अर्जुन सिंह, साथ में अशोक चोपड़ा
प्रकाशकः हे हाउस
कीमतः 599 रु.
पेजः 400
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर 1980 में अपने पहले कार्यकाल से लेकर अब तक घटे इतिहास चक्र में अर्जुन सिंह की केंद्रीय भूमिका रही है. चाहे वह उनकी आंखों के सामने घटा भोपाल गैस कांड हो या बाबरी मस्जिद विध्वंस, जिसके बारे में उनका कहना है कि उसे रोकने की उन्होंने पूरी कोशिश की थी; चाहे वह ऐतिहासिक लोंगोवाल समझौता हो जिसने पंजाब में अमन-चैन कायम किया या फिर सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में ओबीसी कोटे का मुद्दा, अर्जुन सिंह राजनीति के मैदान में हमेशा पूरी तरह से सक्रिय रहे.
ताउम्र नेहरूवादी विचारों के पैरोकार रहे अर्जुन सिंह इंदिरा, राजीव और सोनिया गांधी के प्रशंसक थे. उनकी आंखों पर यह खानदानी पट्टी इस कदर बंधी थी कि इमरजेंसी में थोपे गए 'अनुशासन' में या फि र अयोध्या में रामजन्मभूमि का ताला खोलने के राजीव गांधी के फैसले में उन्हें कुछ भी गलत नहीं नजर आया.
वे खुद को 'विनम्र अनुयायी' कहते रहे, लेकिन जैसा कि उनका बेहतरीन तरीके से लिखा गया संस्मरण दिखाता है, वे खुद अपने दौर के इतिहास को गढ़ने वालों में एक रहे, चाहे वह उनके बतौर मानव संसाधन विकास मंत्री के कार्यकाल में दोबारा लिखी गई पाठ्यपुस्तकें हों या फिर उस सांस्कृतिक विरासत में जो वे मध्य प्रदेश में अपने पीछे छोड़ आए थे.
मरणोपरांत प्रकाशित अपने संस्मरण अ ग्रेन ऑफ सैंड इन द आवरग्लास ऑफ टाइम में उन्होंने दिवंगत नरसिंह राव के साथ अपने काफी हद तक विवादास्पद रिश्तों पर लिखा है. राव बाद में प्रधानमंत्री भी बने. यह पद अर्जुन सिंह को भी मिल सकता था क्योंकि उनके शब्दों में ''समय की रेतघड़ी'' में ''रेत के एक कण'' से कहीं ज्यादा बड़ी शख्सियत थी उनकी.
तख्तापलट का न्योता
बात 1987 के मध्य की है, विदेश मंत्रालय से रिटायर्ड हो चुके के.सी. सिंह ने मुझसे मुलाकात के लिए वक्त मांगा. मैंने समय दे दिया. वे मेरे पास एक ऊटपटांग सूचना लेकर आए कि तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनके पद से हटाने वाले हैं. वे मुझ्से जानना चाहते थे कि क्या मैं राजीव की जगह लेने को तैयार हूं.
मैंने उनसे कहा कि मेरा इस धंधे से कोई सरोकार नहीं है और मैं राजीव के साथ हूं. मैंने उसके बाद उन्हें बीच में ही काटते हुए एक चेतावनी देकर चलता कर दिया. उनके जाने के बाद मैंने राजीव से निजी मुलाकात में इस बात का जिक्र किया. राजीव ने मेरी बात सुनने के बाद कहा, ''आपने सही किया, अगर यह शख्स दोबारा आपसे मिलने के लिए वक्त मांगे, तो पहले मुझे बता दीजिएगा.''
कुछ दिन बाद के.सी. सिंह ने दोबारा मिलने के लिए वक्त मांगा और मैंने इसकी सूचना राजीव को दे दी. मेरी उनसे मिलने की कतई इच्छा नहीं थी, लेकिन इंटेलिजेंस एजेंसियों ने मुझे मुलाकात करने की सलाह दी थी ताकि प्रधानमंत्री को अपदस्थ करने की साजिश के बारे में और जानकारी मिल सके. दूसरी मुलाकात में उन्होंने फिर से मुझे इस पेशकश को स्वीकार करने के लिए कहा. मैंने उनसे कड़े शब्दों में कहा कि वे अपना और मेरा वक्त जाया कर रहे हैं, लेकिन वे कहां मानने वाले थे.
उन्होंने फिर बताया कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रपति की इस बात पर हामी भर दी है कि ''सही वक्त पर सामूहिक कार्रवाई करनी होगी.'' इस दौरान हमारी बातचीत इंटेलिजेंस एजेंसियां टैप कर रही थीं.
