scorecardresearch
डार्क मोड

50 की उम्र पार तो क्या मां बनने का हक भी खत्म?

सरोगेसी के जरिए मां बनने की चाह रखने वाली 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के सामने कानून की उम्र सीमा बड़ी चुनौती है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने 54 साल की एक महिला को राहत देकर इस बहस को फिर हवा दे दी है

भारत में कई महिलाएं देर से मां बनने का फैसला करती हैं (सांकेतिक तस्वीर)
अपडेटेड 27 नवंबर , 2026

प्राकृतिक तरीके से गर्भधारण करने की कई सालों की असफल कोशिश और IVF के कई विफल प्रयासों के बाद नासिक की 54 साल की एक महिला ने सरोगेसी का रास्ता चुना लेकिन उन्हें बताया गया कि भारतीय कानून के तहत मां बनने के लिए उसकी उम्र ज्यादा हो चुकी है.

महिला के पति की उम्र 53 साल थी और वे तय उम्र सीमा के भीतर थे लेकिन महिला की उम्र 50 साल से ज्यादा होने की वजह से उनका आवेदन खारिज कर दिया गया.

हालांकि इसी महीने की शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया. कोर्ट ने कपल को सरोगेसी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी. इसके साथ ही इस बात पर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है कि क्या कानून यह तय कर सकता है कि किसी महिला के मां बनने की संभावना कब खत्म हो जाएगी.

4 नवंबर को दिए गए अपने फैसले में जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस आशीष एस. चव्हाण की बेंच ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दंपति को एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट जारी करें. हालांकिइसके लिए कानून की दूसरी शर्तों और मेडिकल जरूरतों को पूरा करना होगा.

जजों ने माना कि जीवन जीने और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार में संतान पैदा करने के फैसले का अधिकार भी शामिल है. इसके साथ ही उन्होंने इस बात का फर्क भी समझाया कि एक ज्यादा उम्र की महिला का खुद गर्भवती होना और सरोगेसी, जिसमें दूसरी महिला बच्चे को गर्भ में रखती है, दो अलग-अलग बातें हैं. खास बात यह है कि कोर्ट ने उम्र से जुड़ी कानूनी सीमाओं को खत्म नहीं किया.

सरोगेसी कानून के तहत मां बनने की न्यूनतम उम्र 23 वर्ष और अधिकतम 50 वर्ष है (सांकेतिक तस्वीर)
सरोगेसी कानून के तहत मां बनने की न्यूनतम उम्र 23 वर्ष और अधिकतम 50 वर्ष है (सांकेतिक तस्वीर)

दिल्ली की 51 साल की एक महिला के लिए कोर्ट का यह फैसला उम्मीद की एक किरण लेकर आया है. वे अपना नाम नहीं बताना चाहतीं. उन्होंने जिंदगी के दूसरे हिस्से में बच्चा पैदा करने का फैसला किया था लेकिन भारत के फर्टिलिटी कानूनों के तहत उनके पास बहुत कम विकल्प बचे थे. उनका कहना है कि इस अनुभव ने उन्हें डिप्रेशन और अकेलेपन से जूझने पर मजबूर कर दिया. इससे उनकी शादीशुदा जिंदगी पर भी असर पड़ा और काम पर ध्यान लगाने में भी परेशानी होने लगी.

वे कहती हैं, "मैंने लगभग मान लिया था कि मैं कभी मां नहीं बन पाऊंगी. इसकी वजह यह नहीं थी कि मैं मेडिकल तौर पर इसके लिए फिट नहीं थी बल्कि कानून ने तय कर दिया था कि मेरी उम्र ज्यादा हो चुकी है. इसका मेरी जिंदगी की हर चीज पर असर पड़ा, मेरी शादी, मेरा काम और मैं अपने बारे में कैसा महसूस करती हूं. पहली बार इन महिलाओं को कोर्ट जाते और जीतते देखकर मुझे वकील से संपर्क करने की हिम्मत मिली है. मुझे नहीं पता कि मुझे कामयाबी मिलेगी या नहीं लेकिन मुझे लगता है कि मुझे कोशिश करनी ही होगी."

