कोरोना महामारी के दौरान 8 मार्च को पड़ रहे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार कुछ खास अंदाज में मनाने जा रही है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर सरकार ने यूपी की महिलाओं के कोविड टीकाकरण के लिए खास इंतजाम किए हैं. उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में 8 मार्च को तीन-तीन वैक्सीनेशन बूथ पर महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण कैंप लगाया जाएगा. इस विशेष कैंप में 45 से 60 साल की महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा. हर जिले में विशेष तीन सत्रों में महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा. इसके अलावा अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि विभाग की ओर से प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. महिला समूहों और किसानों का विशेष ध्यान रखते हुए कृषि विभाग मिशन शक्ति के तहत 250 से अधिक महिला संगोष्ठियों का आयोजन करेगा. इसके साथ ही प्रदेश की 30 हजार से अधिक महिला किसानों व महिला उद्यमियों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा. रबी सत्र 2020-2021 के प्रथम मॉडयूल के तहत 8,000 ग्राम पंचायतों में कुल 5 लाख प्रतिभागियों सहित तीन दिवसीय किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा. दूसरी ओर राजस्व विभाग की ओर से आठ मार्च तक महिला शिकायतों के निस्तारण में अव्वल रहने वाले पांच तहसीलदार पुरस्कृत किए जाएंगें. इसके साथ ही वरासत अभियान के तहत सर्वाधिक महिला खातेदारों के वरासत अंकित करने वाले लेखपालों व राजस्व निरीक्षकों को भी पुरस्कृत किया जाएगा.
महिलाओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए चल रही सेफ सिटी परियोजना के दूसरे चरण का लोकापर्ण 8 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा. लखनऊ सेफ सिटी परियोजना के लिए अनुमोदित 194 करोड़ रुपये में 60 प्रतिशत अनुदान केन्द्र व 40 प्रतिशत अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया जाता है. महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए लखनऊ समेत देश के 8 महानगरों में सेफ सिटी परियोजना शुरू की गई है. सेफ सिटी परियोजना के तहत पहले चरण में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के लिए 100 पिंक बूथ बनाए जा रहे हैं. इसमें से 70 पिंक बूथ बनकर तैयार हो चुके हैं. वहीं, महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को 100 टू व्हील पिंक पेट्रोल व 10 फोर व्हीलर पिंक पेट्रोल दिए गए हैं. जिनसे वे लगातार स्कूल, कॉलेज व बाजारों में गश्त कर रही हैं.
महिलाओं की सुविधाओं के लिए लखनऊ शहर के 74 स्थानों पर विशेष सुविधा युक्त पिंक टॉयलेट का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसमें से 18 पिंक टॉयलेट बनकर तैयार हो चुके हैं. सेफ सिटी परियोजना के तहत शहर के डार्क स्पॉट्स को चिन्हित कर वहां पर प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है. अब तक 3,625 डार्क स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं. इसमें से 660 पर प्रकाश की व्यवस्था की जा चुकी है जबकि 2,965 स्थानों पर मार्च के अंत लाइट लगा दी जाएगी. इससे रात में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगेगा.
सेफ सिटी परियोजना के अन्तर्गत संचालित वीमेन पावर लाइन 1090 भी महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है. बेहतर परिणाम मिलने के बाद वीमेन पावर लाइन की क्षमता बढ़ाने का काम भी किया जा रहा है. इसके अलावा टेक्नोलॉजी को बढ़ाते हुए यूपी 112 से इंटीग्रेशन, साइबर फारेंसिक सुविधा, डेटा एनालिटिक केन्द्र भी स्थापित किए गए हैं. हॉट स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, कंट्रोलरूम के जरिए निगरानी की जा रही है. सिटी बसों में पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे व जीपीएल लगाने का काम भी दिसंबर 2021 तक पूरा कर लिया जाएगा.
ये जिले भी सेफ सिटी परियोजना में
लखनऊ सेफ सिटी परियोजना की तरह ही प्रदेश के अन्य 12 जिले गोरखपुर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, आगरा, कानपुर नगर, प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, झांसी, मुरादाबाद व सहारनपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सेफ सिटी परियोजनाएं लागू किए जाने के लिए संबधित मंडलों के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक अधिकारिता समिति का गठन किया जाएगा.
***

