मनुज धारीवाल 12 साल की उम्र में अपने दादा-दादी के साथ स्क्रैबल और कैनास्टा खेलते थे. अब 26 साल के हो चुके मनुज ने कभी सोचा नहीं था कि वे खुद अपना बोर्ड गेम बना लेंगे. आइआइटी गुवाहाटी से डिजाइन इंजीनियरिंग करने वाले मनुज ने साल 2008 में अपने 29 वर्षीय भाई रजत और 30 वर्षीया करीबी रिश्तेदार मधुमिता के साथ मिलकर हिंदी में भारत का पहला बोर्ड गेम 'अक्षरित' पेश किया. इसमें 200 गोटियां हैं (100 अक्षरों के लिए और 100 मात्राओं के लिए).
इस गेम को 2008 में आइआइएम कोलकाता की आइडियाज टू इंप्लीमेंटेशन प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार मिला. पिछले चार साल में इस रंगारंग बोर्ड गेम ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3,000 ग्रामीण और सरकारी स्कूलों में 3,00,000 से ज्यादा छात्रों के लिए हिंदी सीखने को एक खेल बना दिया है.
आइआइटी ग्रेजुएटों की यह तिकड़ी अब अक्षरित को 11 क्षेत्रीय भाषाओं में देश भर में ले गई है. इसके डिजिटल रूप के साथ इसे साइबर स्पेस में भी लाया गया है. मैडरैट गेम्स नाम से अपनी कंपनी बनाने वाले मनुज कहते हैं, ''गेम में बिना कोशिश के मस्ती में सिखाने की शक्ति होती है. साथ ही वे चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी देते हैं.''
मैडरेट टीम की ही तरह कई पेशेवर भारत के छोटे बच्चों के सीखने के तौर-तरीके बदलने में लगे हैं. टेक्स्ट बुक और ब्लैकबोर्ड के घिस चुके तरीकों को अलविदा कह नए युग के ये शिक्षक ऐसे गेम विकसित कर रहे हैं और उनमें ऐसी नई अनूठी तकनीकों का समावेश कर रहे हैं, जिससे सीखने की प्रक्रिया को ज्यादा इंटरेक्टिव और रुचिकर बनाया जा सके.
सीखना बात करने और आदान-प्रदान करने की तरह मजेदार हो. चाहे खेलकूद में अपना कौशल निखारना हो या 3डी मॉडल के जरिए कंकाल-प्रणाली को जानना हो, शिक्षा की प्रक्रिया में मनोरंजन और मौज-मस्ती को शामिल करने का आंदोलन ही चल पड़ा है.
के. शरतचंद्र (32 साल) ने बच्चों को अंकगणित की मूलभूत बातें सिखाने के लिए घर-घर में मौजूद सांप-सीढ़ी के लोकप्रिय खेल में थोड़ा-सा बदलाव किया. आइआइटी-आइआइएम में पढ़ाई कर चुके शरत ने बच्चों को साइंस और मैथ्स के सिद्धांत सिखाने के लिए हैदराबाद में एक हॉबी सेंटर के रूप में बटरफ्लाई फील्ड्स की शुरूआत की. उन्होंने 2008 में छोटे-छोटे विज्ञान केंद्र और कॉन्सेप्ट मैप बनाने और शिक्षकों की ई-लर्निंग सामग्री तैयार करने के लिए स्कूलों के साथ साझेदारी की.
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में 4,000 निजी और सरकारी स्कूलों के साथ साझेदारी कर चुके शरत अब मैथ्स और साइंस के कार्ड गेम, बोर्ड गेम और ऐसी एक्टिविटी तैयार करते हैं, जो आंध्र प्रदेश राज्य बोर्ड, आइसीएसई और सीबीएसई के पाठ्यक्रमों के अनुरूप हों.
शरत कहते हैं, ''एक बच्चा किताब पढ़ने और यहां तक कि एक वीडियो के जरिए कुछ बताए जाने की तुलना में भी खुद कुछ करके बेहतर ढंग से सीख पाता है. हम इस बात पर ध्यान देते हैं कि बच्चा किसी अवधारणा को सीखते समय उसके पीछे के सिद्धांतों को भी समझे.'' उनकी कंपनी ऐसे 350 से भी ज्यादा मॉडल और गेम तैयार कर चुकी है.
टेक्नोलॉजी भी ऐसे विचारों में मददगार बन रही है.
सबजेक्ट को अब ई-बुक और मोबाइल एप्लिकेशन में ढाला जा रहा है, जिन्हें नई पीढ़ी खूब पसंद करती है. सौम्य बनर्जी (52 साल) ने 2009 में अत्तानो डॉटकॉम की शुरुआत की और टेक्स्ट बुक को डिजिटल संसार में ले आए. ये किताबें पढ़ते समय पाठक पन्नों को बुकमार्क कर सकते हैं और उन पर टिप्पणियां लिख सकते हैं. इन किताबों में बच्चे की सीखने की पद्धति को भी परखा जा सकता है और उसे नंबर दिए जा सकते हैं.
