आपने करियर के छह बेस्ट थ्रो 2022 में फेंके. इस पूरे साल आपको क्या मिला?
ट्रेनिंग के दौरान मैंने अपनी टेक्नीक के कुछ खास पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया, मसलन भाले को फेंकते वक्त सटीक दिशा क्या होनी चाहिए. मेरी सोच भी बदली है, ओलंपिक के बाद आत्मविश्वास बढ़ा है. अब मुझे लगता है कि मैं विश्वस्तरीय एथलीट्स के बराबर परफॉर्म कर रहा हूं. इसने कमाल का असर किया है.
आपका ऑफ सीजन कैसा रहा?
मैं परिवार के साथ स्विट्जरलैंड में था. एक प्रोग्राम के लिए टोक्यो भी गया जहां ओलंपिक स्वर्णपदक की यादें ताजा हो गईं. जब घर पर होता हूं तो खाने-पीने पर काबू नहीं रह जाता, जमकर मिठाइयां लपेटता हूं. फिर ट्रेनिंग शुरू होने पर दो-एक हफ्ते बड़ा मुश्किल हो जाता है. धीरे-धीरे ट्रेनिंग के माइंडसेट में आता हूं.
2023 में विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेल महीने भर के भीतर ही हैं. तो अगले सत्र के लिए आपके क्या लक्ष्य हैं?
मकसद यही है कि दो आयोजनों के लिए समय पर अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन पर पहुंच जाऊं. डायमंड लीग, एशियाई चैंपियनशिप, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेल ये कुछ खास कंपीटिशन हैं. 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए ट्रेनिंग का मूमेंटम भी बनाए रखना है.
90 मीटर का मार्क अब भी दूर की कौड़ी लगता है?
यह भी एक नंबर ही तो है! मुझे पता है मैं वहां तक लगभग पहुंचा हुआ ही हूं. स्टॉकहोम (डायमंड लीग) में 89.94 मीटर तक पहुंच ही गया था न. वह थ्रो भी जिस दिन पहुंचना होगा, पहुंच जाएगा. ज्यादा टेंशन नहीं.
आप मार्वल स्टुडियो की फिल्म ब्लैक पैंथर: वकांडा फॉरएवर के प्रोमो में नजर आए. आपमें अगर सुपरपावर होती तो आप क्या चाहते?
यही कि हवा की चाल से आ-जा सकूं. कहते हैं ब्रह्मांड अनंत है. तो मैं जाकर जरा देखना चाहता हूं कि आखिर कितना बड़ा है. एक अरब प्रकाश वर्ष माने कितना.
—शैल देसाई.

