scorecardresearch

यूपी में खुल सकता है नानवेज पर लगा ताला

नॉनवेज के शौकीन लोगों के लिए यह एक स्वाद भरी खबर है. प्रदेश सरकार लॉकडाउन में ठप पड़े मीट-मछली के कारोबार को कुछ शर्तों के साथ शुरू कराने की तैयारी में है.

फोटोः इंडिया टुडे
फोटोः इंडिया टुडे
अपडेटेड 10 अप्रैल , 2020

नॉनवेज के शौकीन लोगों के लिए यह एक स्वाद भरी खबर है. प्रदेश सरकार लॉकडाउन में ठप पड़े मीट-मछली के कारोबार को कुछ शर्तों के साथ शुरू कराने की तैयारी में है. स्थानीय अधिकारियों से एक सर्वे कराने के बाद मुर्गे के मांस और मछली की अलग-अलग दुकानें खुलवाई जाएंगी और वहां सोशल डिस्टेंसिंग एवं साफ सफाई के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा. प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ऐसी कुछ योजना पर अमल करने की तैयारी में है.

केंद्र सरकार ने मीट-मछली एवं अंडे के उत्पादन एवं उसके कारोबार को अत्यावश्यक वस्तु एवं सेवाओं में शामिल किया है. राज्य सरकार ने भी केंद्र के दिशा-निर्देशों को आत्मसात करते हुए इन्हें आवश्यक वस्तु एवं सेवा के रूप में स्वीकार तो किया लेकिन गंदगी की वजह से इसकी बिक्री पर रोक लगा दी.

लगातार बंदी के कारण अब इस क्षेत्र में लगे उत्पादक एवं कारोबारियों के आर्थिक हालत बिगड़ते जा रहे हैं. जानकारों के मुताबिक लखनऊ में आम दिनों में दो लाख किलो मुर्गा और 60 हजार किलो मटन का कारोबार होता है. इसके अलावा प्रतिदिन करीब 3 लाख से ज्यादा अंडे बिकते हैं.

शहर में केवल कच्चे माल से अंडा, मीट और मुर्गे का कारोबार पांच करोड़ 72 लाख रुपये से ज्यादा का है, लेकिन इस समय मुश्किल से 10 लाख का कारोबार भी नहीं हो पा रहा है. यही स्थिति रही तो कुछ दिनों में कारोबारी बर्बाद हो जाएंगे. लखनऊ में प्रेस क्लब के बगल में नॉनवेज का एक बड़ा रेस्टोरेंट चलाने वाले मोहम्मद अशरफ चिकन के होलसेल व्यापारी भी हैं.

अशरफ बताते हैं “मेरा माल लखनऊ और बाराबंकी में जाता है. सरकार की ओर से छूट के बाद भी उनको माल भेजने में परेशानी हो रही है.” वहीं ज्यादातर लोग भी कोरोना के भय से नानवेज और अंडा खाने से कतरा रहे हैं.

अपर निदेशक पशुपालन डॉ. रामपाल सिंह ने चिकन और अंडे को संक्रमण से लड़ने में सहायक बताया है. वे बताते हैं कि चिकन और अंडा खाने से इम्यूनिटी बढ़ती है. डॉ. रामपाल सिंह कहते हैं “कोविड-19 के भय की वजह से लोग अंडा और चिकन का कम इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि दोनों प्रोटीन का सर्वश्रेष्ठ श्रोत हैं. अंडा और चिकन खाने से कोरोना संक्रमण की कहीं भी पुष्टि नहीं हुई है. दोनों इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं.”

बीते 24 मार्च से लेकर 2 अप्रैल तक राज्य सरकार ने मीट,मछली एवं अंडे के उत्पादन एवं उसकी बिक्री को आवश्यक सेवा में शामिल करने संबंधी आदेश एवं दिशा-निर्देश जारी कर सभी जिला प्रशासन तो जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. 2 अप्रैल को मुख्य सचिव द्वारा जारी सर्कुलर में मीट, मछली ऑफ अंडे के कारोबार को सुचारू रूप से चलाए जाने के बारे में विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किया गया था.

जल्द ही राज्य सरकार स्वास्थ्य और सफाई की बंदिशों को रखते हुए नानवेज की दुकानों को खोलने का स्पष्ट आदेश जारी कर सकती है.

***

Advertisement
Advertisement