scorecardresearch

देश का मिज़ाज सर्वे 2024 : एक्टिंग में अमिताभ और दीपिका क्यों हैं लोगों की पहली पसंद?

देश का मिज़ाज सर्वे 2024 में अमिताभ बच्चन फिर काबिज हुए अपने सिंहासन पर, और अब पहले से भी मजबूत होते लग रहे. कल्कि 2898 एडी में उनके साथ काम करने वालीं दीपिका पादुकोण भी फिर नंबर 1 ऐक्ट्रेस की कुर्सी पर जा पहुंचीं

नंबर एक सिंहासन पर : अमिताभ बच्चन
नंबर एक सिंहासन पर : अमिताभ बच्चन
अपडेटेड 12 सितंबर , 2024

भले 81 साल की उम्र में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पांच दशकों की राजनीति को अलविदा कह चुके हों लेकिन अमिताभ 'सदाबहार' बच्चन अभी भी परदे पर अपने से आधी उम्र के कलाकारों के साथ लोहा ले रहे हैं. इस तरह वे न सिर्फ दर्शकों का दिल जीत रहे हैं, बल्कि कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रहे हैं.

एक ओर 'कौन बनेगा करोड़पति' में अपनी वाक्पटुता, आकर्षण और गंभीरता का गजब का संतुलन और दूसरी ओर संजीदा तथा चुटीले ट्वीट्स. इन सबके जरिए वे कुछ इस तरह की मास्टर क्लास दे रहे हैं कि सिनेमाई करियर को किस तरह से धारदार बनाए रखा जाए.

और इस तरह से उन्होंने वह गद्दी भी वापस पा ली है जो इस साल की शुरुआत में शाहरुख खान ने उनसे छीन ली थी, जब उनकी लगातार दो ब्लॉकबस्टर ने 2023 में शानदार प्रदर्शन किया था. इस साल अभी तक शांत बैठने के बाद शाहरुख अब अगले प्रोजेक्ट अपने होम प्रोडक्शन किंग में दिखाई देंगे. इसमें वे अपनी बेटी सुहाना खान के साथ परदे पर होंगे.

इंडिया टुडे के ताजा देश का मिज़ाज जनमत सर्वेक्षण से यह भी संकेत मिलता है कि बात जब जनता में लोकप्रियता की हो तो अमिताभ और शाहरुख दोनों ही अपना अलग-अलग और खास मुकाम रखते हैं. इस मामले में उन दोनों के और बाकियों के बीच बड़ा लंबा फासला है.

बाद के उन नामों में सलमान खान और अक्षय कुमार समेत दूसरे कई सितारे शामिल हैं. अक्षय कुमार तो जैसे बॉक्स ऑफिस पर अपनी चमक ही गंवा चुके हैं. पुष्पा 2: द रूल के प्रति लोगों में रोमांच का नतीजा यह है कि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता तेलुगु स्टार अल्लू अर्जुन भी लोकप्रियता की इस कतार में शामिल हैं. सच तो यह है कि शीर्ष पांच में जगह बनाने वाले वे दक्षिण के इकलौते सितारे हैं.

दीपिका पादुकोणः देश की नंबर 1 हीरोइन

उधर, अभिनेत्रियों में दीपिका पादुकोण ने दो बड़ी ऐक्शन फिल्मों फाइटर और कल्कि की कामयाबी के दम पर अपना दबदबा मजबूत किया है. पिछले कुछेक वर्षों से वे विदेश में भारतीय सिनेमा की प्रतिनिधि बनकर उभरी हैं; 2024 में बाफ्टा (ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म ऐंड टेलीविजन अवार्ड्स) में उनकी मौजूदगी ने खासी सुर्खियां बटोरीं. अगले महीने मां बनने के साथ वे कुछ महीने बड़े परदे से गायब रहेंगी. लेकिन उनसे आलिया भट्ट की तरह वापसी की उम्मीद है, जो सर्वे में तीसरे नंबर पर हैं.

दूसरे स्थान पर कैटरीना कैफ काफी दूरी पर खड़ी हैं, जिनकी जनवरी में रिलीज हुई मेरी क्रिसमस में उनकी प्रयोगधर्मिता और अदाकारी के कौशल के दर्शन हुए. फिल्म पुष्पा में श्रीवल्ली के रूप में खासी चर्चित हुईं रश्मिका मंदाना चौथे स्थान पर हैं. अनुष्का शर्मा ने शीर्ष पांच में जगह बनाई हुई है, जिससे यह साबित हुआ कि क्रिकेट मैचों में लगातार दिखाई देने से फिल्म रिलीज की कमी पूरी हो जाती है.

दिलचस्प यह भी है कि ये सभी सितारे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के विवाह के मौके पर अपनी रंगत बिखेरते दिखे, जो 2024 की सुर्खियों में छाया रहा है. देश का मिज़ाज सर्वेक्षण में लगभग 36 फीसद ने कहा कि अंबानी परिवार के अपने सबसे छोटे बच्चे की शादी को पूरी तड़क-भड़क के साथ सेलिब्रेट करने में कुछ भी गलत नहीं था, जबकि 30.1 फीसद ने कहा कि यह ''दौलत का भोंडा दिखावा'' था.

ओटीटी प्लेटफॉर्म ने मिर्जापुर में कालीन भैया के किरदार से चर्चित पंकज त्रिपाठी और द फैमिली मैन में श्रीकांत तिवारी का किरदार करने वाले मनोज वाजपेयी को घर-घर में मशहूर कर दिया है. इन दोनों के बाद अभिषेक बच्चन, बॉबी देओल और नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नंबर है, जो स्ट्रीमिंग की दुनिया में आने वाले पहले अभिनेताओं में से रहे हैं.

बेशक, सुष्मिता सेन आर्या और ताली में अपने दमदार अभिनय के साथ ओटीटी क्वीन बनी हुई हैं. रवीना टंडन के 2024 के दो काम—वेब सीरीज कर्मा कॉलिंग और डिजिटली रिलीज दो फीचर फिल्में—ने उन्हें दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया.

हंसी-ठिठोली के मामले में लोगों ने हमेशा की तरह जाने-पहचाने चेहरों को ही चुना. कपिल शर्मा भले ही टीवी से स्ट्रीमिंग (नेटफ्लिक्स) पर पहुंच गए हों, लेकिन उनके दर्शक ठहरे हुए हैं. सोनी पर उनकी जगह स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने खुद के वैरायटी शो आपका अपना जाकिर से भरी है. इसके अलावा भारती सिंह, मल्लिका दुआ और सुगंधा मिश्रा लाफ्टर क्वींस बनी हुई हैं.

Advertisement
Advertisement