उनसे और उगलवाने के लिए मैंने उनसे उन नेताओं के नाम पूछे जिन्होंने राष्ट्रपति को मदद करने की हामी दी थी. उन्होंने कुछ नाम बताए (जिनका खुलासा मैं नहीं करूंगा). जुलाई 1987 में मीडिया में खबरें आईं कि राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह राजीव गांधी सरकार को बरखास्त करने के बारे में सोच रहे थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.
राजीव के जाने के बाद
राजीव गांधी की हत्या के बाद मई 1991 के अंत में मैं, एम.एल. फोतेदार और विंसेंट जॉर्ज सबसे पहले जिस कांग्रेसी नेता के पास पार्टी अध्यक्ष के लिए सोनिया का नाम लेकर गए, वे अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के कोषाध्यक्ष सीताराम केसरी थे. बिहार से कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता रहे केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हमारी पसंद पर कोई हैरत नहीं हुई और वे सोनिया गांधी का समर्थन करने के लिए तैयार हो गए. हालांकिउनकी हामी में मैंने एक संकोच का भाव भांप लिया था.
इसके तुरंत बाद मैं, केसरी और फोतेदार वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पी.वी. नरसिंह राव के पास पहुंचे. यहां मुझे राजनीति का विद्रूप चेहरा दिखा और मैं वाकई चिढ़ गया. हमारा सुझाव सुनकर राव कुछ मिनट के लिए तो शांत भाव-भंगिमा लिए मौन रहे, फि र अचानक ही गुस्से में चीख पड़े और उनके शब्दों के मायने कुछ इस तरह से थे, 'क्या यह जरूरी है कि कांग्रेस पार्टी के साथ एक ऐसी रेलगाड़ी की तरह पेश आया जाए जिसके सारे डिब्बे नेहरू-गांधी खानदान के इंजन से खींचे जाते रहें या फिर कोई अन्य विकल्प भी है?'
राव के गुस्सा जाहिर करने के अंदाज को देखकर में ठगा-सा रह गया. मैं चुप रहा, हालांकि केसरी ने बात को आगे बढ़ाया और कहा कि अगर हम सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष का पद दे देते हैं तो हालात कुछ हद तक संभल जाएंगे.
राव को लगा, जैसे उन्होंने बहुत कम वक्त में बहुत ज्यादा कह दिया था और नेहरू खानदान के विरोध की अपनी भावना को जल्दबाजी में उजागर कर दिया था. उन्होंने संभलते हुए पूछा, ''इस सुझाव से कोई नुकसान नहीं होने वाला, लेकिन क्या वे इसे स्वीकार करेंगी?'' इस सवाल का हमारे पास तुरंत तो कोई जवाब नहीं था, सिवाय इसके कि हम सोनिया गांधी के पास जाते और उनकी प्रतिक्रिया लेते.
***
मुझे अब भी 1992 की शुरुआत में प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव के साथ (उनके आवास 3, रेसकोर्स रोड पर) हुई वह मुलाकात एकदम सही से याद है जब वे अमेरिका से लौटे थे. वहां सिर्फ हम दोनों थे. वे आरामकुर्सी पर बैठे थे और तमाम घरेलू मुद्दों पर बात कर रहे थे. अचानक वे उचके और जोर देकर बोले, ''मुझे किसी का डर नहीं क्योंकि अब मेरे सिर पर प्रेसिडेंट (जॉर्ज) बुश सीनियर का हाथ है.'' इस अनपेक्षित विस्फोट से मैं चौंक गया क्योंकि जिन मुद्दों पर हम बात कर रहे थे, उनका राष्ट्रपति बुश से कोई लेना-देना नहीं था.
यह शायद एक ऐसे प्रधानमंत्री की भीतर की आवाज थी जिसे बुश से मुलाकात के बाद कुछ बल मिला था और उसे लगता था कि मुश्किल हालात में बुश का समर्थन उनकी राह आसान कर देगा. मैं कुछ देर के लिए शांत बैठा रहा, उनकी बात को समझने की कोशिश करता रहा, फिर मैंने कहा, ''प्रेसिडेंट बुश से आपको मिले समर्थन से हम भी खुश हैं लेकिन मौजूदा प्रसंग में प्रेसिडेंट बुश हमारे हित में कु छ नहीं कर पाएंगे.'' मैंने कहा, ''ऐसे मामलात में अपने मूल्यों और विचारधारा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और दृढ़ता ही हमें बचा सकती है.''
