scorecardresearch
डार्क मोड

शादी में न सही, तलाक के बाद बराबरी

नए विधेयक में तलाकशुदा औरतों को भी संपत्ति में बराबर की हिस्सेदारी का प्रस्ताव. अगर यह विधेयक पारित हो गया तो तलाक के मामले में भारत दुनिया की सबसे न्यायसंगत व्यवस्थाओं में आ जाएगा.

अपडेटेड 3 जुलाई , 2012

उन्हें जब घर से निकाला गया उस वक्त उनके पास सिर्फ 750 रु. थे. दो साल पहले हुई शादी में मिला सारा सामान उनसे ले लिया गया था. ऐसी दशा में मुंबई की यह गृहिणी अपने दिवंगत मां-बाप के खाली फ्लैट के बाहर सदमे में बैठी अपने बैग में रखे सामान को उलट-पुलट कर फ्लैट की चाबी ढूंढ़ रही थी.

उनकी कामवाली उस दिन उनके बहुत काम आई. उसने एक चाबी बनाने वाले को ढूंढा और फिर सबको फ्लैट के अंदर ले गई. उसने छह महीने तक बिना कोई पगार लिए एक मां की तरह उनकी देखभाल की. आज 39 साल की हो चुकीं वंदना शाह तलाक पर भारत की पहली पत्रिका एक्स फाइल्स की संपादक हैं और दूसरी परेशान महिलाओं को बताती हैं कि तलाक के बाद कैसे जिया जाए.

तलाक के बाद की स्थिति से कोई स्त्री कैसे निबटे? घर से निकलकर घूमे-फिरे, मिले-जुले, दोस्तों-सहेलियों के साथ थोड़ी मस्ती करे, कुछ नई रुचियां विकसित करे, थेरेपिस्ट से मिले, फिर से डेटिंग शुरू करे और तलाकशुदा महिलाओं की गाइड्स को सलाह वगैरह दे. पर असल में मनु महाराज के इस मुल्क में तमाम आधुनिक धारणाएं चारों खाने चित हो जाती हैं. यह ऐसा मुल्क है जहां वैवाहिक रिश्ता टूटने का स्त्री और पुरुष पर बराबर असर नहीं पड़ता.Divorce

सुप्रीम कोर्ट में वकील और विधि आयोग की पूर्व सदस्य कीर्ति सिंह कहती हैं, ''तलाक की दशा में महिलाओं के पास आर्थिक अधिकार बहुत कम होते हैं.'' अलगाव की स्थिति में कमोबेश हर भारतीय स्त्री जीवन स्तर में तेजी से गिरावट का सामना करती है. अब देश में पहली बार कानून में इस तरह के बदलाव की बात चल रही है, जिसके तहत संपत्ति के अधिकार और तलाक के बाद के जीवन स्तर को लेकर महिलाओं को पुरुषों के बराबर हक दिए जाने का प्रस्ताव है.

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 23 मार्च को विवाह कानून (संशोधन) विधेयक, 2010 को मंजूरी दे दी है जिसमें औरतों को भी शादी के बाद हासिल होने वाली सभी संपत्तियों में बराबरी का हक देने का प्रस्ताव है. सरकार के इस कदम ने एक देशव्यापी बहस को जन्म दे दिया है. राज्‍यसभा में भी 2 मई को इस पर गर्मागर्म बहस हुई.

इसके बाद मंत्रिमंडल ने तय किया है कि इस पर विभिन्न पक्षों की राय ली जाए और इसमें संशोधन कर किसी औरत के पति द्वारा शादी के पहले भी हासिल अचल आवासीय संपत्ति में उसका 50 फीसदी दावा साफ तौर पर परिभाषित किया जाए. हालांकि, पति की दूसरी संपत्तियों में औरत की हिस्सेदारी अब भी जज के विवेक पर छोड़ दी गई है, फिर भी इस विधेयक से भारतीय तलाक व्यवस्था दुनिया की सबसे न्यायसंगत व्यवस्थाओं में जगह बना सकती है.

