scorecardresearch
डार्क मोड

फिर चर्चा में महिला आरक्षण विधेयक

शनिवार को हुई सर्वदलीय बैठक में महिला आरक्षण विधेयक पास कराने की मांग को बीजू जनता दल ने उठाया.

महिला आरक्षण संबंधी विधेयक राज्यसभा के पास है और लोकसभा में लंबित है
महिला आरक्षण संबंधी विधेयक राज्यसभा के पास है और लोकसभा में लंबित है
अपडेटेड 30 जनवरी , 2021

संसद के बजट सत्र में महिला आरक्षण विधेयक को पास कराने की मांग सांसदों ने उठाई है. शनिवार (30 जनवरी) को हुई सर्वदलीय बैठक में यह मांग बीजू जनता दल (बीजद) की तरफ से उठाया गया.

सर्वदलीय बैठक में लोकसभा में बीजद के नेता पिनाकी मिश्रा ने कहा कि ओडिशा देश का पहला राज्य है जहां से 7 महिला सांसद चुन कर आई हैं. ओडिशा से कुल 21 लोकसभा सांसद चुनकर आते हैं. उन्होनें कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजद ने एक तिहाई महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया जिनमें से 5 चुनकर आईं. इसके अलावा भाजपा की दो महिला सांसद भी राज्य से चुनकर आईं. इस तरह ओडिशा पहला राज्य बन गया है जहां से एक तिहाई महिला सांसद, संसद में है. पिनाकी मिश्रा की मांग का समर्थन वाइएसआरसीपी और टीआरएस सांसदों ने भी सर्वदलीय बैठक में किया.

विदित हो कि महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन भाजपा और कांग्रेस लंबे समय से करती आ रही है. लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण देने संबंधी विधेयक राज्यसभा के पास है और लोकसभा में लंबित है. बीजद ने राज्य की महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश में शनिवार की सर्वदलीय बैठक में यह मुद्दा उठाया है. 8 मार्च को महिला दिवस है और बीजद चाह रही है कि इसी बजट सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पास किया जाए. सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से कोविड-19 और उसके बाद किसान आंदोलन की वजह से सरकार परेशान है उसे देखते हुए महिला आरक्षण विधेयक पर सरकार दांव लगा सकती है. बिहार चुनाव में जीत हासिल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में इस जीत का श्रेय एनडीए के साइलेंट वोटर को दिया था. उन्होंने साइलेंट वोटर महिला मतदाताओं को करार दिया था. ऐसे में इस बात की काफी उम्मीद है कि सरकार महिला आरक्षण विधेयक का दांव चले, जिसका फायदा अगले तीन-चार महीनों में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को हो सकता है. इन राज्यों में पार्टी महिला आरक्षण के जरिए अपने प्रदर्शन को सुधार सकती है.

***

ADVERTISEMENT
Advertisement