नासा के लिए गोल्ड मेडल क्यूरिऑसिटी ने सफल लैंडिंग की.'' कैलिफोर्निया की सिलिकॉन वैली के बीचोबीच स्थित नासा एमीज रिसर्च सेंटर के प्रवेश द्वार पर लगे विशाल इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड पर सोमवार 6 अगस्त की सुबह कुछ ऐसा ही मैसेज था. पिछली रात बोर्ड से कुछ ही कदम आगे स्थित शेननदोआ प्लाजा हजारों अंतरिक्ष प्रेमियों से भरा हुआ था जो जिज्ञासु मानव मस्तिष्क के एक जबरदस्त कदम का अनुभव करने के लिए बेताब थेः मंगल ग्रह की ऊपरी सतह पर स्थित क्रेटर (ज्वालामुखी का मुंह) गेल पर नासा के मार्स रोवर क्यूरिऑसिटी की लैंडिंग.
अंतरिक्ष यान क्यूरिऑसिटी ने एक शाश्वत जिज्ञासा को शांत करने के लिए आठ माह पंद्रह दिन तक 35.2 करोड़ मील की यात्रा कीः क्या लाल ग्रह पर किसी भी प्राणी के लिए अनुकूल वातावरण है? इस सफल लैंडिंग के साथ ही नासा के मंगल अभियान का एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण हिस्सा पूरा हो गया है. लेकिन इस खोज का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा और रोमांचक विज्ञान तो अभी शुरू होने वाला है.
5 अगस्त यानी रविवार की रात क्यूरिऑसिटी ने जैसे ही अपनी सोलो फ्लाइट के अंतिम और सबसे पेचीदा चरण में कदम रखा, 7,000 से ज्यादा लोग सैन फ्रांसिस्को की खाड़ी की खून जमा देने वाली ठंड की परवाह न करते हुए इस ऐतिहासिक अवसर की खुशियां मनाने के लिए बाहर निकल पड़े.
छह साल की लिज अपने मम्मी, डैडी और क्रिब में लेटे अपने छोटे भाई के साथ आई थी, मिडल स्कूल के छात्र बसों में आए थे, आसपास की सैकड़ों कंपनियों में काम करने वाले युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी मौजूद थे. वहां कैंप चेयर्स पर अंतरिक्ष प्रेमी बैठे हुए थे, स्टार ट्रेक के प्रशंसक, हिप्पी, खाने के सामान के ट्रक, पब्लिक लेक्चर, नासा के वैज्ञानिकों की देखरेख में चल रहे साइंस बूथ और शोर मचाते डीजे दिख रहे थे.
रात के करीब 10 बजे लोगों की उम्मीद उस समय दीवानगी की हद पार कर गई जब क्यूरिऑसिटी के मंगल की धरती को छूने की उलटी गिनती शुरू हुई. सभी की निगाहें वहां लगी बड़ी स्क्रीनों पर ठहर गईं. सात मिनट बाद बड़े पैमाने पर मुट्ठियां लहराने, तालियों की गड़गड़ाहट, उत्साह और चीख के बीच एक सपना साकार हुआः हम मंगल पर पहुंच चुके थे.
यह निस्संदेह नासा का अब तक का सबसे मुश्किल और महत्वाकांक्षी, रोबोटिक खोज अभियान है. सैकड़ों वैज्ञानिक इंजीनियरिंग के इस चमत्कार के लिए 14 साल से प्लानिंग, डिजाइनिंग, विकास और परीक्षण में लगे हुए थे. करीब एक टन का भारी पे-लोड होने की वजह से मंगल ग्रह की सतह पर पहुंचने से पहले क्यूरिऑसिटी की गति कम करने और उसकी सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बूस्टर रॉकेट के साथ एक असाधारण स्काई क्रेन और हेवी ड्यूटी केबल अनिवार्य हो गए थे.
