scorecardresearch
डार्क मोड

'नीतीश ने कहा कि मेरे पास जीतने लायक संख्या नहीं है'

राष्ट्रपति भवन में बिताए गए दिनों के उनके ब्यौरे के मुताबिक, आम चुनाव में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद सोनिया गांधी ने तीन दिन तक सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया था. जब कलाम ने सोनिया से बात की और उन्हें उनसे मिलने के लिए कहा तब वे अपने साथ मनमोहन सिंह को लेकर पहुंचीं.

एपीजे अब्‍दुल कलाम
एपीजे अब्‍दुल कलाम
अपडेटेड 2 जुलाई , 2012

संदेह की स्थिति में कोई कदम न उठाना ही बेहतर रहता है. राष्ट्रपति भवन में एपीजे अब्दुल कलाम की दूसरी पारी को लेकर 13 जून को उस समय माहौल बनने लगा था जब ममता बनर्जी और मुलायम सिंह यादव ने राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस के सुझाए नामों को खारिज करते हुए उनका नाम आगे बढ़ाया. इसके बाद 18 जून को कलाम ने पाया कि वे जीत नहीं सकते तो खुद इस रेस से बाहर हो गए.Turning Points

उनके लिए अच्छी खबर यह है कि उनकी इक्कीसवीं किताब टर्निंग पॉइंट्स जुलाई के पहले हफ्ते में बाजार में आ रही है. राष्ट्रपति भवन में बिताए गए दिनों के उनके ब्यौरे के मुताबिक, आम चुनाव में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद सोनिया गांधी ने तीन दिन तक सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया था. जब कलाम ने सोनिया से बात की और उन्हें उनसे मिलने के लिए कहा तब वे अपने साथ मनमोहन सिंह को लेकर पहुंचीं. पेश है पूर्व राष्ट्रपति की इंडिया टुडे के संपादक एम.जे.अकबर से बातचीत के प्रमुख अंश.

आपकी किताबों से ही शुरू करते हैं, आपने अब तक कितनी किताबें लिखी हैं?
यह मेरी इक्कीसवीं किताब है.

21वीं? लेखक के तौर पर आप भी  वयस्क हो चुके हैं?
(हंसते हुए) सही है, एकदम सही. मेरी दो किताबें विंग्स ऑफ फायर और इग्नाइटेड माइंड्स की दस लाख प्रतियां बिक चुकी हैं. बाकी भी ठीक-ठाक बिक रही हैं.

प्रकाशकों ने क्या आपको वाजिब रॉयल्टी दी?
हां, वे अच्छा पैसा देते हैं.

क्या यह कहना सही होगा कि आपकी हर किताब एक मायने में आत्मकथात्मक होती है?
मेरे अनुभव कहीं न कहीं लोगों के अनुभवों से जुड़े हैं. मेरे हिसाब से दो तरह के लोग होते हैं: युवा और अनुभवी. इसलिए आप मेरी हर किताब में पाएंगे कि मैंने अपने जीवन के कुछ अनुभव बताए हैं. हजारों लोग मुझे लिख चुके हैं कि कैसे विंग्स ऑफ फायर, इग्नाइटेड माइंड्स और इनडोमिटेबल स्पिरिट ने उनके दिल को छुआ और उनके जीवन में उन्हें पढ़ने के बाद बदलाव आया. मेरे लिए यही सबसे बड़ा संतोष है.

ऐसा कौन-सा तजुर्बा है जो आपके मुताबिक सबसे नेगेटिव है और जिसे आपने लिखा हो?
मेरे लिए नेगेटिव तजुर्बे जैसी कोई चीज नहीं, लेकिन मुझे भी दिक्कतें आई हैं. दो मौके याद आते हैं. पहली बार प्रोफेशनल स्तर पर मैं तब नाकाम हुआ था जब 1979 में एक सैटेलाइट कैरियर का प्रक्षेपण विफल हो गया था. मैंने कभी भी असफलता को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. मैंने कुछ बेहतरीन लोगों से भी सीख ली. मुझ पर दोष मढ़ने की बजाए मेरे बॉस ने 120 मीडियाकर्मियों के सामने प्रोजेक्ट के सफल न होने की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली. अगले साल जब मैं कामयाब हुआ, तो उन्होंने उसका श्रेय लेने की बजाए मुझे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने को कहा. नेतृत्व का यह गुण मैंने जीवन में बहुत पहले ही सीख लिया था कि नाकामी में अपने टीम की जिम्मेदारी खुद पर ओढ़नी होती है और सफलता को बांटना होता है.

