इंडिया टुडे के संवाददाता नवीन कुमार ने की कार्तिक आर्यन से की बातचीत, पेश हैं अश-
आप लव रंजन के लिए लकी हैं?
ऐसा कहिए कि मेरे लिए लव रंजन लकी हैं. प्यार का पंचनामा से हम दोनों ने एक साथ करियर की शुरुआत की. इसके बाद आकाश वाणी और प्यार का पंचनामा-2 किया और अब सोनू के टीटू की स्वीटी आ रही है. उन्होंने मुझे तराशा है. मैं उनका फैन हूं और अब हमारे बीच निर्देशक एवं एक्टर से ऊपर का रिश्ता बन गया है.
नुशरत भरुचा के साथ चार फिल्में करके उनसे किस तरह का रिश्ता बना है?
हम दोनों के बीच अच्छे रिलेशन हैं. लोग हमें ऑन स्क्रीन ही नहीं बल्कि ऑफ स्क्रीन भी पसंद करते हैं. उनके साथ रोमांस वाली फिल्में कर रहा हूं.

शो मैन सुभाष घई की फिल्म कांची-द अनब्रिकेबल से क्या सीख मिली?
जिंदगी में उतार-चढ़ाव तो हमेशा रहेगा. लेकिन इस फिल्म से मुझे सीखने का मौका मिला. सुभाष घई शो मैन हैं. उनमें काम करने का जुनून है. उनके साथ रहेंगे तो यकीनन सीखने को मिलेगा. इसलिए कांची को मैं असफल फिल्म नहीं मानता.
आपका कोई गॉडफादर है?
गॉडफादर तो नहीं है. एक नाम पर निर्भर नहीं रहना चाहता. अच्छे लोगों के साथ काम करता रहूं और अच्छी फिल्में देता रहूं, यही मेरा प्रयास है.
रोमांस को किस तरह से देखते हैं?
जिंदगी जीने के लिए रोमांस जरूरी है. लेकिन रोमांस कैसा हो यह हर व्यक्ति के निजी नजरिए पर निर्भर करता है.
आपकी छवि रोमांटिक हीरो की बन गई है. बावजूद इसके आपका कोई ड्रीम रोल है?
मुझे अपनी रोमांटिक छवि बदलने का कोई डर नहीं है. इसलिए मैं एंटी हीरो का रोल करने से नहीं कतराऊंगा. बाजीगर में शाहरुख खान वाला रोल करने का मेरा सपना है. ऐसा रोल जब भी मिलेगा मैं करूंगा.
***

