scorecardresearch
डार्क मोड

महाराष्ट्र-सेना की धीमी चाल

सहयोगी भाजपा के साये में शिवसेना अपने इतिहास में सबसे कम विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही

मंदार देवधर
मंदार देवधर
अपडेटेड 22 अक्टूबर , 2019

एक पखवाड़े पहले, ठाणे में एक कार्यक्रम में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से वरिष्ठ नागरिकों के एक समूह ने शिकायत की कि महाराष्ट्र सरकार ने उनके लिए बनाई गई कुछ योजनाओं को अधर में डाल दिया है. ठाकरे, तब सरकार में शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे की ओर मुड़े. शिंदे का उस क्षेत्र में खासा प्रभाव है और मुद्दों का जल्द से जल्द हल निकालने के लिए पहचाने जाते हैं.

राज्य में इस विधानसभा चुनाव में धारणा की लड़ाई लड़ रहे 59 वर्षीय ठाकरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, ''आप जानते हैं, मैं भी अगले साल से इन योजनाओं का लाभ उठा सकता हूं.'' इस चुनाव में कई मौकों पर शिवसेना को झुकना पड़ा है. पार्टी न केवल अपने इतिहास में सबसे कम विधानसभा सीटों (कुल 288 में से 124) पर चुनाव लड़ रही है, यह भाजपा के साथ गठबंधन में दूसरे पायदान की सहयोगी बनकर काम करने के लिए भी सहमत हुई है.

4 अक्तूबर को मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में ठाकरे ने कहा, ''मैंने महाराष्ट्र के कल्याण के लिए समझौता किया है. 124 [सीटें] छोटी संख्या दिखती हैं, पर शिवसेना इस बार अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी.'' वहीं, भाजपा और शिवसेना का कहना है कि गठबंधन में सब कुछ ठीक है, पर हकीकत कुछ और है. भाजपा के बागी, पांच क्षेत्रों में शिवसेना उम्मीदवारों को चुनौती दे रहे हैं; तो 15 सीटों पर शिवसेना के बागी भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं. सबसे बड़ा टकराव सिंधुदुर्ग जिले में एक प्रमुख सीट कांकावली में है, जहां भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश राणे को शिवसेना के उम्मीदवार के खिलाफ उतारा है.

सतर्क ठाकरे ने मुंबई की वर्ली सीट से अपने बेटे आदित्य की उम्मीदवारी को लेकर घबराहट को कम करने की कोशिश की है. वे मुख्यमंत्री या उप-मुख्यमंत्री के पद के लिए खुद के संभावित उम्मीदवार होने की बात को भी खारिज करते हैं.

शिवसेना के घोषणापत्र में 10 रुपए में अच्छा भोजन उपलब्ध कराने वाले भोजनालय, 1 रुपए में चिकित्सा सुविधाएं और गरीब किसानों को 10,000 रु. की मदद जैसे कई लोकलुभावन वादे भी हैं. पर ठाकरे जानते हैं कि इन्हें पूरा करने के लिए उन्हें बड़े भाई भाजपा की जरूरत होगी.

***

ADVERTISEMENT
Advertisement