कई साल बाद जब मैं राष्ट्रपति बना और मेरे सामने ऑफिस ऑफ  प्रॉफिट विधेयक आया, तो मुझे लगा कि कुछ दिक्कतें हैं, मैंने संसद से पुनर्विचार करने को कहा. मेरे रुख को लेकर काफी विवाद हुआ था...उसके अध्ययन के लिए एक स्थायी समिति का गठन करना पड़ा लेकिन मैं अपने फैसले पर अड़ा रहा.

आपने एक आम आदमी के स्तर पर रह कर जीवन को देखा, बाद में एक प्रोफेशनल नजरिए से और पिछले दसेक साल में आप सत्ता के शीर्ष पर रह कर चीजें देखते रहे. क्या आपको लगता है कि आज कोई ऐसा नेता है जो दोष को अपने ऊपर लेने और सफलता को बांटने की क्षमता रखता है?
(हंसते हुए) नहीं...इस फोटो को देखें. मैं इसे ''राजनैतिक प्रतिष्ठा'' मानता हूं. यह 2002 में ली गई थी जब मेरा नाम वाजपेयी जी और सोनिया जी दोनों ने ही प्रस्तावित किया था...इसमें सारे नेता एक साथ दिख रहे हैं.

इस बार आपके नाम का क्या हुआ?Kalam with atal and sonia
इस बार तो किसी ने प्रस्तावित नहीं किया. बेशक राजनैतिक दलों में मुझे लेकर चर्चा हुई लेकिन मुझे नॉमिनेट नहीं किया गया. कुछ लोगों ने मुझसे चुनाव लड़ने को कहा. उन्हें मैंने बताया कि मैं सही समय पर अपना फैसला बताऊंगा, और मैंने ऐसा ही किया.

लेकिन ममता बनर्जी और मुलायम सिंह यादव ने तो आपका नाम आगे बढ़ाया था?
(हंसते हुए) हां, उसे बढ़ा कर वापस भी ले लिया गया!

मुलायम सिंह के नाम वापस लेने को आप क्या मानते हैं?
पता नहीं, लेकिन मैंने ममता को एक चिट्ठी लिख कर उनके नेतृत्व संबंधी गुणों की सराहना जरूर की थी.

नेतृत्व संबंधी गुण?
हां, वे तो सिंहासन के करीब पहुंच ही गई थीं. यदि उन्होंने सिस्टम के साथ कदमताल की होती तो उन्हें वह सब कुछ मिल जाता जो वे चाहतीं या कम से कम उसका आधा तो मिल ही जाता. लेकिन उन्होंने एक अडिग रुख अपनाया और मौका गंवा दिया. बेशक वे अपनी स्थिति वापस पा सकती हैं. उनमें एक नेता का साहस और दृष्टि दोनों ही है.

आपको वाकई लगता है कि ममता बनर्जी के पास कोई विजन है?
पहले मैं यह बता दूं कि नेता का मतलब क्या होता है. नेता के पास विजन और जोश होना चाहिए, उसे किसी समस्या से डरना नहीं चाहिए, बल्कि उसे समस्या को शिकस्त देना आना चाहिए. सबसे जरूरी यह है कि उसे पूरी ईमानदारी से काम करना चाहिए.

और एक नेता को 24 घंटे में अपने इरादे भी नहीं बदलने चाहिए!
(हंसते हुए) मैं तो सिर्फ  एक नेता को परिभाषित कर सकता हूं. मैं आपको उदाहरण नहीं दे सकता.

