प्रोटीन पहले ही चॉकलेट, वेफर्स और आइसक्रीम में अपनी जगह बना चुका है. अब यह कुछ और ज्यादा परिचित चीजों- इडली, डोसा और उपमा में भी शामिल हो रहा है.
एमटीआर फूड्स के सीईओ सुनय भसीन कहते हैं, “लोग नाश्ते के साथ प्रयोग नहीं करना चाहते. यह जाना-पहचाना होना चाहिए. दिन की शुरुआत करते समय सुबह-सुबह कोई सरप्राइज नहीं चाहिए.”
मार्केट रिसर्च फर्म आईएमएआरसी ग्रुप के मुताबिक, भारत में प्रोटीन आधारित उत्पादों का बाजार 2024 में 38,247 करोड़ रुपए का था. इसके 2033 तक बढ़कर 1.36 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है. इस दौरान इसकी कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) 15.17 फीसदी रहने का अनुमान है.
शहरी उपभोक्ताओं में प्रोटीन को लेकर बढ़ती जागरूकता का फायदा उठाने के लिए दक्षिण भारत के इस पुराने और भरोसेमंद ब्रांड ने छह उत्पाद पेश किए हैं. इनमें प्रोटीन रवा इडली मिक्स, प्रोटीन डोसा मिक्स और प्रोटीन उपमा मिक्स जैसे ड्राई मिक्स शामिल हैं. इसके अलावा 3-मिनट ब्रेकफास्ट रेंज में प्रोटीन पोहा, प्रोटीन खट्टा मीठा पोहा और प्रोटीन उपमा भी शामिल हैं. हर उत्पाद में सोया से मिलने वाला 10 ग्राम प्लांट प्रोटीन है.
भसीन कहते हैं, “कोशिश यह सुनिश्चित करने की रही है कि प्रोटीन मिलाने के बाद भी जाना-पहचाना स्वाद न बदले.” उन्हें उम्मीद है कि भारतीय उपभोक्ताओं के स्वस्थ खान-पान, साफ-सुथरी सामग्री और अपनी डाइट में पर्याप्त प्रोटीन लेने को लेकर ज्यादा जागरूक होने के साथ नई रेंज अगले वित्त वर्ष में ग्रोथ बढ़ाएगी.
इन उत्पादों को शुरुआत में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए चार बड़े महानगरों में लॉन्च किया गया है. साल के अंत तक इन्हें 28 शहरों तक पहुंचाने की योजना है.
क्विक कॉमर्स पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है. ई-कॉमर्स से अब कंपनी का कुल 8.7 फीसदी रेवेन्यू आता है. पिछले वित्त वर्ष में इस चैनल में 38 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
भसीन कहते हैं कि उपभोक्ताओं की पसंद परिचित और सुविधाजनक चीजों से आगे बढ़कर अब परमिसिबिलिटी यानी खुद को किसी चीज की इजाजत देने की भावना तक पहुंच गई है. वे बताते हैं कि 2017 में न्यूक्लियर फैमिली (छोटे परिवार) आम होने लगी थीं और पारंपरिक सामाजिक ढांचे बदल रहे थे. उस समय एमटीआर ने व्यस्त सुबहों को ध्यान में रखते हुए उपमा और पोहा की अपनी 3-मिनट ब्रेकफास्ट रेंज जैसे सुविधाजनक उत्पाद पेश किए थे.
भसीन के मुताबिक आज उपभोक्ता ऐसे भोजन भी चाहते हैं जो क्लीन इंग्रीडिएंट्स (साफ-सुथरी सामग्री), कॉन्शस ईटिंग (सोच-समझकर खान-पान) और ज्यादा प्रोटीन लेने से जुड़े ट्रेंड्स के अनुरूप हों. इन पसंदों को सोशल मीडिया तेजी से प्रभावित कर रहा है.
बेंगलुरु स्थित आईडी फ्रेश फूड भी अपने प्रोटीन पोर्टफोलियो का तेजी से विस्तार कर रही है. हाई-प्रोटीन इडली-डोसा बैटर और पनीर के अलावा, कंपनी ने इस साल की शुरुआत में आईडी प्रोटीन चपाती और आईडी प्रोटीन पराठा भी लॉन्च किया.

