नई दिल्ली के संसद मार्ग पर स्थित संचार भवन देश की आर्थिक यात्रा में कुछ सबसे अनैतिक मौकों का गवाह रहा है. जब देश का टेलीकॉम क्षेत्र कंगारुओं की तरह ऊंची छलांगें भर रहा था, तब मंत्रालय में एक झटके में कई मंत्री आए और गए. मौजूदा मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एसोसिएट एडिटर श्वेता पुंज के साथ बुनियादी ढांचे में निवेश और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के प्रति टेलीकॉम कंपनियों की अनिच्छा के बारे में बात की और अपनी नाराजगी छिपाई नहीं. बातचीत के कुछ अंशः
कॉल ड्राप्स के बारे में आप काफी मुखर रहे हैं. आपकी राय में क्या हो रहा है, हमें इतनी गिरावट क्यों देखनी पड़ रही है?
मंत्री के नाते मेरे दोहरे लक्ष्य हैं&टेलीकॉम क्षेत्र की वृद्धि और ग्राहकों को संतोषजनक सेवा. रेडिएशन के कथित नुक्सानदायक असर के पूरे मुद्दे पर मैं सार्वजनिक तौर पर उकसाने वाले अंदाज में बोलता रहा हूं. मैं कह यह रहा हूं कि बाद में होने वाले असर के बारे में कोई स्पष्ट चिकित्सकीय सबूत नहीं है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) इसका अध्ययन कर चुका है. मेरा कहना है, अगर कोई भी मुझे गैर-इरादतन ठोस सबूत दिखाने के लिए तैयार है, तो मैं बतौर मंत्री उस पर विचार करने को तैयार हूं. रेडिएशन तो हमेशा होगा. आप एक्स-रे के लिए जाएं तो रेडिएशन होगा. आप अपना मोबाइल चालू करें तो रेडिएशन होगा. आप अपना माइक्रोवेव चालू करें तो रेडिएशन होगा. आप एयरपोर्ट जाएं तो वहां रेडिएशन है. मुद्दा यह है कि क्या यह खतरनाक है, क्या नहीं है. इसलिए मैंने लोगों से अपील की है कि कॉल ड्रॉप्स के खिलाफ शिकायतें और टॉवर रेडिएशन के खिलाफ अभियान साथ-साथ नहीं चल सकते.
मैंने टेलीकॉम सचिव से कहा है कि वह सरकारी परिसरों में बीटीएस (बेस ट्रांसमिशन स्टेशन) लगाने की इजाजत देने के लिए शहरी विकास मंत्रालय से बात करें. मैं सभी मुख्यमंत्रियों को लिखने और उनसे निष्पक्ष तरीके से सही नीति बनाने के लिए कहने का प्रस्ताव करता हूं. तो, मंत्री के तौर पर मैं अपना काम कर रहा हूं, लेकिन जहां तक व्यवस्था को मजबूत बनाने की बात है, तो यह उनका (टेलीकॉम कंपनियों का) काम है. मैं बिल्कुल साफ तौर पर कहना चाहूंगा कि उन्हें अपनी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए और ज्यादा करने की दरकार है. मैं लोगों से और रेसीडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस से भी अपील करूंगा कि एक कथित आशंका पर जरूरत से ज्यादा जोर देना वाजिब नहीं है.
तो, मतलब यह कि टेलीकॉम कंपनियां बुनियादी ढांचे में पर्याप्त निवेश नहीं कर रही हैं.
मैं दोषारोपण के खेल में नहीं पड़ूंगा. मैं उनसे सिर्फ इतना आग्रह कर रहा हूं कि कॉल ड्रॉप्स की जरूरी समस्या से निबटने के लिए उन्हें सबसे पहले अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना होगा. बात बिल्कुल सीधी और सपाट है. बुनियादी ढांचा अहम है. और मैं राज्य सरकारों से भी गुजारिश करूंगा कि बीटीएस के मुद्दे को बुनियादी ढांचे के हिस्से की तौर पर देखें. मैं अपनी तरफ से चार कदम ज्यादा चलने को तैयार हूं और ऐसा ही उन्हें भी करना चाहिए.
भारतीय टेलीकॉम कंपनियां बाकी दुनिया में उनकी समकक्ष कंपनियों को औसतन हासिल स्पेक्ट्रम से भी बहुत कम से काम चला रही हैं. आपकी राय क्या है?
हमने चार बैंड में 470 मेगाहर्ट्ज पेश किए थे और 450 मेगाहर्ट्ज बिक गए. रक्षा स्पेक्ट्रम के साथ जोडऩे और मिलाने का काम पहले से ही चल रहा है. और जितना भी स्पेक्ट्रम मुक्त किया जा सकता है, उपलब्ध करवाया जाएगा. लेकिन यह पूरी दलील मुझे समझ में नहीं आती कि जब तक ज्यादा स्पेक्ट्रम नहीं होगा, हम सिस्टम को मजबूत नहीं बनाएंगे. हाल ही के पिछले दौर में आपको स्पेक्ट्रम मिल ही चुका है, आप इसे और मजबूत बनाइए. टेलीकॉम कंपनियों को अपने भीतर झांकने की जरूरत है.
गुणवत्ता के मुद्दों को सुलझाने के लिए क्या दूरसंचार नियामक ट्राइ को अपनी तरफ से ज्यादा बढ़-चढ़कर भूमिका नहीं निभानी चाहिए?
हमने जरूरत के मुताबिक प्रोत्साहन या हतोत्साहित करने की एक व्यवस्था बनाने के बारे में नियामक से पहले ही एक रिपोर्ट औपचारिक तौर पर मांगी है.
स्पेक्ट्रम इतने सारे महकमों में बांटा जाता है. अंतरिक्ष, रक्षा, पुलिस. ऐसा लगता है कि टेलीकॉम महकमे को ज्यादा स्पेक्ट्रम हासिल करने के लिए मोलभाव में काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है.
आपको ऐतिहासिक नजरिए से देखना होगा. लैंडलाइन के लिए आपको स्पेक्ट्रम की जरूरत नहीं पड़ती थी, ये सब केबल पर आधारित थे. स्पेक्ट्रम की अहमियत तभी सामने आई जब मोबाइल फोन लांच किए गए, इसलिए स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल परंपरागत तौर पर रक्षा क्षेत्र में ही किया जा रहा था. उसके बाद कुछ हद तक अंतरिक्ष और पुलिस में किया जा रहा था. स्पेक्ट्रम पर असली दबाव मोबाइल फोन का चलन बढऩे के बाद ही इतना ज्यादा पड़ा. उन्हें जोडऩे और मिलाने का मुद्दा भी अब लंबे वक्त से रक्षा मंत्रालय में लंबित है.
क्या और स्पेक्ट्रम की नीलामी की जाएगी?
हां, हमारे पास और स्पेक्ट्रम मौजूद है, हम नीलामी करेंगे. लेकिन स्पेक्ट्रम की कमी के बारे में यह लगातार हाय-तौबा मचाना, मुझे पसंद नहीं है. सिस्टम को मजबूत नहीं बनाने के बहाने की तरह इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.
टेलीकॉम कंपनियां पहले अपना इन्फ्रास्ट्रक्चर दुरुस्त करें: रविशंकर प्रसाद
मौजूदा मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एसोसिएट एडिटर श्वेता पुंज के साथ बुनियादी ढांचे में निवेश और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के प्रति टेलीकॉम कंपनियों की अनिच्छा के बारे में बात की और अपनी नाराजगी छिपाई नहीं. बातचीत के कुछ अंशः

अपडेटेड 20 जुलाई , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