पूरा देश इस राजनैतिक ड्रामे (राष्ट्रपति चुनाव) को देख रहा है.
ममता और मुलायम की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दिन मैं एक दिन के लिए प्रभात खबर के संपादक के तौर पर बिहार में था. मैंने अखबार को दस दिन पहले ही बता दिया था कि यदि वे चाहते हैं कि मैं उनके अखबार का संपादन करूं, तो पहले पन्ने पर एक ऐसा विचार होना चाहिए जो लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सके, उस पर किसानों, मछुआरों, नेताओं या किसी की भी कामयाबी की दास्तान होनी चाहिए. उन्होंने मुझे कामयाबी की 20 कहानियां दिखाईं, मैंने उसमें से चार को चुना. इसके अलावा, मैंने उन्हें एक कविता दी जो बिहार के नौजवानों के लिए लिखी थी.

अगर आपको इस राष्ट्रपति चुनाव पर कविता लिखनी हो तो उसकी पहली पंक्ति क्या होगी?
साहस, साहस, साहस!

लेकिन किसी ने भी साहस नहीं दिखाया! क्या यह एक अपील है?
(हंसते हुए) मैंने संसद में प्रस्ताव दिया था कि पार्टियों को विकास की राजनीति पर ज्‍यादा वक्त देना चाहिए. यदि कोई पार्टी दस साल के भीतर गरीबी खत्म करने का वादा करती है, तो दूसरी पार्टी को उसे चुनौती देते हुए आर्थिक समृद्धि लाने का वादा करना चाहिए.

कहा जा रहा है कि जिस दिन आपने यह बयान दिया कि आप राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगे, उससे ठीक एक दिन पहले आपने एक बयान तैयार किया था जिसमें अपनी उम्मीदवारी की वजहें गिनाई थीं, और कहा था कि आप किसी दल के नहीं, ''जनता के उम्मीदवार'' होंगे? क्या यह सही है?
मैंने ऐसा कोई बयान कभी तैयार नहीं किया.

क्या आपने खुद को प्रत्याशी माना था? या किसी से निजी तौर पर इसका जिक्र किया था?
नहीं, बिलकुल नहीं. मुझे कई नेताओं ने फोन कर के चुनाव लड़ने को कहा और पूछा कि यदि मेरा नाम सुझाया जाता है तो क्या मैं चुनाव में खड़ा हो जाऊंगा.

क्या आडवाणीजी ने भी आपको कॉल किया था?
हां, कई लोगों ने कॉल किया.

क्या ममता बनर्जी ने आपको कॉल किया? और मुलायम सिंह ने?
हां, सभी ने मुझे कॉल किया और चुनाव मैदान में उतरने के लिए कहा. कई आशंकित थे कि मैं चुनाव लड़ूंगा या नहीं.

तो आखिर में आप ने राष्ट्रपति चुनाव न लड़ने का फैसला इसलिए किया कि आपके पास जीतने लायक नंबर नहीं थे?
इतना ही नहीं. (टेबल पर रखी एक तस्वीर की ओर इशारा करते हुए) यह तस्वीर एक शिष्ट संसदीय तंत्र का प्रतिबिंब है. मैं उसका सपना देखता हूं और उसी के लिए काम करूंगा.

लेकिन यह तस्वीर तो धोखा है क्योंकि कांग्रेस ने इस बार जान-बूझ कर आपका नाम स्वीकार नहीं किया?
मैं चाहता हूं कि आप 2002 की इस तस्वीर से यह समझें कि संसदीय तंत्र को कैसे काम करना चाहिए-नेताओं को राष्ट्र हित में मिल कर काम करना चाहिए.

तो क्या उस वक्त वे इसलिए मिल कर काम कर सके क्योंकि अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे?
हां, नेतृत्व का फर्क पड़ता है. एक नेता दूरदर्शी और मिशनरी होता है. उसे किसी समस्या का डर नहीं होता, किसी की नकल नहीं करता, खुद अपनी राह चुनता है.

