scorecardresearch
डार्क मोड

गोरखपुर को नई पहचान देगा दुनिया में सबसे ऊंचे प्रिलिंग टॉवर वाला खाद कारखाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में 8,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे खाद कारखाने का निर्माण अंतिम चरण में. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खाद कारखाने का उद्घाटन कराने की तैयारी.

गोरखपुर में बन रहा खाद कारखाना
गोरखपुर में बन रहा खाद कारखाना
अपडेटेड 4 मार्च , 2021

गोरखपुर में बन रहा विश्व में सबसे ऊंचा प्र‍िलिंग टॉवर वाला खाद कारखाना अंतरराष्ट्रीय पटल पर गोरक्षनगरी को एक नई पहचान देगा. इस खाद कारखाने की लागत करीब 8000 करोड़ रुपये है. गोरखपुर के लिए यह सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा निवेश है. हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड द्वारा स्थापित यह खाद कारखाना किसानों और नौजवानों के लिए बड़ी सौगात है. इस खाद कारखाने में कुछ स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी खोले जाएंगे, जहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर नौजवान रोजगार प्राप्त कर सकेंगे.

वर्ष 2016 में इस खाद कारखाने का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था और अब यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार प्रधानमंत्री के हाथों की इस कारखाने का उद्घाटन कराने की तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार, 4 फरवरी को हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के खाद कारखाने का केंद्रीय उर्वरक व रसायन मंत्री डी.वी. सदानंद गौड़ा के साथ निरीक्षण किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को बताया कि करीब 8,000 करोड़ रुपये की लागत से खाद कारखाना के रूप में गोरखपुर में बड़े निवेश से प्रधानमंत्री की आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी कहते हैं, “किसी को उम्मीद नहीं थी 26 साल से बंद खाद कारखाने की जगह नया प्लांट लग सकेगा लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि से यह संभव हुआ है. किसानों को समय से खाद व रसायन की आपूर्ति में यह खाद कारखाना मिल का पत्थर बनेगा.” सीएम योगी ने बताया कि 1967-68 में जापान की टोयो कंपनी ने फर्टीलाइजर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के लिए यहां बहुत अच्छा प्लांट लगाया था. यहां बनी यूरिया यूपी, बिहार और बंगाल तक के किसानों के बीच लोकप्रिय थी आज उसी टोयो कंपनी ने हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के लिए गोरखपुर में प्लांट लगाया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद कारखाने के समयबद्ध कार्य निर्माण में राज्य सरकार ने हर स्तर पर सहयोग किया है. सीएम योगी ने केंद्रीय उर्वरक व रसायन मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा का गोरखपुर की जनता व किसानों की तरफ से स्वागत करते हुए बताया कि गौड़ा ने इस खाद कारखाने के समयबद्ध क्रियाशीलता के लिए व्यक्तिगत दिलचस्पी लेकर नियमित 15 दिनों पर समीक्षा का क्रम बनाए रखा. उन्होंने कहा कि इस समय कार्य करने का अनुकूल वातावरण है. समय से पहले प्लांट तैयार कर ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा ताकि शीघ्र ही पीएम मोदी इसे राष्ट्र को समर्पित कर सकें. पत्रकारों से बातचीत करने से पूर्व केंद्रीय उर्वरक व रसायन मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद कारखाने का सघन निरीक्षण किया. कंप्यूटरीकृत कंट्रोल रूम के साथ ही उन्होंने 30 करोड़ रुपये की लागत से दक्षिण कोरिया निर्मित विशेष रबर से बने डैम का अवलोकन किया. अधिकारियों ने उन्हें इसकी खासियत बताई कि इस रबर डैम पर गोलियों का भी असर नहीं होता है. निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री ने खाद कारखाना अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द से जल्द शेष कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.  

गोरखपुर खाद कारखाना: एक नजर में

# शिलान्यास- जुलाई 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया

# कार्यदायी संस्था- टोयो जापान

# कुल बजट- करीब 8,000 करोड़ रुपये

# यूरिया प्रकार- नीम कोटेड

# प्रीलिंग टावर- 149.5 मीटर ऊंचा

# शुरू होने का प्रस्तावित माह- जुलाई 2021

# रबर डैम का बजट- 30 करोड़ रुपये

# रोजगार प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष- 10 हजार

# रोजाना यूरिया उत्पादन- 3,850 मीट्रिक टन

***

ADVERTISEMENT
Advertisement