scorecardresearch
डार्क मोड

कांप रही थी बच्चन साहब के सामने

द ब्रोकन न्यूज नाम की सीरीज से डिजिटल डेब्यू कर रहीं ऐक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे अपने किरदार, कैंसर के इलाज और निरमा के विज्ञापन जैसे पुराने दिनों की यादों के बारे में.

सोनाली बेंद्रे
सोनाली बेंद्रे
अपडेटेड 20 जून , 2022

 निरमा का ऐड करते वक्त क्या आपको लगा था कि वह इतना फेमस हो जाएगा?

नहीं. उस वक्त मैं बड़ी स्टार नहीं थी. इस वजह से मुझे एक पॉपुलर साबुन कंपनी का ऐड नहीं मिला था. मैंने सोचा कि यह नहीं मिला तो क्या हुआ, किसी और साबुन-सर्फ का ऐड कर लेंगे. फिर निरमा का ऐड मिला, जो शायद मैंने कभी सोचा भी न था. उसके बाद तो करीब आठ साल तक निरमा का विज्ञापन किया.

 हमारी फिल्मों में हीरोइन्स को एक उम्र के बाद लीड वाला काम नहीं मिलता, जबकि हीरो उसी इमेज में दिखते हैं. उनकी उम्र की हीरोइन को उनकी मां बना दिया जाता है.

ये सचाई है. जिन हीरोज के साथ मैंने काम किया, वे अभी भी वैसे रोल कर रहे हैं पर मुझे वैसे रोल नहीं मिलेंगे. मैं कहूंगी कि जो मैं कर चुकी हूं, उसमें मुझे कोई दिलचस्पी नहीं. मुझे अलग चीजें, नई चुनौतियां चाहिए. ओटीटी की वजह से नए मौके मिले हैं. नए दरवाजे खुल गए हैं.

 द ब्रोकन न्यूज में अपने किरदार के बारे में बताइए.

आवाज भारती चैनल की एडिटर-इन-चीफ अमीना कुरैशी के किरदार में आपको कई लोगों की इमेज दिखेगी. इसकी सबसे अच्छी बात यह लगी कि मैंने अपनी उम्र की महिला का रोल किया है. उसकी एक जर्नी रही है. इंटर्न, ट्रेनी रिपोर्टर और कॉरेस्पॉन्डेंट से होते हुए वह यहां तक पहुंची है. तो उसकी अपनी एक जर्नी है. एक औरत के लिए यहां तक पहुंचना आसान नहीं होता.

 कैंसर वाले फेज से उबरने के लिए आपने क्या किया?

मैं अभी भी हील हो रही हूं. किसी दिन ज्यादा दर्द होता है, तो किसी दिन कम. यह एक प्रोसेस है. योग, स्वस्थ भोजन और प्राणायाम ने मेरी बहुत मदद की. कैंसर से भी भयानक उसकी कीमोथेरेपी है. अगर आप उसे जल्दी नहीं पकड़ते, तो वह फैल जाता है. आपको तुरंत ऐक्शन लेना पड़ता है.

 आप किस ऐक्टर की फैन हैं?
कोई एक नाम लेना मुश्किल है. बचपन में अमिताभ बच्चन की फिल्में देखी थीं. उनकी बहुत बड़ी फैन हूं. उनके साथ मेजर साब में पहली बार काम करने का मौका मिला तो पहली मुलाकात में मेरे घुटने कांप रहे थे.

-यमन देव शर्मा

ADVERTISEMENT
Advertisement