scorecardresearch
डार्क मोड

दिल्ली चुनावः पूर्ण राज्य मुद्दा नहीं रहा भाजपा-कांग्रेस के लिए

दिल्ली के चुनाव सिर पर आ चुके हैं प्रचार तेजी से हो रहा है लेकिन एक मुद्दा प्रचार से पूरी तरह गायब है और वह है पूर्ण राज्य के दर्जे का मसला. जब भाजपा दिल्ली और केंद्र की सत्ता से बाहर थी तब तक वह पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग करती रही लेकिन केंद्र में सत्ता हासिल करने के बाद उसने इस मुद्दे को छोड़ दिया है.

फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
अपडेटेड 3 फ़रवरी , 2020

दिल्ली के चुनाव सिर पर आ चुके हैं प्रचार तेजी से हो रहा है लेकिन एक मुद्दा प्रचार से पूरी तरह गायब है और वह है पूर्ण राज्य के दर्जे का मसला. जब भाजपा दिल्ली और केंद्र की सत्ता से बाहर थी तब तक वह पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग करती रही लेकिन केंद्र में सत्ता हासिल करने के बाद उसने इस मुद्दे को छोड़ दिया है. 

आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र में इसका जिक्र मुमकिन है और केजरीवाल सरकार विधानसभा से पूर्ण राज्य का प्रस्ताव पारित कर पहले ही केंद्र सरकार को भेज चुकी है. कांग्रेस ने चुनावी घोषणापत्र में इसका जिक्र नहीं किया है.   

साल 2015 में आम आदमी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में पूर्ण राज्य के मुद्दे का जिक्र किया था लेकिन सरकार बनने के बाद उसके हाथ में इस मसले पर करने को कुछ था नहीं. फिर भी जून 2018 में दिल्ली विधानसभा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का मुद्दा दिलाने से जुड़ा प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार के हवाले कर दिया था. जब ये प्रस्ताव पारित हुआ तब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि अगर 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देती है तो हम केंद्र की सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे. लेकिन कुछ हुआ ही नहीं. 

आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि हम सिर्फ वही वादा कर रहे हैं जो कि हम दिल्ली की सरकार को हासिल करने के बाद पूरा कर सकते हैं. वैसे भी पूर्ण राज्य का मुद्दा लोकसभा से जुड़ा हुआ है. 

कांग्रेस सरकार ने 2013 में इस मुद्दे को अपने चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया था लेकिन इस बार उसके घोषणापत्र से ये मुद्दा गायब है. कांग्रेस नेता इस मुद्दे को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रहे हैं. उनका कहना है कि इससे ज्यादा गंभीर मुद्दे हमारे सामने खड़े हुए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा का भाजपा पर निशाना साधते हुए कहते हैं कि जो केंद्र की भाजपा सरकार का पूर्ण राज्य के मसले पर रवैया बेहद निराशाजनक है. वह राज्यों को खत्म कर (जम्मू कश्मीर के संदर्भ में) केंद्र शासित प्रदेश बनाती जा रही है.

2013 के चुनाव में यह मसला भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के घोषणापत्र में भी शामिल था लेकिन 2020 के भाजपा के घोषणापत्र से मुद्दा गायब है. इस मसले पर भाजपा नेता सीधे तौर पर बात करने या टिप्पणी करने से इनकार कर रहे हैं. 

दरअसल, जिस पार्टी की केंद्र में सरकार होती है वह कभी नहीं चाहती है कि दिल्ली एक पूर्णराज्य बने. जिन लोगों को पता नहीं है, उनके लिए कि दिल्ली राज्य की सरकार के पास पुलिस और भूमि नहीं है. इन दोनों पर केंद्र सरकार का नियंत्रण है और इन्हीं दोनों ताकतों को हासिल करने के लिए राजनीतिक दल दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग करते आ रहे हैं. लेकिन राजनीतिक कामयाबी-नाकामी के लिहाज से दिल्ली को पूर्ण राज्य के दर्जे पर दोनों राष्ट्रीय दल अपना रुख बदलते जा रहे हैं. 

***

ADVERTISEMENT
Advertisement