आपने एक बयान दिया था कि श्रीमती गांधी के (2004 में प्रधानमंत्री पद पर) दावा न करने से आप चौंके थे. यदि पलट कर देखें, तो यह बताइए कि श्रीमती गांधी और मनमोहन सिंह के साथ आपकी पहली मुलाकात में असल में क्या हुआ था?
उनके (कांग्रेस) चुनाव जीतने के बाद मेरे पास कम से कम तीन दिनों तक पार्टी से कोई मिलने नहीं आया. चूंकि वह सबसे बड़ी पार्टी थी, मैंने श्रीमती गांधी को मिलने को बुला भेजा. वे मनमोहन सिंह के साथ आईं और बताया कि पार्टी ने मनमोहन को प्रधानमंत्री बनाना तय किया है. याद कीजिए, उस वक्त सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी मिलने के बावजूद कई पार्टियां श्रीमती गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थीं. मुझे उनके प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ कई पत्र भी आए थे जो मैंने सरकार (कांग्रेस) को भेज दिए थे.

तो सरकार की प्रतिक्रिया क्या रही?
कुछ नहीं, सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया (हंसते हुए).

सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि ऐसा उनके दखल से हुआ था, उन्होंने नागरिकता का मुद्दा उठाया था. इसके अलावा श्रीमती गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ  एसएमएस अभियान भी चले थे.
स्वामी के अलावा कई अन्य पार्टियों और व्यक्तियों ने भी मुझे लिख भेजा था. हमें याद रखना चाहिए कि इन तमाम प्रचार अभियानों के बावजूद एक न्यायिक फैसला आ चुका था. जब सुप्रीम कोर्ट ने कह दिया कि श्रीमती गांधी प्रधानमंत्री बन सकती हैं, तो मैं कौन होता हूं?

तो वह क्या वजह थी जिसने उन्हें प्रधानमंत्री पद पर दावेदारी से रोका?
यह तो सिर्फ श्रीमती गांधी ही जानती हैं.

क्या चुनाव में हार के बाद आप वाजपेयी जी से मिले थे?
कई बार. उन्होंने हार की जिम्मेदारी ली. नेतृत्व का यह भी एक गुण है. मुझे याद है जब नरसिंह राव प्रधानमंत्री हुआ करते थे, मैं उनका परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम का वैज्ञानिक सलाहकार था. 1996 के चुनावों से ठीक पहले श्री राव ने मुझसे कहा था, ''मैं तिरुपति जा रहा हूं, परमाणु परीक्षण का इंतजार करो.'' तब कामयाबी पक्की दिख रही थी और वे इसका जश्न परमाणु परीक्षण से मनाना चाहते थे. बदकिस्मती से वे हार गए. फिर विजेता और पराजित, दोनों ने मुझे बुलाया, वे मुझसे मिलना चाहते थे. राव ने मुझे नए प्रधानमंत्री को परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए कहा. जब देश की बात हो, तो काम चलते रहना चाहिए क्योंकि किसी भी राजनैतिक दल से बड़ा राष्ट्र होता है.

एक मशहूर किस्सा है कि जवानी में आपको स्वामी शिवानंद का आशीर्वाद मिला था.
बचपन में मैं पाइलट बनना चाहता था. बड़े होने पर मैंने वायु सेना में एप्लाई किया और मुझे देहरादून में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया. दस दिनों तक मेरा कठिन परीक्षा ली गई और अंत में मैं मेडिकल टेस्ट में फेल हो गया. दुखी मन से मैं लौटा तो गंगा के तट पर मुझे स्वामी शिवानंद मिले, जिन्हें हजारों श्रद्धालु घेरे हुए थे. मैं आखिरी पंक्ति में बैठ गया. कुछ देर बाद उनकी नजर मुझ पर और एक फ्रांसीसी पर्यटक पर पड़ी. उन्होंने हमें आशीर्वाद और विश्वरूपम दिया, जो कृष्ण ने अर्जुन को दिया था ताकि उनके सारे भय दूर भाग सकें. दिल्ली लौटने पर नौकरी मेरा इंतजार कर रही थीः रक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक सलाहकार.

किताब में आपने जिक्र किया है कि आप सुबह की नमाज (फज्र) पढ़ते हैं.
हां, रोज, जब भी संभव हो. मेरे वालिद नमाज को लेकर बहुत पाबंद थे और मुझे सुबह 4 बजे जगाकर मस्जिद ले जाते. मैं रोजे भी रखता हूं.