भारत का नीरो, नरसिंह राव
अयोध्या कांड पर प्रधानमंत्री नरसिंह राव सभी को खुश रखने की कोशिश में थे. जब कभी कोई गंभीर किस्म की खबर उन तक आती, वे तुरंत अपने किसी सहयोगी से चाहते कि वह हिंदुत्व ब्रिगेड के किसी सदस्य से मिलकर मामले को पटरी पर ले आए.
इस हद तक वे सबको खुश रखने की कोशिश करते कि एक मौके पर तो उन्होंने आरएसएस प्रमुख (मधुकर दत्तात्रेय देवरस जिन्हें बाबासाहेब देवरस के नाम से भी जाना जाता है) से खुद जाकर मिलने का फैसला कर डाला ताकि सरकार पर से दबाव हटाने के लिए उन्हें ठंडा किया जा सके. मैंने इस प्रस्तावित कदम पर आपत्ति जताई और कहा कि इससे तो सरकार की बड़ी बदनामी होगी. मैंने कहा कि इसकी बजाए प्रधानमंत्री को उन्हें अपने दफ्तर में बुलाना चाहिए.
अब तक मेरे और प्रधानमंत्री के बीच मतभेद सार्वजनिक हो चुके थे, लेकिन मैंने एक कैबिनेट सहयोगी के नाते अपना संयम और अनुशासन बनाए रखा, हालांकि कुछ मौकों पर ऐसा करना मुश्किल भी होता था. मैं नहीं जानता कि सीपीपीए की बैठकों की फाइलें कब सार्वजनिक होंगी, पर ऐसा जब भी होगा, लोगों को पता चलेगा कि कैसे अयोध्या की फांस निकालने के लिए एक भ्रमित सरकार ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था. मैंने कभी किसी सरकार का इतना खराब प्रदर्शन नहीं देखा.
***
मैं 4 दिसंबर की शाम दिल्ली पहुंचा. अगली सुबह मैंने नरसिंह राव से मुलाकात करके उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से हुई बातचीत की उन्हें अक्षरशः जानकारी दे दी. राव ऐसा नाटक कर रहे थे कि वे बहुत गौर से मेरी बातें सुन रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं था. वे मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे थे. ऐसा लगा गोया मैं किसी छोटे-मोटे अफसर से हुई अपनी सामान्य-सी मुलाकात का ब्यौरा दे रहा हूं.
मेरे बात खत्म करने पर उन्होंने पूछा, ''हालात का आपका अपना आकलन क्या कहता है?'' मैंने जवाब दिया, ''आपने मुझे लखनऊ से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी, तो मैं आपको क्या आकलन दे सकता हूं?'' उन्होंने और अधिक जानना चाहा, ''अरे नहीं, मैं जानता हूं कि आपके अपने स्त्रोत हैं, इसलिए मैं जानना चाह रहा हूं कि आने वाले दिनों में हालात कैसे होंगे?'' मैंने उन्हें साफ शब्दों में बताया कि बाबरी मस्जिद ढहा दी जाएगी. इस खबर ने उन्हें हिला दिया और वे मेरे दावे को चुनौती देना चाह रहे थे, लेकिन कुछ सोचकर वे चुप रह गए.
कुछ झनझनाते हुए वे तेजी से अटकल लगाने लगे कि यदि मस्जिद ढहा दी गई तो उसके नतीजे क्या हो सकते हैं. अचानक उन्हें ज्ञान हुआ और वे चीखे, ''इसका कांग्रेस पार्टी पर बहुत बुरा असर होगा'', यह बात हालांकिजग जाहिर थी. उस पल मैं खुद को रोक नहीं पाया और उनसे कड़े शब्दों में कह दिया कि हमने बीजेपी और अन्य हिंदुत्व समर्थक संगठनों की कारगुजारियों पर ''अपनी आंखें मूंद रखी हैं.'' तो उन्होंने सवाल किया, ''यह (विध्वंस) कब हो सकता है?''
मैंने जवाब दिया, ''किसी भी वक्त.'' मुझे खुद अंदाजा नहीं था कि ठीक अगले ही दिन (6 दिसंबर, 1992) को मस्जिद ढहा दी जाएगी. उस महत्वपूर्ण दिन दिल्ली से 380 किमी दूर पंजाब के मुक्तसर में युवा कांग्रेसी सांसद जगमीत सिंह बरार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मेरा जाना पहले से तय था और इसकी सूचना मैंने प्रधानमंत्री को दे रखी थी.
