीम राज की समाप्ति है, जो विकास के फैसलों में राज्यों की आजादी का अपहरण करता है.

अपडेटेड 4 सितंबर , 2014

चौंसठ साल पुराने योजना आयोग की विदाई के ऐलान पर कोई स्यापा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि सोवियत गोसप्लान से निकले पंचवर्षीय भारतीय संस्करणों का पूरा दर्शन तो 1991 में ही दिवंगत हो गया था जब सात योजनाओं के बावजूद देश की विकास दर 3.5 फीसदी से ऊपर नहीं निकल सकी. अचरज तो इस बात पर होना चाहिए कि पिछले दो दशक में गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्रियों ने भी इस संविधानेतर संस्था और इसकी ताकत को बनाए रखने से परहेज क्यों नहीं किया? शायद योजना आयोग को खत्म करने के लिए किसी गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री के प्रधानमंत्री बनने की जरूरत थी जिसने आर्थिक योजना के उस दंभ का लंबे समय तक सामना किया हो. योजना आयोग जिसका पुरोधा बन गया था.

जहां बस चंद लोग देश की जरूरत समझने के अहंकार के साथ नीतियां और योजनाएं तय करते थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से उस संस्था की विदाई का ऐलान कर रहे थे जो अपने जन्म के 20 साल बाद से ही वित्त आयोगों की उलझन और राज्य सरकारों की हिकारत का सबब बन गई, क्योंकि इसे आर्थिक नियोजन में नहीं बल्कि केंद्रीय संसाधनों की राजनैतिक बंदरबांट में दक्षता हासिल थी. यह बंटवारा  शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, गरीबी उन्मूलन पर केंद्रित विभिन्न नाम रूप वाली दसियों केंद्रीय योजनाओं की ओट में होता रहा है. आज की मनरेगा, शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य मिशन आदि इस परंपरा के नए वारिस हैं.

पंचवर्षीय योजनाओं ने कभी अपेक्षित नतीजे नहीं दिए. गरीबी उन्मूलन और संतुलित विकास के सुहाने लक्ष्य हमेशा छलते रहे और केंद्रीय योजनाओं के असर-अमल की मॉनिटरिंग कागजी रह गई, इसलिए लाइसेंस परमिट राज के विदा होते ही योजना आयोग के मार्गदर्शन की जरूरत भी खत्म हो गई थी. योजना आयोग को बंद करने की नौबत इसकी असफलताओं के कारण नहीं बल्कि इसकी विवादित ‘सफलता’ के कारण आई है. केंद्रीय संसाधनों को राज्यों के बीच बांटने की व्यवस्था तय करने का संवैधानिक अधिकार (अनुच्छेद 280) केवल वित्त आयोग के पास है जो हर पांचवें साल यह काम करता है. लेकिन 1950 में बने योजना आयोग ने केंद्रीय संसाधन बांटने के एक संविधानेतर, समानांतर मॉडल को सफलता के साथ स्थापित कर दिया जो वित्त आयोग की भूमिका को सीमित करता था और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के जरिए राजनैतिक पैमानों पर, राज्यों के बीच संसाधन बांटता था. यही वजह है कि कांग्रेसी आर्थिक नियोजन के इस छह दशकीय ढांचे को ढहाते हुए, राज्यों की मौन सहमतियां मोदी सरकार के साथ हैं.

योजना आयोग की व्यवस्था पर पहली आपत्ति महावीर त्यागी की अध्यक्षता वाले पांचवें (1969) वित्त आयोग ने दर्ज कराई. 1973 में के ब्रह्मनंद रेड्डी (आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री) के नेतृत्व वाले छठे वित्त आयोग ने इस विसंगति को पुनः रेखांकित किया और सत्तर का दशक शुरू होते-होते, मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय योजनाओं के प्रपंच पर खुलकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. योजना आयोग के सदस्य बी.के. चतुर्वेदी समिति की रिपोर्ट (2011) प्रमाण है कि पिछले छह दशकों में लगभग प्रत्येक कांग्रेसी और गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने इस स्कीम राज का विरोध किया है. इसकी वजह यह है कि केंद्र सरकार बजट से राज्यों के लिए हर साल जो मदद देती है, योजना आयोग उसे योजनाओं के जरिए राज्यों के बीच बांटता है. इस बंटवारे का कोई पारदर्शी पैमाना नहीं है. आवंटन को केंद्रीय स्कीम के तहत निर्धारित मकसद के तहत ही खर्च किया जा सकता है इसलिए अपने राज्य के विकास पर खर्च में राज्य सरकारों की आजादी साल दर साल घटती चली गई जबकि केंद्रीय योजनाओं की संख्या लगातार बढ़ते हुए नौवीं पंचवर्षीय योजना में 360 तक पहुंच गई. 11वीं योजना में हर साल लगभग करीब एक लाख करोड़ रु. इन योजनाओं से बांटे गए. अर्थशास्त्री व 13वें वित्त आयोग की सदस्य इंदिरा राजारमन का शोध बताता है कि 1950 से लेकर 2007 तक 55 वर्षों में राज्यों में सत्ता परिवर्तन के आधार पर योजना आवंटन कम या ज्यादा होते रहे हैं.

राज्यों में मुफ्त लैपटॉप, साइकिल, कंबल, साड़ी बांटने या बेकारी भत्ते जैसी योजनाओं के लिए योजना आयोग को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, क्योंकि केंद्र प्रायोजित योजनाएं राज्यों के बजट व नियंत्रण से बाहर होती हैं और इनके सियासी फायदे केंद्र की सत्ता में बैठी सियासी पार्टी को मिलते हैं. इसलिए राज्यों ने अपनी योजनाएं गढ़ लीं और एक प्रतिस्पर्धी लोकलुभावन स्कीम राज शुरू हो गया. केंद्र से गांवों को योजना भेजने का यह मॉडल पंचायती राज के प्रयोग के भी खिलाफ था इसलिए कांग्रेस की सरकारों ने पंचायतों को आजादी देने की अपनी ही सूझ का गला भी घोंट दिया.

योजना आयोग जैसी व्यवस्था को खत्म करने के लिए कांग्रेस की ऐतिहासिक हार जरूरी थी. 1967 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की पहली बड़ी चुनावी पराजय के बाद ही केंद्रीय सहायता को राज्यों के बीच बांटने का गाडगिल मुकर्जी फॉर्मूला (1969) बना था. अलबत्ता योजना आयोग को बंद करने के ताजा विमर्श में केंद्रीय स्कीम राज को खत्म करने की चर्चा नदारद है. नरेंद्र मोदी अगर, मुख्यमंत्री के तौर पर अपने तजुर्बे का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उन्हें मालूम है कि बाजार अर्थव्यवस्था में योजना आयोग के किसी विकल्प की जरूरत ही नहीं है क्योंकि सरकार को सलाह देने के लिए सरकारी और निजी शोध संस्थाएं और सलाहकार परिषदें पहले से मौजूद हैं. योजना आयोग को बंद करने का मतलब, दरअसल दंभ और अपारदर्शिता से भरे केंद्रीय स्कीम राज की समाप्ति है, जो विकास के फैसलों में राज्यों की आजादी का अपहरण करता है. यदि ऐसा नहीं हुआ तो योजना आयोग का केवल नाम बदलेगा और आर्थिक सत्ता का यह समानांतर केंद्र मुट्ठी भर नए लोगों के हाथ में सिमट जाएगा.

ADVERTISEMENT
Advertisement