यह विधेयक अगर पारित होता है तो 45 साल के धर्मेशभाई देसाई को अपनी पत्नी को गुजारा भत्ता देने पर मजबूर होना पड़ेगा. 2010 से वे अपनी परित्यक्ता पत्नी हीतलबेन और उनकी बेटी को गुजारा भत्ता देने के सभी अदालती आदेशों को नजरअंदाज करते रहे हैं. उनके पास सूरत में होम अप्लायंसेज की दो बड़ी दुकानें हैं, लेकिन वे अपनी माली हालत खराब रहने का बहाना बनाते रहे हैं.Divorce

वे पिछले साल अगस्त महीने में 7.5 लाख रु. की महिंद्रा लोगन कार खरीदने पर कोर्ट में फटकार खा चुके हैं, लेकिन तलाक अदालत के मैदान में शर्मोहया की भला कहां जगह होती है.

अब अपने रिटायर मां-बाप पर निर्भर हीतलबेन अदालत की शरण ले सकती हैं, लेकिन अदालती आदेश की अवमानना के लिए देसाई अगर जेल चले गए तो हीतल को गुजारा भत्ते की बात भूलनी पड़ेगी. हीतलबेन की तरफ  से मुकदमा लड़ रहे अहमदाबाद के दक्षेश मेहता कहते हैं, ''तब तो वह सीधे कह देगा कि उसके पास अब कोई आमदनी नहीं है और वह कुछ नहीं दे सकता.''

दिल्ली के इकॉनॉमिक रिसर्च फाउंडेशन की ओर से 2010 में परित्यक्ताओं की आर्थिक स्थिति पर किए गए भारत के एकमात्र सर्वे के लिए शाह एकदम माकूल केस स्टडी हैं. उनकी तरह 74 फीसदी तलाकशुदा महिलाएं पूरी तरह घर पर बैठी हुई हैं, उनके पास आमदनी का न तो कोई जरिया है और न ही कोई कौशल. यही नहीं, करीब 31 फीसदी ऐसी अन्य महिलाओं की तरह शाह का भी शादी के पहले एक करियर हुआ करता था.Divorce

उन्होंने एडवर्टाइजिंग प्रोफेशनल की अपनी नौकरी छोड़ दी क्योंकि उनके पति ऐसा ही चाहते थे. और जब वे घर छोड़कर गईं तो उन्हें शादी में मिले गहने भी ले जाने की इजाजत नहीं दी गई, जैसा कि सर्वे में शामिल 69 फीसदी औरतों के साथ हुआ है. तलाक के बाद सिर्फ  उन्हें ही आर्थिक रूप से बर्बादी का सामना करना पड़ा. इस तलाक से, करोड़ों के मालिक उनके पति के रहन-सहन पर असर नहीं पड़ा. सर्वे के मुताबिक तलाक लेने वाले 88 फीसदी पतियों पर भी कोई असर नहीं हुआ है.

कीर्ति सिंह कहती हैं, ''सबको पता है कि पश्चिमी देशों के विपरीत हिंदुस्तान में तलाक के मामले पतियों की ओर से दायर किए जाते हैं या इसकी शुरुआत की जाती है.'' करीब 80 फीसदी महिलाएं तलाक का विरोध करती हैं क्योंकि वे पति पर निर्भर होती हैं और उनके पास कोई आर्थिक विकल्प नहीं होता.

उनके शब्दों में, ''कोई औरत अगर मुकदमा दायर करने का खर्च वहन कर सकती है तो वह मुख्यतः ऐसा गुजारा भत्ते और स्त्रीधन तथा दहेज को वापस लेने के लिए करती है.''  लेकिन लंबे समय तक चलने वाले खर्चीले मुकदमे के बाद ज्‍यादातर अदालतें मर्दों की आमदनी का 2 से 10 फीसदी ही दिलाती हैं, जिसकी वजह से ऐसी औरतों की माली हालत में तेजी से गिरावट आ जाती है.

