scorecardresearch
डार्क मोड

भगीरथी से आशीर्वाद लेंगे ‘भगीरथ’

बिजनौर से लेकर बलिया तक योगी सरकार यूपी में मां गंगा की आरती उतारेगी. काशी, प्रयाग समेत उत्‍तर प्रदेश के करीब 1,100 स्‍थानों पर अब गंगा आरती होगी. इसके लिए बिजनौर से बलिया तक योगी सरकार 1,038 नए आरती चबूतरों का निर्माण करने जा रही है.

पिछले वर्ष 27 जनवरी को बिजनौर में गंगा यात्रा का शुभारंभ करते योगी आदित्यनाथ
पिछले वर्ष 27 जनवरी को बिजनौर में गंगा यात्रा का शुभारंभ करते योगी आदित्यनाथ
अपडेटेड 30 जनवरी , 2021

हिमालय के चरणों में मौजूद बिजनौर जिले से ही गंगा की अविरल धारा उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल होती है. यही वजह थी कि पिछले वर्ष 27 जनवरी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘गंगा द्वार’ नाम से मशहूर बिजनौर जिले को अपनी महत्वाकांक्षी गंगा यात्रा के लिए चुना था. बिजनौर को जहां एक ओर महाराजा दुष्यंत, ऋषि कण्व और महात्मा विदुर की कर्मभूमि होने का गौरव प्राप्त है वहीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक डॉ. आत्माराम और भारत के प्रथम इंजीनियर राजा ज्वालाप्रसाद की भी यह कर्मभूमि रही है. कालिदास का जन्म भले ही कहीं हुआ हो लेकिन उन्होंने इस जनपद में बहने वाली मालिनी नदी को अपने प्रसिद्ध नाटक ‘अभिज्ञान शाकुंतलम’ का आधार बनाया था. पौराणिक काल में कभी राजा भगीरथ के प्रयत्नों से धरती पर आई गंगा ने उनके पुरखों का उद्धार किया था. उन्हीं भगवती गंगा के जल को कमंडल (पात्र ) में लेकर योगी आदित्यनाथ ने गंगा के किनारे 1,358 किलोमीटर में बसे 27 जिलों, 21 नगर निकाय, 1038 ग्राम पंचायतों के उद्धार का अभियान शुरू किया था. जिस समय 27 जनवरी, 2020 को बिजनौर से गंगा यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की उससे कुछ देर पहले उत्तर प्रदेश के दूसरे छोर पर बलिया जिले के गोपालपुर गांव से राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गंगा यात्रा की शुरुआत की. पश्चिम से शुरू हुई गंगा यात्रा मेरठ, बुलंदशहर, फर्रुखाबाद होते हुए 31 जनवरी को कानपुर पहुंची. इस प्रकार योगी सरकार ने यूपी में 1,025 किलोमीटर लंबे गंगा के प्रवाह के किनारे बसी 1,038 ग्राम पंचायतों के विकास की रूपरेखा की तय की थी.

“गंगा यात्रा” के एक वर्ष बाद योगी सरकार एक बार फि‍र गंगा की शरण में होगी. बिजनौर से लेकर बलिया तक योगी सरकार यूपी में मां गंगा की आरती उतारेगी. काशी, प्रयाग समेत उत्‍तर प्रदेश के करीब 1,100 स्‍थानों पर अब गंगा आरती होगी. इसके लिए बिजनौर से बलिया तक योगी सरकार 1,038 नए आरती चबूतरों का  निर्माण करने जा रही है. नमामि गंगे विभाग की अगुआई में गंगा के दोनों किनारों पर बसे 1,038 गांवों को नए आरती स्‍थल के तौर पर चुना गया है.

तय योजना के तहत बिजनौर से लेकर बलिया तक गंगा के 5 किलोमीटर के दायरे में दोनों किनारों पर बसे गांवों में नए आरती स्‍थलों के निर्माण की प्रक्रिया पर्यटन विभाग के सहयोग से शुरू की जाएगी. नए आरती स्‍थलों को जन सहभागिता के आधार पर संचालित किया जाएगा. आरती चबूतरों पर रोज तय समय पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा. बिजनौर से लेकर बलिया तक इन 1,038 गांवों में गंगा घाट का निर्माण कर उन्‍हें धार्मिक स्‍थल के रूप में विकसित किया जाएगा. गंगा के 5 किलोमीटर के दायरे में बसे इन गांवों में धर्मार्थ भवन निर्माण करने के भी निर्देश दिए गए हैं. दिसंबर में अन्‍य विभागों अधिकारियों के साथ ही जल शक्ति मंत्रालय की बैठक में इन गांवों में प्राचीन और ऐतिहासिक धर्म स्‍थलों और मंदिरों का विकास कर उन्‍हें पर्यटन स्‍थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं. आदि नदी गंगा के उत्‍तर प्रदेश में प्रवेश करने के साथ ही बिजनौर से शुरू होने वाली आरती की यह श्रृंखला बलिया में गंगा तट पर बसे यूपी के आखिरी गांव तक चलेगी. गंगा आरती को गांव और कस्‍बों से जोड़ कर योगी सरकार गंगा स्‍वच्‍छता अभियान को सबसे बड़े जन अभियान का रूप देना चाहती है. इस अभियान के जरिये राज्‍य सरकार युवा पीढ़ी के बीच अपनी संस्‍कृति के प्रति लगाव और खास तौर से जीवन दायिनी गंगा से जुड़ाव को और मजबूत करना चाहती है.

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गंगा स्‍वच्‍छता के लिए भगीरथ प्रयास कर रहे हैं. योगी सरकार ने गंगा स्‍वच्‍छता अभियान को और रफ्तार दे दी है. सरकार जल्‍द ही 14 नए जिलों में सीवेज ट्रीटमेंट प्‍लांट (एसटीपी) शुरू करने जा रही है. प्रदेश के अलग अलग इलाकों में निर्माणाधीन 62 एसटीपी भी जल्‍द ही तैयार हो कर गंगा के साथ ही अन्‍य नदियों की स्‍वच्‍छता अभियान से जुड़ जाएंगे. नमामि गंगे विभाग के मुताबिक, निर्माणाधीन 62 सीवेज ट्रीटमेंट प्‍लांट की क्षमता 1,522.16 एमएलडी होगी.

नए ट्रीटमेंट प्‍लांट शुरू हो जाने के बाद कुल एसटीपी से लैस जिलों की संख्‍या यूपी में 41 हो जाएगी. फिलहाल उत्‍तर प्रदेश में कुल 104 एसटीपी संचालित हो रहे हैं. जिनकी कुल क्षमता 3,298.84 एमएलडी है. नए एसटीपी मिलने के बाद जल शक्ति मंत्रालय गंगा में गिरने वाले नालों और दूषित जल को बड़ी तादाद में रोकने में सफल होगा.

***

ADVERTISEMENT
Advertisement