26 नवंबर, 2011 को फ्लोरिडा के केप कैनेवरल स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च के बाद ही क्यूरिऑसिटी को हर तरह की विपरीत परिस्थितियों से निपटना पड़ा था. दुनिया ने तो बस इसका अंतिम चरण ही देखा हैः क्रूज चरण में अलग होना, मंगल ग्रह के वातावरण में प्रवेश, हीटिंग और स्लोडाउन और स्काई क्रेन से लैंडिंग.
सवाल उठता है कि आखिर मंगल की सतह पर क्यूरिऑसिटी करेगा क्या? क्यूरिऑसिटी पर सवार मार्स साइंस लैबोरेटरी (एमएसएल) दो साल के अपने जीवन काल में वहां कई तरह के वैज्ञानिक प्रयोग करेगी. इसकी वजह यह है कि मंगल भी पृथ्वी की तरह रहने लायक क्षेत्र में आता है, किसी तारे के आसपास स्थित एक क्षेत्र जहां किसी ग्रह की सतह पर पानी रह सकता है.
मंगल पर लिक्विड वाटर के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं, लेकिन इसके उत्तरी और दक्षिणी धु्रव बर्फ से ढके हुए हैं. अपने अत्याधुनिक कैमरों, रेडिएशन डिटेक्टर, स्पेक्ट्रोमीटर और वायुमंडलीय सेंसर के इस्तेमाल से क्यूरिऑसिटी मंगल के भूतत्व, मिट्टी की संरचना, वायुमंडल और अन्य पर्यावरणीय दशाओं के बारे में जानकारी धरती पर भेजेगा.
क्यूरिऑसिटी पर मौजूदा केमकैम नाम का केमिस्ट्री और कैमरा आधारित उपकरण लेजर बीम से शूट करेगा और मिट्टी एवं चट्टानों की बनावट के बारे में विश्लेषण करेगा. केमिस्ट्री और मिनरोलॉजी पर आधारित एक्स-रे उपकरण केमिन ऐसी धातुओं की मौजूदगी का पता लगाने की कोशिश करेगा जिनसे यह संकेत मिल सके कि क्या वहां लाखों साल पहले कोई पर्यावरण और जल था. मास्टकैम मंगल के धरातल की तस्वीरें लेगा.
सैंपल ऐनालिसिस ऐट मार्स (एसएएम) से प्रीबायोटिक क्षमता वाले कार्बनिक अणुओं की तलाश की जाएगी, जिनसे अतीत में यहां जीवन के किसी भी तरह के संकेतों की जानकारी मिल सकेगी. गेल क्रेटर के बीचोंबीच 5 किलोमीटर ऊंचा टीला मौजूद है. पिछले मंगल अभियानों से मिले आंकड़ों से यह संकेत मिले थे कि वहां पहले कभी प्रचुर मात्रा में जल रहा होगा.
यदि एमएसएल को धातुएं मिलती हैं जो जल और ऐसे जटिल कार्बनिक यौगिकों से बनी हों जिनमें कार्बन, हाइड्रोजन, नाइट्रोजन, ऑक्सीजन और सल्फर हों तो इसका अर्थ यह होगा कि वहां जीवन के लिए उपयुक्त पर्यावरण संबंधी दशाएं संभव हैं. एमएसएल की सफल लैंडिंग से अब हम ऐसे अहम सवाल करने की बेहतर स्थिति में हैं और हमें उम्मीद है कि एमएसएल से जो आंकड़े मिलेंगे, वे इन सवालों के जवाब तलाशने में काफी मददगार होंगे.
हम अंतरिक्ष खोज के स्वर्ण युग में प्रवेश कर रहे हैं. नासा के कई मौजूदा और आगामी अभियानों से ब्रह्मांड और उसके जीवन को देखने का हमारा नजरिया बदल जाएगा. नासा के एमेस रिसर्च सेंटर में तैयार केपलर मिशन से इसके साथ ही मिल्की वे गैलेक्सी के हजारों तारों का अध्ययन किया जा रहा है और पता लगाया जा रहा है कि आसपास के तारों पर स्थित निवास योग्य क्षेत्रों में पृथ्वी के आकार के ग्रह हैं या नहीं.