सवाल उठता है कि 'लाइफस्टाइल (जीवनशैली)' खत्म हो जाने का मतलब क्या है? परिभाषा की दृष्टि से इसका मतलब है, जीवन की खुशी का खात्मा, काम बीच में छोड़ देने की वजह से आमदनी का जरिया भी खत्म हो जाना या संभावित नियोक्ताओं को आकर्षित कर सकने की क्षमता कम होना. लेकिन असल में स्थिति इससे भी ज्‍यादा खराब हो सकती है. शाह कहती हैं, ''मेरे सास-ससुर बहुत धनी थे. इसलिए मेरे लिए तो इसके बाद जीवनशैली में 90 फीसदी तक की गिरावट आ गई.'' चेन्नै की 31 वर्षीय  उपन्यासकार जुडी बालन की ही मिसाल लें जिन्होंने टू फव्ट्सः द स्टोरी ऑफ  माइ डाइवोर्स  से लेखन की शुरुआत की.

वकीलों और अदालतों के चक्कर लगाते-लगाते उनकी पूरी बचत स्वाहा हो गई. वे अपने रिटायर मां-बाप पर किसी तरह का दबाव नहीं डालना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने खुद के और अपनी सालभर की बेटी के भरण-पोषण के लिए दो विज्ञापन कंपनियों में डबल शिफ्ट में काम करने का फैसला किया. ''तलाक के बाद तो मेरी जीवनशैली एकदम निम्न स्तर पर आ गई थी. बच्चा पालने पर ही अच्छा-खासा खर्च लग जाता है, इसलिए मैंने अपने को सोशल लाइफ  से काट लिया, सरकारी बसों से सफर करती थी. फिल्में देखना, बाहर खाना बंद हो गया.''

ऐसी करीब 75 फीसदी औरतें अपने मां-बाप के पास वापस चली जाती हैं या भाई-बहनों के साथ रहने लगती हैं, पूरी तरह उन पर निर्भर. उनका घर लौटना अक्सर पसंद नहीं किया जाता. लेकिन 36 साल की सर्वेश अब अपने मां-बाप पर निर्भर नहीं हैं. मां-बाप ने उनकी शादी 17 साल की उम्र में ही कर दी थी. 88 फीसदी परित्यक्ताओं की तरह वे भी तलाक से पहले सास-ससुर के साथ रहती थीं और करीब एक दशक तक पल्लू के पीछे खुद को छिपाए रहीं.

शराबी पति मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता पर मां-बाप ने किसी भी तरह की मदद से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ''तुम्हारी किस्मत में यही था तो अब क्या करोगी,'' सर्वेश ने जब घर छोड़ा तो उन्हें थोड़े समय के लिए सहेली नाम के महिला संगठन के एक आश्रय स्थल में रहना पड़ा. सिर्फ  350 रु. महीने के मामूली गुजारा भत्ते के लिए उन्होंने भी अदालतों के सैकड़ों चक्कर लगाए. काम करके जीविका चलाने की कोशिश की, गुरुद्वारों के लंगर से पेट भरतीं. तभी एक दोस्त ने उन्हें फोटोग्राफी की ओर मुखातिब किया. लेकिन उनके सपने पूरे होने में कई साल लगे और बहुत-से लोगों की मदद लेनी पड़ी. अब वे एक पुरस्कृत फोटोग्राफर हैं.

तलाक के बाद एकाएक कामकाज के लिए कठोर धरती में  उतरना पड़ता है. बंगलुरू निवासी 45 वर्षीय सुधा शेट्टी ने अमेरिका में ऊंची उड़ान वाले करियर का सपना देखा था. अमेरिका में उनकी पारंपरिक शादी नाकाम रही. तलाक के सदमे ने करियर की संभावनाओं पर भी ग्रहण लगा दिया. गुजारा भत्ता लेने से उन्होंने खुद ही इनकार किया था, लेकिन मां-बाप और भाई पर अचानक आर्थिक रूप से निर्भर होने की बात उन्हें साल रही थी.

