scorecardresearch
डार्क मोड

राजस्‍थान में दागदार होते रिश्ते

विवाहेतर संबंधों के कारण एक-दूसरे का खून करने से भी गुरेज नहीं कर रहे दंपती. अशोक ने भाभी के साथ कथित नाजायज संबंधों के कारण पत्नी छोटी देवी की गला घोंट कर हत्या कर दी.

अपडेटेड 18 जून , 2012

नागौर के सवाई सिंह ने 2 जून को अपने विवाह के एक महीना पूरा होने को लेकर कई ख्वाब संजो रखे थे जबकि उसकी नई नवेली दुल्हन के दिल में खूनी इरादे पनप रहे थे. सुहाग की लंबी उम्र की दुआ की बजाए उसने अपनी मांग सूनी करने के मंसूबे बांध रखे थे. 29 मई को वह दिन आ ही गया जब उसे मनचाही खबर सुनने का मौका मिला. उसके मुंह बोले जीजा और प्रेमी सियाराम ने फोन किया, ''रास्ता साफ हो गया.''

पुलिस के मुताबिक सवाई सिंह नागौर में किराए के कमरे में रहकर तृतीय श्रेणी शिक्षक परीक्षा की तैयारियों में जुटा था. उधर, कॉलेज में पहले वर्ष में पढ़ने वाली दुर्गा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की राह निकाली थी. सवाई सिंह के अपहरण के बाद उसे मौत के घाट उतार दिया गया. पुलिस ने दुर्गा, सियाराम और उसके साथी महेश को अपनी गिरफ्त में ले लिया है. इस घटना के नतीजे देखिएः इस अंधे प्रेम ने कई परिवारों को तबाह कर दिया. मृतक सवाई सिंह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था.

राज्‍य के नागौर, चुरू, झुंझनूं, जयपुर, डूंगरपुर, भरतपुर और चित्तौड़गढ़ में वैवाहिक रिश्तों में दरार पड़ने वाले और उनके भयानक नतीजों के एक दर्जन से ज्‍यादा मामले महीने भर में दर्ज किए गए हैं. सात फव्रे, सात वचन और सात जन्म की बातें इन घटनाओं को देखते हुए गुजरे जमाने की बातें लगती हैं. राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.पी. सिंह की कहते हैं, ''ये निश्चित रूप से समाज को चुनौती देने वाला अपराध है जो पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ रहा है.''

पति-पत्नी के इन टूटते रिश्तों की दिल दहला देने वाली एक और दास्तान डेगाना की है. यहां के अशोक जाट के अपने भाभी से अवैध संबंध बताए जाते हैं. जाहिर है, एक ही घर में रहने से अशोक की पत्नी छोटी देवी को इसकी भनक लग गई. अशोक के अब पत्नी या भाभी में से किसी एक के प्रेम को चुनना था. लेकिन अशोक ने खौफनाक राह चुनी. आरोप है कि उसने अपनी पत्नी छोटी देवी को किसी काम से खेत में बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. शव को खेत के कुएं में डाल दिया और किसी को पता न चले इसलिए खुद पुलिस थाने में जाकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी.

छोटी देवी के पीहर वाले अपने जमाई के कारनामों से वाकिफ थे. उन्होंने अपने स्तर पर छानबीन की और पता चला कि छोटी देवी को आखिरी बार खेत की ओर जाते देखा गया था. खेत में कुएं के पास जाते ही बदबू ने सारे रहस्यों पर से पर्दा उठा दिया और अशोक गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल, वह पुलिस हिरासत में है. लेकिन 10 वर्ष तक चले इस प्रेम की निशानी सात वर्ष के बेटे को आज अपने माता-पिता के बिना जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है. महज दो दिन में इन दो घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

कुछ दिन पहले ही, डूंगरपुर जिले में अवैध संबंधों को लेकर हुई घटना ने रोंगटे खड़े कर दिए थे. जिले के सरथूना फला इलाके में शांति अपने पति लक्ष्मण के साथ रहती थी. लेकिन शांति का जालू नाम का एक प्रेमी था. एक शाम जालू को शांति का लक्ष्मण के पास रहना नागवार गुजरा और यह सिरफिरा आशिक बंदूक लेकर शांति के घर जा पहुंचा.

उसने शांति को गोली मार दी और बंदूक के हत्थे से उसके सिर पर वार कर दिया. शांति की मौके पर ही मौत हो गई. शांति के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका पति लक्ष्मण जागा और उसने जालू को देखा तो उसने पास ही पड़े लट्ठ को जालू के सिर पर दे मारा. जालू की मौके पर ही मौत हो गई. लक्ष्मण खुद ही पुलिस के पास चला गया ओर उसने पूरी कहानी बताई.

इस तरह की बढ़ती घटनाओं पर जोधपुर जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पूर्व समाजशास्त्री के.एन. व्यास कहते हैं, ''आजकल एकल परिवारों का प्रचलन बढ़ा है. सामाजिक और पारिवारिक नियंत्रण से मुक्त ये परिवार अपनी समस्याओं को साझ करने के लिए दूसरे की तलाश में रहते हैं. ऐसी परिस्थितियों में जब बाहर से सहानुभूति मिलती है तो उसके प्रति आकर्षण पैदा हो जाता है. वहीं यौन खुलापन भी बढ़ा है.''

कुआंरी लड़कियों के प्रेमी के साथ भागने या प्रेम विवाह करने के मामले तो आते थे. बीते दिनों में विवाहेतर संबंधों के कारण हत्या के मामलों में इजाफा प्रदेश में नया रुझान है. पिछले एक महीने में हुई दर्जनभर घटनाएं सोचने के लिए काफी हैं कि इस तरह के  सामाजिक अपराध सदियों से चले आ रहे परिवार और समाज के वजूद को ही चुनौती दे रहे हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement