साइबर सिक्योरिटी फर्म टीएसी सिक्योरिटीज के त्रिशनीत अरोड़ा 100 करोड़ बिजनेस क्लब में शामिल हो गए हैं. त्रिशनीत को ये उपलब्धि हाल ही में कंपनी को मिले निवेश के बाद उनकी नेटवर्थ में बढ़ोतरी की वजह से हासिल हुई. 27 साल के त्रिशनीत ने बहुत कम समय में यह उपलब्धि हासिल कर ली है. 100 करोड़ बिजनेस क्लब में शामिल होना किसी भी युवा उद्यमी के लिए महत्वपूर्ण होता है.
टीएसी सिक्योरिटीज ने तकनीक के नए आयामों को अपनाते हुए इंडस्ट्री के लिए साइबर सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म तैयार किए हैं. हाल ही में कंपनी के ऐसे ही एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफॉर्म ईएसओएफ को पुणे के सहकारी बैंक कॉस्मोस बैंक ने लिया है. इसमें साइबर जोखिम और संवेदनशीलता प्रबंधन के साथ उसका विश्लेषण किया जाता है. ईएसओएफ के जरिये बैंकिंग के लेन-देन तंत्र की परख की जाती है, इससे यह तय होता है कि साइबर अटैक से निपटने में सक्षम है. इसके बाद साइबर सुरक्षा का स्तर तय किया जाता है.
टीएसी सिक्योरिटी के त्रिशनीत अरोड़ा ने इंजीनियरिंग की कोई विधिवत शिक्षा हासिल नहीं की है. अरोड़ा ने स्कूली शिक्षा भी बड़ी मुश्किल से पूरी की लेकिन कंप्यूटर और इथिकल हैकिंग में अपनी दिलचस्पी के चलते उन्होंने इस विधा में महारत हासिल कर ली. विभिन्न संस्थानों और प्रकाशनों ने उन्हें सम्मानित भी किया है. वे फोर्ब्स की सबसे तेजी से उभरते उद्यमियों की सूची में शामिल हो चुके हैं. इसके अलावा देश-विदेश की संस्थाओं ने भी उन्हें सम्मानित किया है. टीएसी सिक्योरिटीज के क्लाइंट में देश के दिग्गज सरकारी और गैर सरकारी प्रतिष्ठान शामिल हैं. टीएसी सिक्योरिटी की स्थापना साल 2013 में की गई थी.
***