***
मेरे दिमाग में मस्जिद ढहाए जाने की छवियां लगातार घूम रही थीं और मैं सोच रहा था कि हमारे देश के इतिहास में इस त्रासद घटना के निहितार्थ अकल्पनीय और असीमित होंगे. भारत का धर्मनिरपेक्ष ताना-बाना बिखर चुका था. यही सोचते-सोचते मैंने मुक्तसर से प्रधानमंत्री आवास पर दोपहर में फोन लगाया. मुझे बताया गया कि अभी वे ''किसी से बात नहीं कर सकते.''
मैंने जवाब देने वाले से पूछाः ''वे कब से बातचीत नहीं कर रहे हैं? या फिर वे दिल्ली से बाहर हैं?'' उसने जवाब दिया, ''वे दिल्ली में ही हैं, लेकिन उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया है और हमें निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें किसी भी स्थिति में डिस्टर्ब न किया जाए.'' मेरे दिमाग में अचानक नीरो की वह मशहूर छवि कौंध गई कि जब रोम जल रहा था तो वह बांसुरी बजा रहा था.
मैंने अपने मेजबान से तुरंत अनुमति ली और दिल्ली के लिए निकल पड़ा. शाम चार बजे दिल्ली पहुंच कर मैं सीधा प्रधानमंत्री निवास गया. नरसिंह राव ने अब तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला था, लेकिन अपने प्रधान सचिव को निर्देश दे दिया था कि उनके निवास पर ही शाम 6 बजे कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई जाए.
पिछड़ों का जनक
भारत की आबादी में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की लगभग 50 फीसदी की भागीदारी है. भारतीय संविधान में पहला संशोधन 1951 के मध्य में पंडित जवाहर लाल नेहरू लेकर आए थे, जिसमें इस वर्ग के लिए विशेष प्रावधान था. इसे दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि इस वर्ग को आरक्षण सहित शैक्षिक कार्यक्रम और रोजगार जैसी सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए राज्यों ने कोई विशेष कानून पारित नहीं किया. सवर्णों में इस वर्ग के प्रति एक दबा-छिपा पूर्वाग्रह था. वे ओबीसी के लिए होने वाले किसी भी विशेष प्रावधान के सख्त खिलाफ थे. मेरे विचार से, इस तरह का विरोध साफ तौर पर अन्याय ही था, जिसे जल्द से जल्द सुधारना जरूरी था.
जून, 1980 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की हैसियत से मैंने इस मुद्दे को उठाया था. राज्य में पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया और जहां तक संभव हो सका, आयोग के सुझावों को लागू भी किया. हालांकि यह भी नाकाफी था. उच्च शैक्षणिक संस्थानों में अनुसूचित जाति एवं जनजातियों के लिए तो आरक्षण था, लेकिन उनकी तर्ज पर पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं था.
1980 में मंडल कमीशन की रिपोर्ट में नौकरियों में ओबीसी के लिए आरक्षण की सिफारिश की गई थी, जिसे अगस्त 1990 में लागू किया गया. उस समय वी.पी. सिंह प्रधानमंत्री थे. लेकिन तब भी शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण लागू नहीं किया गया था. इस बाबत मैंने जब-जब अपने दोस्तों और सहयोगियों से चर्चा की, हर बार सन्नाटा पसरा हुआ पाया, अस्वीकृति भरा मौन. इसके बावजूद मैंने आगे बढ़ने की ठानी.
2006 की शुरुआत में बतौर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री मैंने प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सामने खुले तौर पर औपचारिक रूप से इस मुद्दे को उठाया. हालांकि शुरुआत में वे भी झ्झ्किे, लेकिन बाद में उन्होंने मुझे अनुमति दे दी. जैसे ही मेरे इस तरह के प्रयासों की खबरें बाहर आईं, वैसे ही सवर्ण वर्ग की ओर से मेरी योजनाओं का विरोध शुरू हो गया.
इसी वर्ग ने वी.पी. सिंह के कार्यकाल में भी आरक्षण का कड़ा विरोध किया था. यहां तक कि 1990 के अगस्त-सितंबर में आरक्षण विरोधी छात्रों ने उत्तरी भारत में हिंसक प्रदर्शन किए थे. कुछ ने तो विरोध जताने के लिए आत्मदाह तक कर लिया था. सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, विशेषकर बसें जलाई गईं. मैं ऐसा घटनाओं का दोहराव नहीं चाहता था. इसलिए अपने लक्ष्य को पाने के लिए मैंने थोड़ा और संभलकर और क्रमबद्ध ढंग से काम जारी रखा.