''मुझे बड़ा संकोच हो रहा था.'' जिंदगी को फिर से खड़ा करने की प्रक्रिया का मतलब करियर संबंधी रुचियों को बदलना था. उन्होंने कहा, ''तलाक से एक दिन पहले मैंने कारोबार शुरू करने का फैसला किया.'' आज ऊर्जा दक्षता क्षेत्र की जानी-मानी शख्सियत शेट्टी को करियर पर ध्यान देने में काफी समय लगा. उन्होंने कहा, ''पैसे के लिहाज से मेरी स्थिति ठीकठाक हो गई लेकिन दोबारा शादी का समय कहां था.''

किसी पत्नी को गुजारा भत्ता हासिल करने के लिए अदालत में पति की आमदनी का साक्ष्य देना पड़ता है जबकि औरतों की ऐसे कागजातों तक पहुंच ही नहीं हो पाती. प्रसिद्ध फिल्मकार बिमल रॉय की बेटी और फिल्मकार बासु भट्टाचार्य की पत्नी 70 साल की रिंकी रॉय भट्टाचार्य ने पति के खरीदे एक मकान में अपना भी कुछ पैसा लगाया था. पति से अलग होने पर वे चाहती थीं कि उसकी कीमत का एक-तिहाई हिस्सा उन्हें मिले.

वे बताती हैं, ''इसका भारी विरोध किया गया. मैंने वह मांग छोड़ ही दी. मेरे पति बहुत धनी थे, लेकिन मेरा दावा खारिज करने को उन्होंने कई बहाने ढूंढ़ निकाले.'' आठेक साल तक कानूनी लड़ाई के बाद अब वे हार मान चुकी हैं. वे कहती हैं, ''मैं अब भी नहीं जानती कि मैं कानूनन तलाकशुदा हूं या नहीं.'' सर्वे से पता चलता है कि 46 फीसदी पति गुजारा भत्ता देने से इनकार कर देते हैं.

रिंकी रॉय का प्रेम विवाह अनोखा था. 19 वर्ष की उम्र में वे प्रेमी के साथ भाग गई थीं. उनका मानना है कि इस शादी की वजह से ही बासु के लिए एक फिल्मकार बन पाना संभव हुआ. ''सेट डिजाइन में मैंने उनकी मदद की, दूसरे जरूरी साधन जुटाए, परिवार को भी संभाला.'' इसलिए उन्हें लगता है कि औरतों को पति की संपत्ति में आधा हिस्सा मिलना ही चाहिए. वे कहती हैं, ''किसी की पत्नी होने में बहुत सी चीजों का त्याग और बलिदान करना पड़ता है.

उसके पति की संपदा को बनाने में उसके योगदान को स्वीकार किया जाना चाहिए.'' कई साल के बाद पिता की विरासत में मिली संपत्ति की बदौलत वे इस असहज शादी से बाहर निकल पाई हैं. वे आगे बढ़ीं, खुद अपना जीवन जिया, अखबारों में लेख लिखकर कमाई शुरू की. ''मेरी जान को खतरा था. हमेशा इस डर में जीती थी कि मेरी तब छह साल की बेटी का मेरे पति अपहरण न कर लें.''

तबसे औरतों की दुनिया काफी बदल चुकी है. 2011-12 में जारी आइएमआरबी के दो सर्वेक्षणों से पता चलता है कि भारत में करीब 48 करोड़ नौकरियों में से एक-तिहाई औरतों के पास हैं. 60 फीसदी शहरी औरतों का कहना है कि उनके जीवन में हुई हर चीज के लिए वे खुद जिम्मेदार हैं. सेंटर फॉर वर्क-लाइफ पॉलिसी के 2011 में किए गए एक विश्वव्यापी सर्वे के मुताबिक वे महत्वाकांक्षी भी हैं. 86 फीसदी औरतें शीर्ष पर पहुंचना चाहती हैं.

उनकी आमदनी दोगुनी हो गई है, खासकर शहरों में. करीब 80 फीसदी घरेलू सामान खरीदने की जिम्मेदारी उन पर ही है. वे अपनी आजाद सहेलियों को टीवी पर देखती हैं और उन्हें अच्छा लगता है. धन अंततः मर्द और औरत में बराबरी ला सकता है, शादी में न सही, तलाक में ही सही.

ADVERTISEMENT
Advertisement