scorecardresearch
डार्क मोड

...तो इस तरह संविधान में शामिल हुआ था यूसीसी!

संविधान में यूसीसी की ड्राफ्टिंग के समय गरमा-गरम बहसें हुईं. मुस्लिम लीग के नेता जहां इसका विरोध कर रहे थे, वहीं कांग्रेस के नेताओं ने इसका समर्थन किया था

डॉ. भीमराव अंबेडकर (बीच में) संविधान की ड्राफ्टिंग कमिटी के अन्य सदस्यों के साथ/फोटो- वीकिमीडिया कॉमंस
डॉ. भीमराव अंबेडकर (बीच में) संविधान की ड्राफ्टिंग कमिटी के अन्य सदस्यों के साथ/फोटो- वीकिमीडिया कॉमंस
अपडेटेड 8 फ़रवरी , 2024

दो साल पहले यानी 2022 में हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रमुख मुद्दा रहा था- यूसीसी. माने समान नागरिक संहिता. चुनाव में भाजपा को जीत मिली. सत्ता में आने के बाद पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने यूसीसी को लेकर सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक पैनल का गठन किया. पैनल ने चार खंडों की एक रिपोर्ट ड्राफ्ट की. 

749 पन्नों वाले इस रिपोर्ट को देसाई ने 2 फरवरी को सरकार के पास जमा किया. सरकार ने इसके आधार पर बिल तैयार किया और इसे मंगलवार 6 फरवरी को विधानसभा में पेश कर दिया. इस बिल का नाम समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड, 2024 है, और इसका मकसद एक ऐसा कानून बनाना है, जो शादी, तलाक, विरासत और गोद लेने से जुड़े मामलों में सभी धर्मों पर समान रूप से लागू हो.

अगर ये बिल कानून बनता है तो उत्तराखंड भारत की आजादी के बाद ऐसा कानून लागू करने वाला पहला राज्य बन जाएगा. हालांकि, पुर्तगाली शासन के दिनों से गोवा में भी यूसीसी लागू है. संविधान में देखें तो आर्टिकल-44 यूसीसी की वकालत करता है. इसमें कहा गया है कि राज्य पूरे भारत में नागरिकों के लिए एक समान नागरिक संहिता सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे. आर्टिकल 36 से 51 के बीच राज्य के नीति-निदेशक तत्वों का वर्णन है.

बहरहाल, आजादी की आहट के बीच जब संविधान बन कर तैयार हो रहा था. तो आर्टिकल-44 (तब यह आर्टिकल-35 था) को लेकर संविधान सभा में काफी गरमा-गरम बहसें हुईं. विभाजन से पहले मुस्लिम लीग के सदस्य रहे और तत्कालीन असेंबली मेंबर मोहम्मद इस्माइल खान पहले पहल वो व्यक्ति थे, जिन्होंने यूसीसी का विरोध किया. उन्होंने संशोधन के तहत आर्टिकल-35 (आर्टिकल-44) में एक नियम जोड़ने के लिए सुझाव दिया. 

इस्माइल का सुझाव था, "कोई भी समूह, वर्ग या लोगों का समुदाय अपने पर्सनल लॉ को छोड़ने के लिए बाध्य नहीं होगा भले ही ऐसा कोई कानून मौजूद हो." उनका मानना था कि एक धर्मनिरपेक्ष राज्य को लंबे समय से चली आ रही धार्मिक प्रथाओं में दखल नहीं देना चाहिए क्योंकि इससे देश में असंतोष पैदा हो सकता है और सद्भाव बिगड़ सकता है.

इस्माइल उन पांच मुस्लिम सदस्यों के समूह में शामिल थे, जो यूसीसी के खिलाफ संशोधन लाए थे. उनके अलावा इस समूह में नजीरुद्दीन अहमद, मेहबूब अली बेग, बी पोकर और अहमद इब्राहिम थे. यूसीसी का विरोध करते हुए नजीरुद्दीन ने कहा था, "यूसीसी का संविधान के आर्टिकल 19 (जो बाद में आर्टिकल 25 बनने वाला था) के तहत धर्म की स्वतंत्रता के साथ टकराव होगा. इसके अलावा यह राज्य को अनुच्छेद 19 में दी गई गारंटी में फेरबदल की छूट देकर धर्म की स्वतंत्रता को खत्म कर देगा."

