scorecardresearch

आईपीएल 2024 : प्लेऑफ के लिए आरसीबी और सीएसके दोनों कर सकती हैं क्वालीफाई, पर कैसे?

आईपीएल के पहले मुकाबले में सीएसके और आरसीबी की टीमें आपस में भिड़ीं थीं, तो उस समय उन्हें बिलकुल अंदाजा नहीं होगा कि टूर्नामेंट के अंत तक जाते-जाते उन्हें एक बार फिर एक ऐसे मुकाबले में दो-दो हाथ करना होगा जो उन दोनों के लिए करो या मरो जैसा होगा

चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम (फाइल फोटो)
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम (फाइल फोटो)
अपडेटेड 13 मई , 2024

अपने धमाकेदार अंदाज की वजह से 'ट्रेंड सेटर' कहा जा रहा आईपीएल का 17वां सीजन अब अंतिम पड़ाव की ओर है. लीग चरण मुकाबलों का ये आखिरी हफ्ता है, और अभी 8 मैच खेले जाने बाकी हैं. कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए जगह बना चुकी है. बाकी बचे तीन जगहों के लिए सात टीमें दावेदार बनी हुई हैं. इनमें से कुछ की दावेदारी भले ही कमजोर है लेकिन नामुमकिन बिलकुल नहीं. 

रविवार को हुए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) दोनों ही टीमों ने जीत दर्ज की. आरसीबी की ये लगातार पांचवीं जीत थी और उसकी इस जीत से प्लेऑफ के लिए समीकरण काफी दिलचस्प हो गया है क्योंकि वो भी अब टॉप-4 के लिए एक प्रबल दावेदार बन गई है. बहुत संभावना है कि सीएसके और आरसीबी में से कोई एक प्लेऑफ के लिए जगह बनाए. लेकिन एक संभावना ये भी है कि ये दोनों ही टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती हैं. सवाल है कैसे? आइए समझते हैं. 

सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और आरसीबी के कप्तान फॉफ डु प्लेसिस (फाइल फोटो)
सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और आरसीबी के कप्तान फॉफ डु प्लेसिस (फाइल फोटो)

आईपीएल 2024 के अपने अंतिम चरण में पहुंचने पर मौजूदा स्थिति यह है कि पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं. केकेआर ने प्लेऑफ के लिए टिकट कटा लिया है. अब बाकी बची 7 टीमें. इनमें से गुजरात टाइटंस (जीटी) की टीम 12 मैचों में 10 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है. जीटी के पास एक बहुत धुंधला-सा मौका है कि वो प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सके. वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) जीटी के मुकाबले थोड़ी बेहतर स्थिति में है क्योंकि उसके इतने ही मैचों में 12 अंक हैं, और वो सातवें स्थान पर काबिज है. इस तरह एलएसजी के पास प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जीटी से थोड़ा बेहतर मौका है.

छठे नंबर पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति तब तक बेहतर नजर आ रही थी जब तक उसे आरसीबी ने रविवार को हुए मुकाबले में 47 रनों से पटखनी नहीं दे दी. दिल्ली की टीम कप्तान ऋषभ पंत के बिना खेल रही थी क्योंकि पंत पर धीमी रन गति के चलते एक मैच का बैन लगा था. दिल्ली के अब 13 मैचों में 12 अंक हैं और उसका रन रेट माइनस में है. हालांकि दिल्ली अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है. 

रन रेट की चर्चा यहां महत्वपूर्ण है क्योंकि चाहे सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की टीम हो, या सीएसके हो या फिर आरसीबी. इन तीनों ही टीमों का मनोबल बाकियों के मुकाबले अभी ऊंचा है तो इसके पीछे की वजह उनका हेल्दी रन रेट ही है. अंक तालिका में एसआरएच की टीम तीसरे नंबर पर मौजूद है, सीएसके चौथे स्थान पर और आरसीबी, जिसने लगातार पांच मैचों में जीत दर्ज की है, पांचवें स्थान पर काबिज है. यहां आगे दिल्ली बनाम बेंगलोर (मैच नंबर - 62) तक की अंक तालिका दर्शाई गई है. 