मुंबई में रहने वाले बनर्जी कहते हैं, ''तकनीक ने किताबों को विकसित होने और ऑडियो-वीडियो क्लिप जैसे माध्यमों को अपने अंदर समा लेने लायक बनाया है. देश के विभिन्न कोनों में बैठे छात्र उसी किताब को एक साथ देख सकते हैं.'' यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन, अमेरिका से कंप्यूटर विज्ञान में मास्टर डिग्री लेने वाले बनर्जी अपने 20 साल के कॉर्पोरेट अनुभव का प्रयोग शिक्षा में बदलाव के लिए करना चाहते थे. उनकी 200 किताबों के इस वक्त 50,000 से ज्यादा पाठक हैं.
जयपुर के 29 वर्षीय प्रफुल्ल माथुर ने जब देखा कि मोबाइल-युग की पीढ़ी पामटॉप स्क्रीन पर दिखने वाली किसी भी चीज को फटाफट लपक लेती है तो दिसंबर 2011 में उन्होंने मनी गेम्स शुरू किया. यह एक मोबाइल ऐप्प है, जो बच्चों को बैंक में लेन-देन की मूलभूत बातें सिखाता है. बचत, संपत्तियां, बैंक खाता और देनदारी जैसे शब्दों से परिचित होने के अलावा बच्चे इसमें अपने वित्तीय लक्ष्य तय करना और एक तय अवधि में उस लक्ष्य को पाने के लिए अपनी योजनाएं बनाना भी सीखते हैं.
यूके के बैंकिंग जगत में अपने कार्यकाल के बाद 2009 में भारत लौट कर अपनी कंपनी क्वेपलिन शुरू करने वाले माथुर कहते हैं, ''शैक्षणिक एप्लिकेशन विज्ञान को इस तरह जीवंत बना सकते हैं, जो टेक्स्ट बुक के लिए संभव नहीं है. बच्चों की शिक्षा के संदर्भ में तकनीक सीखने के तरीकों का वैसा ही विस्तार कर सकती है, जैसा कि लीगो ब्लॉक और कला सामग्रियों ने किया था. ये बच्चों को वैसे पशुओं, भूस्थलों और गतिविधियों से परिचित करा सकते हैं जिनका व्यक्तिगत रूप से अनुभव करना उनके लिए संभव न हो.''
तकनीक और शिक्षा का आपस में मेल करवाने वाले 40 वर्षीय संजीव मनसोत्रा की कोर एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजीज ने भारत में 3डी शिक्षा की शुरुआत की. मुंबई में कंपनी के पोर्टेबल 3डी लैब में छात्र बोर्ड पर चॉक से बने चित्रों के बदले 3डी कंकाल प्रणाली और अंगों के जरिए मानव शरीर के बारे में सीख सकते हैं. वे कहते हैं, ''तकनीक शिक्षा को और ज्यादा आकर्षक और मजेदार बनाती है. इससे शिक्षा का विस्तार भी होता है. तकनीक की मदद से पढ़ाई शिक्षा को अधिक-से-अधिक फैलाने और गुणवत्ता बढ़ाने की भारत सरकार की नीतियों के भी अनुरूप है.''
जहां ज्यादातर लोग सिलेबस से जुड़ी शिक्षा के लिए अपने समाधान देने में लगे हुए हैं, वहीं 39 वर्षीय श्रीनिवास राव चीडेल्ला और उनके सहयोगी 40 वर्षीय अनुराग जैन ने डेल सर्विसेज में 2010 में अपनी नौकरी छोड़कर भारत के सबसे बड़े पेशेवर शिक्षा संस्थान की शुरुआत की. भारत में विभिन्न प्रकार की कुशल श्रमशक्ति की मांग और आपूर्ति में तकरीबन 80 लाख का अंतर है और उनकी योजना इसी भारी फर्क को पाटने की थी.
अब दो साल बाद उनकी कंपनी लॉरस एजुटेक के देश भर में 140 केंद्र हैं, जहां वे हर साल 34,000 लोगों को इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, मेडिकल लैब असिस्टेंट, दर्जी, ऑटो मैकव्निक आदि के रूप में प्रशिक्षित करते हैं. इन लोगों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के अलावा यह केंद्र शैक्षणिक गेम के जरिए नैतिकता और पेशेवर व्यवहार के महत्व को भी सिखाता है. चीडेल्ला कहते हैं, ''हर गेम के अंत में यह संदेश देने का प्रयास होता है कि अच्छा कामगार बनने में ही ज्यादा से ज्यादा फायदा है. कोरे सिद्धांत को समझने के बजाय हम अपने छात्रों का चरित्र निर्माण भी करना चाहते हैं. लेकिन सिर्फ उपदेश देना ही काफी और प्रभावशाली नहीं होता.''
देव रॉय (39 वर्ष) जब लंदन में बार्कलेज कैपिटल में एक शानदार और सफल कॅरियर के बाद 2009 में हिंदुस्तान लौटे तो उन्होंने बंगलुरू के छात्रों को खेलकूद में रुचि और बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने में मदद करने का फैसला किया. वे जिस शहर में बड़े हुए थे, उसे लेकर उनके मन में एक खास तरह की स्मृतियां और लगाव की भावना थी. उन्होंने किंडरगार्टन से उच्च विद्यालय तक के छात्रों के लिए शारीरिक शिक्षा और खेलकूद के कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए लीपस्टार्ट की शुरुआत की. उनके खेलों के मॉड्यूल में सैन डिआगो स्टेट यूनिवर्सिटी रिसर्च फाउंडेशन नाम के रिसर्च आधारित लोक-स्वास्थ्य संगठन स्पार्क की भी बातें शामिल थीं.
स्पार्क के कार्यक्रम आजीवन तंदुरुस्ती को बढ़ावा देते हैं. यहां बच्चों को अपारंपरिक चीजें सिखाई जाती हैं, मसलन अपने आपको चोटिल किए बिना कैसे गिरें. साथ ही यहां एक खास किस्म का सामाजिक व्यवहार और कौशल भी सिखाया जाता है, जैसे एक-दूसरे के साथ संवाद करना. इसके विभिन्न मॉड्यूल उम्र के अनुरूप और प्रगतिशील हैं. सीखने में अक्षम बच्चों के लिए भी विशेष रूप से बनाया गया एक शारीरिक शिक्षा कार्यक्रम रखा गया है.
वे कहते हैं, ''अगर आपने बचपन में कभी कोई खेल नहीं खेला हो या मिसाल के तौर पर कभी नाटकों में कोई किरदार नहीं निभाया हो तो अपने जीवन में 21 साल की उम्र में वित्तीय दुनिया में कदम रखते समय आप अपने जीवन में बहुत-सी ऐसी जरूरी बातों और कौशल से वंचित होंगे, जैसे कि कंपीटिशन के दौरान आपस में सहयोग कैसे करें या कैसे नेतृत्व करें.'' इस कंपनी के कार्यक्रमों में 100 स्कूल हिस्सा ले रहे हैं.
अब युवा भारतीय माता-पिता अपने बच्चों की शिक्षा के बारे में नया नजरिया अपना रहे हैं, जिसके चलते नए युग की ये सेवाएं तेजी से जोर पकड़ रही हैं. इन्फोएज (इंडिया) से 11.5 करोड़ रु. की आरंभिक पूंजी पाकर 2009 में शुरुआत करने वाली मेरिटनेशन डॉटकॉम ने दो साल के अंदर 20 करोड़ रु. और जुटा लिए हैं.
यह वेबसाइट प्रश्नोत्तरी, वीडियो, गेम और पहेलियों के रूप में पाठ्य सामग्री को मजेदार ढंग से प्रस्तुत करती है. इसकी सामग्री सीबीएसई, आइसीएसई और 12 राज्यों के बोर्डों के सिलेबस के अनुरूप है. इस वेबसाइट पर एक वर्चुअल क्लास है, जिसमें देश भर के 32 लाख छात्र हैं. आइआइएम बंगलुरू के अपने साथी रितेश हेमराजानी के साथ मिल कर मेरिटनेशन की शुरुआत करने वाले 38 वर्षीय पवन चौहान कहते हैं, ''हमने महसूस किया कि वीडियो और एनिमेशन न केवल पढ़ाई को मजेदार बना देते हैं, बल्कि उसे याद रखना भी आसान होता है.'' दी लर्निंग ट्री और दिशा पब्लिक स्कूल में 20 साल का अध्यापन अनुभव रखने वाले चौहान कहते हैं, ''किसी समूह के स्तर और प्रत्येक छात्र की दक्षता के मुताबिक शिक्षण को ढालना बहुत महत्वपूर्ण है. एक असरदार क्लास वही होगी, जिसमें कोई भी छात्र अपने लिए जरूरी सामग्री पा सके.''
नए युग के ये शिक्षक पढ़ाने के अनुभव को एक नया और आधुनिक रूप दे रहे हैं.पढ़ाई को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर ये नए दौर के गुरु टेक्नोलॉजी से जुड़ी आज की पीढ़ी के लिए पढ़ाई को मनोरंजक बनाने का काम कर रहे हैं.
-देविका चतुर्वेदी, आयेशा अलीम, मोना रामावत और सोनाली आचार्जी के साथ