हबल स्पेस टेलीस्कोप से हासिल ब्रह्मांड की तस्वीरें हमें बचपन से ही मंत्रमुग्ध करती रही हैं. हबल और अन्य अंतरिक्ष टेलीस्कोप के बाद अब मौजूदा मिशन सोफिया (एक हवाई ऑब्जर्वेटरी) से एस्ट्रोनॉमी में क्रांति आ जाएगी. जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप को 2018 में लॉन्च किया जाना है जो बिग बैंग के बाद बने पहले चमकदार पिंड की तलाश करेगा और यह पता लगाएगा कि आकाशगंगाओं (गैलेक्सी) का विकास कैसे हुआ.
ग्रहों से जुड़े मिशन मेवन से मंगल हमारे और करीब आ जाएगा. हालांकि नासा अभियानों के अलावा और भी बहुत कुछ चाहता है. यह विज्ञान और इंजीनियरिंग के ग्लैमर के प्रति लाखों युवा मन को प्रेरणा देता रहा है, खासकर जिस तरह से इसने सेलिब्रिटी तैयार किए हैं उसे देखते हुए-चाहे वह क्यूरिऑसिटी के मिशन कंट्रोल में मोहॉक (हेयर स्टाइल) फ्लाइट डायरेक्टर हों (जो अब इंटरनेट पर सनसनी बन चुके हैं) या घर-घर में पहचान बना चुके नाम कल्पना चावला या सुनीता विलियम्स हों जो कई पीढ़ियों को प्रेरित कर रही हैं. यह ब्रह्मांड का आकर्षण ही है जो बहुत से भारतीय वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष, पृथ्वी, बायोलॉजिकल साइंसेज, एयरोनॉटिक्स या फ्लूड मैकेनिक्स के क्षेत्र में काम करने के लिए आकर्षित कर नासा ले आता है.
यह ऐसी कहानी है जो भारत में दोहराई जा सकती है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) भी इसी तरह से दुनिया के लिए प्रेरणा बन सकता है. चंद्रयान-1 सफल रहा है. उसने जो आंकड़े भेजे हैं उससे चांद पर जल की मौजूदगी साबित हुई है. इसरो अब चंद्रयान-2 लॉन्च करने की तैयारी में है.
यह ऐसा अभियान होगा जिसमें अगले कुछ साल में ऑर्बिटर और लैंड रोवर होगा. यह चांद की सतह पर मिट्टी और चट्टानों का परीक्षण करेगा और भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम को इससे भारी रणनीतिक बढ़त मिलेगी क्योंकि निकट भविष्य में चांद के लिए सिर्फ दो अन्य अभियान होंगेः चीन का अभियान चेंज-3 और नासा का एलएडीईई.
भारत सरकार ने हाल ही में मंगल ग्रह के लिए काफी उम्मीदों वाले एक ऑर्बिटर अभियान को मंजूरी दी है जिसे इसरो की अगले साल लॉन्च करने की योजना है.
कार्ल सैगन ने एक बार कहा था, ''हमारा जन्म सितारों से हुआ है.'' शायद हम इस शताब्दी में यह पता लगा लेंगे कि क्या किसी सितारे से जीवन की रचना हुई है. इससे यह मालूम होगा कि हम अकेले हैं या यह ब्रह्मांड जीवन से भरा हुआ है. उम्मीद है कि भारत इस प्रयास में एक प्रमुख साझेदार होगा.
पार्थ पी. बेरा नासा स्थित एमेस रिसर्च सेंटर में स्पेस साइंस और एस्ट्रोबायोलॉजी के रिसर्च साइंटिस्ट हैं.

