scorecardresearch

प्रियंका का तंज, अभिनेता तो गिड़गिड़ाता है, किसान से बात करें मोदी

अक्षय-मोदी के इंटरव्यू पर प्रियंका का तंज, अभिनेता तो गिड़गिड़ाता है, किसान से बात करें मोदी 

फोटोः संतोष पाठक
फोटोः संतोष पाठक
अपडेटेड 25 अप्रैल , 2019

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने झांसी में 44 डिग्री पारे की झुलसाऊ दुपहरी में रोड शो कर सियासी तापमान बढ़ा दिया है. उन्होंने रोड शो के बाद गुरसरांय में प्रधानमंत्री मोदी पर जुबानी हमला बोला. प्रियंका गांधी ने यहां फ़िल्म अभिनेता अक्षय कुमार द्वारा लिए प्रधानमंत्री के इंटरव्यू पर तंज कसते हुए कहा, अभिनेता तो नेता का इंटरव्यू लेने में गिड़गिड़ाता है, पीएम मोदी हमारे यूपी में किसानों से बात करें, वे नहीं गिड़गिडाएंगे. 

झांसी में आयोजित रोड शो के जरिये प्रियंका की कोशिश बुन्देलखण्ड में मृतप्राय कांग्रेस में जान फूंकने की रही है.  शहर में प्रियंका गांधी के रोड शो में जो नजारे देखने को मिले उसमें संगठन में सुस्त पड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह जगा तो जगा ही है, लेकिन, वह शहर के जिस भी हिस्से से गुजरीं वहां लोगों ने उनके ऊपर फूल बरसाकर स्वागत किया.  

झांसी में प्रियंका गांधी वाड्रा करीब साढ़े बारह बजे पहुंचीं. रोड शो की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय से हुई और मानिक चैक, मालिन तिराहा, बड़ा बाजार, छनिया पूरा, ओरछा गेट होते हुए रोड शो का समापन एबट कंपाउंड पर हुआ . यहां रोड शो खत्म होने के बाद प्रियंका वाड्रा गुरसरांय के लिए रवाना हुई. चुनावी रोड शो के दौरान झाँसी के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया. शहर के रोड शो के दौरान कुछ बच्चों ने हाथ में लिखे पोस्टर दिखाएं . इस पोस्टर पर लिखा था प्रियंका को वक्त दो यह वक्त बदल देगी . रोड शो के दौरान उन्होंने कई जगहों पर बच्चों को उठाकर अपने साथ बैठाया और उन्हें काफी समय तक अपने साथ बैठा कर भी चलीं. पूरे शहर में उनकी अगवानी में लोगों ने फूलों की बारिश की जगह जगह लोगों ने उन्हें फूल मालाएं भेंट की. कई जगह गाड़ी से उतरकर उन्होंने दुकानदारों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर लोगों को चौंकाया भी.  रोड शो के दौरान जगह-जगह चैकीदार चोर है के नारे लगाते सुनाई दिए. रोड शो के दौरान कांग्रेस के सिम्बल पर चुनाव लड़ रहे जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी शिवशरण कुशवाहा और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन प्रियंका के साथ मौजूद रहे. 

-रोड शो में भिड़े कांग्रेसी, प्रियंका ने संभाला 

रोड शो के दौरान कांग्रेस के दो गुट प्रियंका गांधी के सामने ही भिड़ गए. यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कुणाल सूरी ने कांग्रेस की मेनबॉडी पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस को प्रियंका गांधी ले कार्यक्रम से दूर रखा गया. इस पर प्रियंका गांधी के सामने ही विरोध होने पर वह प्रचार वैन से नीचे उतर आईं और कार्यकर्ताओं के बीच आकर उनकी बात सुनकर शांत किया. इस दौरान एसपीजी सुरक्षा चक्र भी कई बार टूटता दिखा. 

वहीं, जालौन में लोकसभा क्षेत्र के गुरसरांय में सभा कर प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला.

***

Advertisement
Advertisement