हालांकि उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि पर्सनल लॉ में कोई भी दखल समय के साथ धीरे-धीरे होना चाहिए और संबंधित लोगों की सहमति से किया जाना चाहिए. बी पोकर का मानना था कि यदि संविधान सभा जैसी संस्था धार्मिक अधिकारों और प्रथाओं में दखल देती है, तो यह 'अन्यायपूर्ण' होगा. इस बहस में 'इंकलाब जिंदाबाद' का नारा देने वाले उर्दू के मशहूर शायर मौलाना हसरत मोहानी ने भी हिस्सा लिया था, और उन्होंने भी यूसीसी का विरोध किया. 

बहरहाल, इस बहस में कांग्रेस के कई नेताओं ने यूसीसी का समर्थन किया. तब कांग्रेस और संविधान सभा प्रारूप समिति के सदस्य रहे के. एम. मुंशी ने अपना तर्क देते हुए कहा कि राज्य धार्मिक मामलों में दखल नहीं करने का प्रयास करता है, लेकिन कुछ ऐसे मामले हैं जिन्हें कानून द्वारा शासित किया जाना चाहिए, न कि धर्म द्वारा. 

मुंशी ने इस बिंदु की ओर इशारा किया कि अगर विरासत और उत्तराधिकार जैसे मामलों को पर्सनल लॉ के तहत स्वीकार किया जाता है तो संविधान में भेदभाव के खिलाफ मौलिक अधिकार का प्रावधान होने के बावजूद महिलाएं कभी भी बराबरी की हकदार नहीं हो पाएंगी. "इसलिए, ऐसा कोई कारण नहीं दिखता कि पूरे भारत में एक समान नागरिक संहिता न हो."

एक और कांग्रेसी और प्रारूप समिति के सदस्य रहे अलादी कृष्णास्वामी अय्यर ने इस विचार के खिलाफ अपनी राय जाहिर की थी कि यूसीसी असंतोष और सौहार्द्र बिगड़ने का कारण बनेगा. बल्कि उनका मानना था कि यूसीसी समुदायों के बीच मतभेद पैदा करने वाले कारकों को हटाकर एकता और सौहार्द्र स्थापित करेगा. संविधान के ड्राफ्टिंग कमिटी के अध्यक्ष रहे डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भी लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और पर्सनल लॉ के आधार पर भेदभाव को खत्म करने के रूप में यूसीसी का समर्थन किया था.

देश के पहले प्रधानमंत्री रहे जवाहरलाल नेहरू ने भी सामाजिक सुधार और आधुनिकीकरण की जरूरत पर जोर देते हुए धर्म पर आधारित पर्सनल लॉ को बदलने के लिए यूसीसी का समर्थन किया. पहले गृह मंत्री वल्लभभाई पटेल ने भी राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने और धर्म आधारित कानूनों के आधार पर विभाजन को खत्म करने के लिए यूसीसी की वकालत की थी. इनके अलावा और भी कांग्रेसी नेताओं ने यूसीसी का समर्थन किया.

हालांकि, आंबेडकर ने इसमें कुछ शब्द "राज्य प्रयास करेगा.." जोड़कर संबंधित पक्षों को कुछ आश्वासन दिया. इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि ये शब्दावली सुनिश्चित करेगी कि यूसीसी सभी नागरिकों पर लागू नहीं होगा. बल्कि यह केवल उन लोगों पर लागू हो सकता है जो इसके लिए तैयार होंगे. 

इन तर्कों के साथ अंतत: वोटिंग की प्रक्रिया हुई. संविधान सभा के सदस्यों ने मोहम्मद इस्माइल और उनके समूह द्वारा प्रस्तावित संशोधन प्रस्ताव के खिलाफ वोटिंग की. इस प्रकार आर्टिकल 35 संविधान में शामिल हुआ, जिसे आज हम राज्य के नीति निदेशक तत्वों के अंतर्गत आर्टिकल 44 यानी समान नागरित संहिता के रूप में जानते हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement