scorecardresearch
डार्क मोड

कहानियों का बाजार

किताब का सबसे दिलचस्प हिस्सा शुरू होता है जब लेखिका हमें उन किताब-विक्रेताओं की दुनिया में ले जाती हैं, जिन्होंने दशकों से इस बाजार को जिंदा रखा है

कनुप्रिया ढींगरा की द संडे बुक बाजार
अपडेटेड 18 नवंबर , 2026

आदित्य मणि झा

मेरी अपनी किताबों की अलमारी में रखी लगभग एक-तिहाई किताबें दरियागंज के संडे बुक मार्केट से आई हैं. 2010 के शुरुआती वर्षों में, जब मैं एक युवा और लगभग खाली जेब वाला पत्रकार था, तब इस साप्ताहिक किताब-बाजार की लय में जल्दी ही शामिल हो गया था. हर रविवार दरियागंज जाना और किताबों के उस संसार में घंटों भटकना मेरे लिए एक खास तरह का सुख था.

इस बाजार पर लिखे गए कई शोधपरक लेख मैंने पढ़े थे. लेकिन मेरे मन में हमेशा यह सवाल बना रहा कि आखिर किसी भारतीय एकेडमिशियन ने अब तक इस जगह की सांस्कृतिक भूमिका और उसकी विरासत पर ऐसी विस्तृत किताब क्यों नहीं लिखी, जो पत्रकारिता, इतिहास और समाजशास्त्र—तीनों दृष्टियों को एक साथ रखकर इस बाजार को समझने की कोशिश करे.

कनुप्रिया ढींगरा की द संडे बुक बाजार इसी कमी को पूरा करती है. ढींगरा किताब की शुरुआत दरियागंज के इतिहास से करती हैं. वे इसे “शाहजहानाबाद की सघन और घनी दुनिया तथा नई दिल्ली के विशाल औपनिवेशिक विस्तार के बीच की एक पट्टी” के रूप में देखती हैं.

मुगल काल और फिर अंग्रेज़ी शासन के दौर के दस्तावेज़ों और लेखों के सहारे लिखे गए ये हिस्से गहन शोध पर आधारित हैं. इनके जरिए पिछले करीब दो सौ वर्षों में इस इलाके की सामाजिक और आर्थिक यात्रा को समझना आसान हो जाता है.

लेकिन किताब का सबसे दिलचस्प हिस्सा शुरू होता है, जब ढींगरा हमें उन अथक किताब-विक्रेताओं की दुनिया में ले जाती हैं, जिन्होंने दशकों से इस बाजार को अपनी मेहनत से जिंदा रखा है. ये ऐसे लोग हैं जिनके लिए किताबें सिर्फ बेचने की वस्तु नहीं बल्कि रोज़गार और जीवन का हिस्सा हैं. कई लोग बरसों से, बल्कि अपनी पूरी जिंदगी, इसी तरह किताबों के साथ चलाते आए हैं.

इस पुरुष-प्रधान बाजार में महिलाओं की मौजूदगी का सवाल भी लेखिका ने बेहद संवेदनशीता से उठाया है. यहां किताबें बेचने वाली कुछ महिलाओं के जीवन और अनुभवों को उन्होंने जिस विस्तार और आत्मीयता से दर्ज किया है, वह किताब के महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक है.

2019 में इस बाजार की कानूनी मुश्किलें आखिरकार उसे पास की महिला हाट में स्थानांतरित किए जाने तक पहुंचीं. जगह बदल गई, बाजार का रूप भी बदला लेकिन उसका महत्व खत्म नहीं हुआ.

दरियागंज का यह बुक मार्केट सिर्फ किताबें खरीदने-बेचने की जगह नहीं रहा. दिल्ली के पढ़ने वाले लोगों की स्मृतियों और उनकी बौद्धिक जिंदगी में उसकी एक अलग जगह बन चुकी है. शायद यही वजह है कि उसका पता बदल जाने के बावजूद उसकी मौजूदगी आज भी कायम है.

किताब का सबसे दिलचस्प हिस्सा शुरू होता है जब लेखिका हमें उन किताब-विक्रेताओं की दुनिया में ले जाती हैं, जिन्होंने दशकों से इस बाजार को जिंदा रखा है.

द संडे बुक बाजार
कंनुप्रिया ढींगरा
स्पीकिंग टाइगर
कीमतः 599 रुपए

ADVERTISEMENT
Advertisement