आईपीएल के 62वें मैच (डीसी बनाम बेंगलोर) तक की अंक तालिका
आईपीएल के 62वें मैच (डीसी बनाम बेंगलोर) तक की अंक तालिका

बहरहाल, सवाल अभी भी बना हुआ है कि सीएसके और आरसीबी की टीमें दोनों एक साथ प्लेऑफ के लिए कैसे क्वालीफाई कर सकती हैं. इसके लिए इन दो टीमों को न सिर्फ जीत हासिल करनी होगी बल्कि कई अन्य दूसरे नतीजे भी इनके पक्ष में जाएं, इसके लिए दुआ करनी होगी. दिलचस्प संयोग है कि 22 मार्च को जब आईपीएल के पहले मुकाबले में सीएसके और आरसीबी की टीमें आपस में भिड़ी थीं, तो उस समय उन्हें बिलकुल अंदाजा नहीं होगा कि टूर्नामेंट के अंत तक जाते-जाते उन्हें एक बार फिर एक ऐसे मुकाबले में दो-दो हाथ करना होगा जो उन दोनों के लिए करो या मरो जैसा होगा. 

18 मई को इन दोनों टीमों का मुकाबला बेंगलुरु में खेला जाएगा. अगर इन दोनों टीमों को प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो शर्त ये है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की टीम सीएसके को हराए, लेकिन एक बड़े अंतर के साथ नहीं. सीएसके हारे लेकिन उसका रन रेट एकदम से गोता न लगा जाए. लेकिन जरा रुकिये. इस हसीन ख्वाब से पहले इन दोनों टीमों के समर्थकों को ये प्रार्थना करनी होगी कि एसआरएच की टीम बाकी बचे अपने दोनों मैच हार जाए. यही नहीं, एसआरएच की टीम न सिर्फ हारे, बल्कि एक बड़े अंतर के साथ हारे. 

खैर, एसआरएच के मौजूदा फॉर्म और जबर्दस्त प्रदर्शन को देखते हुए ऐसा होना काफी मुश्किल लगता है. पैट कमिंस की अगुवाई वाली इस टीम ने ही ट्रेंड सेटर सीजन को उसकी परिभाषा दी है. सबसे ज्यादा छक्के इसी टीम की ओर से लगे हैं. टूर्नामेंट का सर्वाधिक स्कोर (287 रन) इसी टीम ने बनाए हैं. टीम के ओपनर ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा का बल्ला हल्ला बोल रहा है. मध्यक्रम में हेनरिक क्लासेन गेंदबाजों की क्लास ले रहे हैं. घर पर ये टीम और जबर्दस्त खेल दिखाती है. और एसआरएच का अगला दोनों मुकाबला जीटी और पंजाब किंग्स के साथ घर पर ही है. ऐसे में पैट कमिंस एंड टीम की निगाहें दोनों मैच जीतकर टॉप-2 में जगह बनाने को है. 

लेकिन अगर एसआरएच की टीम एक भी मैच जीतती है तो भी सीएसके, आरसीबी, डीसी, एलएसजी और जीटी के लिए मुश्किलें काफी बढ़ जाएंगी, क्योंकि अब इनके बीच लड़ाई केवल एक ही सीट के लिए सिमट जाएगी. सीएसके और आरसीबी दोनों टीमों को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए इतने पापड़ बेलने के बाद कुछ दूसरे नतीजों पर भी निर्भर होना पड़ेगा. दुआ करनी होगी कि 13 मई को अहमदाबाद के मुकाबले में जीटी की टीम न सिर्फ केकेआर से हारे बल्कि अगले मुकाबले में एसआरएच को पटखनी भी दे. 

इसके अलावा 14 मई को दिल्ली की टीम एलएसजी को हार का स्वाद चखाए. प्लेऑफ की जंग में अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाने वाला ये मुकाबला भी काफी कांटेदार होने वाला है. इसी सिलसिले में, 17 मई को होने वाले मुकाबले में लखनऊ की टीम मुंबई इंडियंस से हारे या फिर लखनऊ की टीम मुंबई पर जीत हासिल करे लेकिन अंतर ज्यादा बड़ा न हो. अगर ये सारी चीजें ठीक वैसी ही हों, जैसा ऊपर में बताया गया है, तो चार-पांच टीमों के प्वॉइंट्स 14 अंकों तक पहुंचेंगे. और फिर बेहतर रन रेट के आधार पर सीएसके और आरसीबी के बीच एलिमिनेटर मुकाबला देखने को मिल सकता है! हालांकि ये सारे अनुमान आने वाले समय की कसौटी पर कसे जाएंगे, पर इतना तय है कि आईपीएल के लीग चरण का ये आखिरी हफ्ता प्रशंसकों की धड़कनों को बढ़ाए रखने वाला है. 

Advertisement
Advertisement