scorecardresearch
डार्क मोड

लोकविज्ञान: जल-जंगल के अहम सुराग

जल और जंगल पर तर्कों और तथ्यों के आधार पर तैयार यह एक ऐसा शोध है, जो मानवशास्त्रियों, प्रकृतिप्रेमियों और ग्लोबल वार्मिंग आदि पर शोध करने वालों को अहम सुराग दे सकता है.

अपडेटेड 3 जुलाई , 2012

समाज की लोक परंपरा, रीति और संस्कृति के सारे झ्रोखों को अमरेंद्र किशोर ने अपनी शोधपरक पुस्तक बादलों के रंग हवाओं के संग में खोलने की कोशिश की है. शोधपरक तथ्यों वाली इस किताब में अपनी मिट्टी की सोंधी खुशबू के साथ ही मस्ती में झूमती प्रकृति का अद्भुत सौंदर्यशास्त्र मौजूद है. सभ्यताओं की गाथा के साथ आदिवासी के मूलवासी होने के प्रमाण, आदि धर्म की व्याख्या और हिंदू धर्म की वैज्ञानिकता.

जल, जंगल और जमीन हमारी मान्यताओं और जीवन से कैसे जुड़े हैं इसका प्रमाण देने के लिए अमरेंद्र किशोर ने अपनी पुस्तक में वेद, पुराण, उपनिषद्, रामायण, महाभारत और कालिदास की रचना से लेकर इतिहास तक को पूरी लगन से खंगाला है. एक साधारण पाठक भी इसे पढ़कर अपने जीवन में प्रकृति और मानव के रिश्ते को सहज समझ सकता है.

लोक गीतों के माध्यम से उन्होंने पेड़ों, नदियों और पहाड़ों से मनुष्य के रिश्ते की गहराई बताई है. पेड़ों से हमारे सांस्कृतिक रिश्तों पर वे लिखते हैं, ''हमारी संस्कृति में तो वन जीवन के आधारभूत तत्व हैं. मगर यूरोप या अमेरिका में जंगलों से जीवन के बीच का रिश्ता व्यापार की वजह से ही है. लोग जीवन के आधार, समाज के संस्कार और महान लोक-जीवन से जुड़े शांत-सुरक्षित ज्ञान की संपदा को वहां जंगलों से जोड़कर नहीं देख सके हैं.'' ...(पृ.34). इससे स्पष्ट है कि  हमारे धर्म की परिधि में ही वनस्पति है.

छह अध्यायों और 369 पन्नों के अंदर प्रकृति के रूप और गुण के साथ संस्कृति और धर्म तथा साहित्य के कई काल खंड गुजरते हैं. भाषा और शैली में एक अनुराग महसूस होता है. शायद यह लेखक के हृदय में जंगल और जल के प्रति संवेदना से उत्पन्न भावों की अभिव्यक्ति है पर यह भावुकता नहीं, तर्क और तथ्यों के आधार पर लिखा गया एक ऐसा शोध है जो समाजशास्त्र, मानवशास्त्र, प्रकृति प्रेमियों और ग्लोबल वार्मिंग जैसे विषयों पर शोध करने वालों के लिए भी उपयोगी है.

'बूंदों की बातें' में लेखक जल के बनने की कहानी बताते हैं. हड़प्पा संस्कृति की जल व्यवस्था से लेकर कवियों और ग्रामीण महिलाओं के लिए पनघट के महत्व पर वे प्रकाश डालते हैं. बादलों, पानी और पनघट पर उन्होंने विभिन्न राज्‍यों के लोकगीतों का संदर्भ दिया है. मध्य प्रदेश का एक  लोकगीत इस प्रकार है. ऊपर बादल गहराए, तरे गोरी पानी खनिकरी, जै कहो न राजा ससुरजी से, द्वारे कुआं खनवावो, तुम्हरी ब पानी खनिकरी.

'पंचवटी की छांह में' अध्याय में लेखक लिखता है, ''पंचवटी की अवधारणा के व्यापक निहितार्थ हैं. वट, पीपल, अशोक, बेल और हरड़ के संयोजन को पंचवटी कहने के पीछे कई कारण हैं. पंचवटी मूलतः देव स्थान से जुड़े होते हैं. हमारे पूर्वज...नैतिकता को परिभाषित करते हुए इंसान और इंसान के बीच नहीं बल्कि प्रकृति-जीव के बीच के रिश्तों को दृढ़ करने के उपाय तलाशते रहे. तभी पंचवटी अस्तित्व में आया...'' (पृ. 175).

यहां समाज शास्त्र के जनक एमिल दुर्खेम की धर्म के विषय में व्याख्या याद आती है. उन्होंने नैतिकता को धर्म से जोड़ा और कहा, ''धर्म से एकता होती है. इसके द्वारा नियमों को बल मिलता है.'' इस प्रकार धर्म चाहे जो भी रहा, वह आदिधर्म ही क्यों न हो, वहां भी प्रकृति ही जीवन है.

'जंगल का मंगल-लोक' अध्याय में तथाकथित विकास पर यह टिप्पणी देखिए, ''यह मानने में एतराज नहीं होना चाहिए कि सभ्यता की कसौटी तेज गति से चलने वाले वाहन या उड़ने वाले विमान नहीं बल्कि वे जंगल है, वे उपवन हैं जिनकी बदौलत आज तक हम सांसें लेते रहे हैं...जब तक जंगल है तभी तक सांसों की आस है...'' यह चेतावनी है प्रकृति को दुहने वाले उद्योगपतियों और आज की विकास की सरकारी नीतियों के लिए.

आदिवासियों के बारे में भी बहुत जानकारियां हैं. यही कि किस प्रकार आदिवासी अपने ज्ञान से बादल और वर्षा के बारे में जान लेते हैं. वे आदिवासियों को लेकर हो रही राजनीति पर भी गंभीर हैं. उन्हें उनके मूल से काटे जाने की नीति पर रोष है. पूरी किताब को समग्रता में रखकर बात करें तो बहुत-सी जगहों पर एक ही बात को कई बार दोहराया गया है.

कहीं-कहीं तथ्यों पर उनकी वैचारिकता नजर आती है. एक शोध की निष्पक्षता शायद इससे थोड़ी कमजोर हो. लेकिन इस किताब में जिस प्रकार से तथ्यों और विचारों का संग्रह किया गया है वह लंबे समय तक हमारे लिए उपयोगी रहने वाला है, इसमें कहीं कोई दो राय नहीं.

ADVERTISEMENT
Advertisement