scorecardresearch
डार्क मोड

अगड़ी जाति प्रकोष्ठः बिहार में जद (यू) के आत्मनिर्भर प्रोजेक्ट का हिस्सा

विधानसभा चुनाव में अगड़ी जातियों की नाराजगी का अंजाम भुगतने के बाद जद (यू) उन्हें लुभाने की कोशिश कर रहा है.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
अपडेटेड 10 मार्च , 2021

अमिताभ श्रीवास्तव

जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) का हाल में ‘स्वर्ण सेल’ बनाने का फैसला न केवल अप्रत्याशित है बल्कि यह इस बात की ओर भी इशारा करता है कि नीतीश कुमार की पार्टी अपना मौजूदा सामाजिक आधार बढ़ाने पर विचार कर रही है. इस प्रकोष्ठ में अगड़ी जातियों को शामिल किया जाएगा और समाज के इस वर्ग के मुद्दों को उठाने के साथ के साथ ही उनका सशक्तीकरण भी किया जाएगा.

जद (यू) के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, यह फैसला पार्टी के आत्मनिर्भर प्रोजेक्ट का भी हिस्साा है. बिहार में अगड़ी जातियों के मतदाता 15-20 फीसद हैं. बिहार के अगड़ी जाति आयोग के लिए 2011-12 में किए गए सर्वेक्षण के मुताबिक, कुल आबादी का करीब पांचवां हिस्सा अगड़ी जाति के लोगों का है, जिसमें हिंदू (ब्राह्मण, भूमिहार, राजपूत और कायस्थ) और मुस्लिम (शेख, सैयद और पठान) शामिल हैं.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा होने की वजह से जद (यू) को ऐसी पार्टी के रूप में देखा जाता रहा है जो अपनी अति पिछड़ी जातियों (ईबीसी) और महा-दलितों के वोट भाजपा को दिलाती है, जबकि भगवा दल मुख्यतः अगड़ी जातियों और व्यापारी वर्ग के वोट नीतीश के जद (यू) को दिलाता है.

वर्षों से यह व्यवस्था दोनों पार्टियों के लिए बेहतर ढंग से काम कर रही थी लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में यह पारंपरिक समझ उलटी पड़ गई.

ऐसा लगता है कि एक ओर जहां भाजपा के प्रत्याशियों को जद (यू) के पारंपरिक वोट मिल गए, जो भगवा दल की बढ़ी हुई सीटों से परिलक्षित होता है. 2015 में उसे 53 सीटें मिली थीं, जो 2020 में बढ़कर 74 हो गईं. स्पष्ट रूप से वह नीतीश कुमार की पार्टी को अगड़ी जातियों के वोट ट्रांसफर नहीं करा पाई. इससे भी बदतर यह कि मतदान से पहले भाजपा नेतृत्व ने जद (यू) के घोर प्रतिद्वंद्वी चिराग पासवान को सख्ती से नहीं रोका, जिसकी वजह से यह कयास लगाया गया कि भगवा दल सत्ता के वांछित ढांचे के लिए जद (यू) को गुपचुप तरीके से कमजोर करना चाहता है.

जद (यू) की 2015 में 71 सीटें थीं जो इस बार घटकर 43 हो गईं. नीतीश कुमार की पार्टी अब किसी गठबंधन साझीदार पर निर्भर न रहने के लिए प्रतिबद्ध लगती है. एक ओर जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समावेशी राजनीति के तहत सामाजिक न्याय और विकास के विषयों को मिलाने के लिए जाने जाते हैं, वहीं उनके प्रबल समर्थक ईबीसी और महादलित हैं.

‌इस धारणा और पिछले साल विधानसभा चुनाव में नीतीश विरोधी अभियान की वजह से माना जाता है कि अगड़ी जातियों ने जद (यू) से दूरी बना ली. ‌एक ओर जहां उन्होंने भगवा दल के प्रत्याशियों को वोट दिया, वहीं बाकी की सीटों पर उनका वोट विभिन्न दलों में बंट गया.

विधानसभा चुनाव में अगड़ी जातियों की नाराजगी का अंजाम भुगतने के बाद जद (यू) उन्हें लुभाने की कोशिश कर रहा है. बिहार में अगला चुनाव 2024 में ही होगा लेकिन जद (यू) तब तक अपना सामाजिक आधार तैयार कर लेना चाहता है.

जद (यू) के स्वर्ण सेल के अध्यक्ष डॉ. नीतीश कुमार ‘विमल’ उर्फ नीतीश कुमार ‘टनटन’ कहते हैं, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वास्तव में बिहार के समावेशी नेता रहे हैं. बिहार की अगड़ी जातियों को हमेशा फायदा हुआ है क्योंकि वे उनकी परवाह करते हैं. 2011 में अगड़ी जाति आयोग बनाने से लेकर 2019 में अगड़ी जाति के गरीबों के लिए 10 फीसद आरक्षण की व्यवस्था करने तक हमारी सरकार ने हमेशा अगड़ी जातियों को फायदा पहुंचाया है. अब जद (यू) में अगड़ी जाति प्रकोष्ठ बनाकर पार्टी ने एक बार फिर अगड़ी जातियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुख्ता कर दी है.’’

डॉ. नीतीश कुमार जद (यू) के वजूद में आने के समय से ही उससे जुड़े हैं और वे 1994 में समता पार्टी में भी थे. उनका कहना है कि स्वर्ण सेल बनाने के विचार के पीछे अगड़ी जातियों से निरंतर संवाद की व्यवस्था करना है और यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की समावेश विकास योजनाएं उन तक पहुंचे. पार्टी गांव, पंचायत और ब्लॉक स्तर तक यह प्रकोष्ठ बनाएगी.

विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार की पार्टी फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है. पहले आर.सी.पी. सिंह को संगठन की ताकत बढ़ाने पर ध्यान देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया. फिर हाल ही में बिहार में कुर्मी-कुशवाहा के वोट को एकजुट करने के लिए उपेंद्र कुशवाहा (जो अपनी पार्टी आरएलएसपी का जद-यू में विलय कर सकते हैं) को जोड़ा गया. साफ है कि मुख्यमंत्री जद (यू) को प्रभावशाली बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं. पार्टी में अगड़ी जाति प्रकोष्ठ का गठन सामाजिक आधार बढ़ाने की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है.

इससे उनके वे प्रतिद्वंद्वी भी खामोश हो जाएंगे जो उनके पहले कार्यकाल में उन पर सिर्फ ईबीसी और महादलितों पर ही मेहरबान होने के आरोप लगाते थे. इससे लोगों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.

***

ADVERTISEMENT
Advertisement