यह फैसला ऐसे समय आया है जब भारत के फर्टिलिटी कानूनों पर अदालतों में लगातार सवाल उठ रहे हैं. इन कानूनों के चलते उन कपल्स को खास तौर पर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है जो देर से शादी करते हैं या थोड़ी देर से परिवार शुरू करने की योजना बनाते हैं. असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (रेगुलेशन) एक्ट, 2021 के तहत ART सेवाओं का लाभ लेने के लिए महिलाओं की उम्र 21 साल से ज्यादा और 50 साल से कम होनी चाहिए. वहीं, पुरुषों की उम्र 21 साल से ज्यादा और 55 साल से कम होनी चाहिए.

दूसरी ओर, सरोगेसी (रेगुलेशन) एक्ट, 2021 में मां बनने की इच्छुक महिला के लिए उम्र सीमा 23 से 50 साल और पिता बनने के इच्छुक पुरुष के लिए 26 से 55 साल तय की गई है. फर्टिलिटी ट्रीटमेंट कराने में कई साल बिता चुके कपल्स के लिए इन उम्र सीमाओं को पार करते ही उनके पास मौजूद विकल्प अचानक खत्म हो सकते हैं.

सुप्रीम कोर्ट ने अक्टूबर 2025 में ही इस मामले में आगे बढ़ने का एक अहम कानूनी रास्ता खोल दिया था. जनवरी 2022 में सरोगेसी कानून लागू होने से पहले जिन कपल्स ने एम्ब्रियो (भ्रूण) तैयार कराकर फ्रीज करवा लिए थे, उनकी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा था कि उम्र से जुड़ी नई पाबंदियों के चलते उन्हें पहले से शुरू की गई प्रक्रिया पूरी करने से नहीं रोका जा सकता.

कोर्ट के इस फैसले में रिप्रोडक्टिव ऑटोनॉमी (प्रजनन से जुड़े फैसले खुद लेने की आजादी) को मान्यता दी गई. हालांकि कोर्ट ने साफ किया कि यह राहत सिर्फ उन कपल्स को मिलेगी जिनका इलाज कानून लागू होने से पहले शुरू हो चुका था.

इसके बाद हाई कोर्ट भी इसी तरह की मुश्किलों से जुड़े मामलों पर सुनवाई कर चुके हैं. दिल्ली में एक कपल को अपने बेटे की मौत के बाद फ्रीज कराए गए पांच एम्ब्रियो का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई. तब तक महिला की उम्र 50 साल से ज्यादा हो चुकी थी. कोर्ट ने कहा कि तय उम्र सीमा के भीतर शुरू किए गए इलाज को जारी रखना और उम्र सीमा पार करने के बाद IVF का नया चक्र शुरू करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं.

इस साल जुलाई में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 50 साल से ज्यादा उम्र की एक महिला के मामले में दखल दिया. इस महिला के एम्ब्रियो, सरोगेसी कानून लागू होने से कई साल पहले सुरक्षित रखे गए थे. कोर्ट ने अधिकारियों को उसके आवेदन पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया.

इन सभी फैसलों से पता चलता है कि अदालतें अब रिप्रोडक्टिव राइट्स को लेकर हर मामले को अलग-अलग नजरिए से देख रही हैं. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि तय उम्र सीमा पार कर चुके सभी लोगों को फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की इजाजत मिल जाएगी. करियर, पैसों की परेशानी, देर से शादी या लंबे समय तक इनफर्टिलिटी की वजह से माता-पिता बनने का फैसला टालने वाले कपल्स के लिए यह फर्क काफी अहम है.

अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि उम्र की सीमा जरूरी है या नहीं बल्कि यह भी है कि मेडिकल हालात और पहले से चल रहे इलाज नजरअंदाज कर इन सीमाओं को लागू करने से क्या भारत में बड़ी संख्या में लोगों के माता-पिता बनने की उम्मीद खत्म हो सकती है?

ADVERTISEMENT
Advertisement