मैंने सांसदों की सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें मेरे प्रस्ताव को खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया गया. जबकि देश के उत्तरी राज्यों में मीडिया ने एक तरह से अभियान चला दिया था, जिसमें बताया जाता था कि कैसे एक बार फिर समाज का ''मंडलीकरण'' होने जा रहा है और इसका जिम्मेदार मुझे ठहराया जाता. मई 2006 में पूरे उत्तरी भारत में इसके खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए. दक्षिण भारत से कोई विपरीत प्रतिक्रिया नहीं मिली क्योंकि वहां ओबीसी आरक्षण की नीति को विभिन्न राज्य सरकारों ने समय-समय पर लागू कर दिया था.
पृष्ठभूमि कुछ इस प्रकार हैः यूनाइटेड प्रोग्रेसिव एलायंस (यूपीए), जिसमें वाम दल शामिल थे, की समन्वय समिति के समक्ष मैंने अपने प्रस्ताव को ज्यादा से ज्यादा स्वीकार्य रूप में पेश किया और सभी सदस्यों ने इस नीति का पूरा समर्थन किया. फैसला हुआ कि इसे ''वर्तमान स्वरूप'' में जस का तस लागू किया जाना चाहिए.
नीति को लागू होने से भटकाने के लिए काफी तरकीबें अपनाई गईं. 2006 के शुरू में राजपूतों का एक दल मेरे खिलाफ खड़ा हो गया. पहले तो उन्होंने मुझे ऐसा न करने की सलाह दी और बाद में चेतावनी देते हुए कहा कि यह कदम विनाशकारी है. उन्हें लगा कि इस तरह के कदम से सवर्णों का प्रभुत्व खत्म हो जाएगा.
मैंने उनसे अपनी राय बदलने का आग्रह किया और यह भी कहा कि इसके जो भी नतीजे होंगे, मैं उनका सामना करने के लिए तैयार हूं. इस पर उनका कहना था कि संविधान में संशोधन किए बगैर इस नीति को लागू करना संभव नहीं है. मेरा जवाब था, ''इस बात से मैं वाकिफ हूं और संविधान में संशोधन हो सके, इसके लिए मैं हर संभव कोशिश करूंगा.''
उसी के मुताबिक, एक कैबिनेट पेपर (संशोधन प्रस्ताव) तैयार किया गया और उसे स्वीकृति के लिए मंत्रिपरिषद के समक्ष पेश किया गया. मंत्रिमंडल के भीतर ऐसे महत्वपूर्ण और ताकतवर लोग थे, जो इस तरह के संशोधन के सख्त खिलाफ थे और जिन्होंने इसकी स्वीकृति के रास्ते में रोड़े अटकाने के लिए हर संभव जुगत लगा दी. लेकिन मेरा पक्ष साफ था और मैं अपने रुख पर अटल रहा.
मैं प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष को याद दिलाता रहा कि यह संशोधन सामाजिक न्याय के प्रति सरकार और पार्टी की निष्ठा को मजबूत करेगा. अंततः जनवरी 2006 में इस प्रस्ताव को मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृति मिली, जो भारतीय संविधान में 93वें संशोधन के रूप में सामने आया.
अलविदा कहने का समय
कांग्रेस पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगियों को 2009 के आम चुनाव में बहुमत हासिल हुआ. डॉ. मनमोहन सिंह एक बार फि र 22 मई, 2009 को प्रधानमंत्री बने जबकि सोनिया गांधी ने कांग्रेस और यूपीए की अध्यक्ष बने रहने का ही फैसला किया. कैबिनेट गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मुझे पता चला कि मेरा नाम मंत्रिपरिषद की सूची में नहीं है, तो मैं अवाक् रह गया, मैंने इतने दशकों तक कांग्रेस पार्टी के वफादार के तौर पर क्या कु छ नहीं किया था.
एक जमाने में मुझे इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का भरोसा हासिल था और उनके कार्यकाल में मैंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई थीं. मुझे भीतर तक चोट लगी थी, मैं नहीं समझ पा रहा था कि मुझे मंत्री क्यों नहीं बनाया गया. फिर मैंने इस सच्चाई को व्यावहारिक धरातल पर तौलने की कोशिश की और काफी गहन आत्मावलोकन के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि पुरानी पीढ़ी हमेशा सत्ता में नहीं बनी रह सकती, उसे नई पीढ़ी के लिए रास्ता खाली करना ही होगा.