तो फिर उत्तर भारत के तथाकथित मुस्लिम नेताओं को ऐसा क्यों लगता है कि आप मुस्लिम होने के सारे फर्ज अदा नहीं करते?
सबसे पहले मैं हिंदुस्तानी हूं और एक अच्छा इनसान बनने की कोशिश करता हूं. लोग मुझे कुछ भी कह सकते हैं, यह उनकी अभिव्यक्ति की आजादी का मामला है. इस्लाम में मेरी आस्था को लेकर कोई शक नहीं है. मैं अकसर मंदिर और चर्च में भी जाता हूं. ईश्वर हर जगह है.

वाजपेयी जब प्रधानमंत्री थे, तो आपकी उनसे अकसर बातचीत हुई होगी. आपका क्या आकलन है कि मोदी गुजरात दंगों के लिए दोषी हैं?
गुजरात दंगों पर फैसला देना मेरा काम नहीं. यह काम न्यायपालिका का है. लेकिन मैं वाजपेयी के बारे में एक और घटना का जिक्र करना चाहूंगा. जब उन्होंने कैबिनेट की कमान संभाली, मैं वैज्ञानिक सलाहकार था. एक रात उन्होंने मुझे अपने दफ्तर में बुलाकर कैबिनेट में एक पद देने की पेशकश की. मैं अग्नि और परमाणु कार्यक्रम में व्यस्त था. अगली सुबह मैं उनसे मिलने गया. वे अपने कमरे में बैठे थे और चारों ओर मिठाइयां सजी थीं, मिठाई उनकी कमजोरी थी. मैंने उनसे खेद जताते हुए कहा कि मैं मंत्री नहीं बन सकता क्योंकि दो प्रोग्राम में व्यस्त हूं और उस पर असर पड़ेगा. बाद में जब मेरा काम खत्म हो गया, तो मैंने सरकार का काम छोड़ कर अध्यापन शुरू कर दिया. इसके बाद वाजपेयी ने मुझे बुलाया और राष्ट्रपति बनने को कहा.

क्या आपको लगता है कि वाजपेयी मोदी को दंगों का दोषी मानते थे?
मैं उनकी ओर से नहीं बोल सकता. दंगे सुनियोजित थे या अचानक हो गए, हम नहीं जानते. पर कोई भी सही सोच वाला शख्स किसी समुदाय के साथ हुए गलत काम का समर्थन नहीं करेगा. जब मैं गुजरात गया तो इसलिए नहीं कि पता करूं क्या हुआ था या फिर मोदी गलत थे या सही, बल्कि मेरा उद्देश्य राहत कार्य में तेजी लाना और लोगों का दुख-दर्द कम करना था.

आजकल इस बात को लेकर विवाद है कि मोदी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं या नहीं. आपका क्या मानना है?
मैं क्या सोचता हूं, मायने नहीं रखता. हमारा देश लोकतांत्रिक है, भारत की जनता तय करेगी.

नीतीश कुमार और मोदी में से कौन बेहतर प्रधानमंत्री होगा?
(हंसते हुए) मुझे विवाद में क्यों खींच रहे हैं. मैं दोनों को बड़े अच्छे से जानता हूं और दोनों ही अच्छे दोस्त हैं.

हाल में आप नीतीश से मिले थे...
हां, राष्ट्रपति चुनावों पर बात हुई थी. उन्होंने मुझे बताया कि एनडीए में मुझे काफी समर्थन हासिल है लेकिन जीतने लायक नंबर नहीं हैं.

यानी आपने उनकी सलाह पर नहीं लड़ने का फैसला किया?
मैंने अपनी अंतरात्मा पर भी भरोसा किया, मेरे लिए दिल की आवाज ही सब कुछ है.

उस समय आपने अंतरात्मा को दरकिनार कर दिया था जब बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने आपसे बात की थी और कहा था कि सरकार गिर जाएगी?
बिहार के राज्‍यपाल ने प्रधानमंत्री को लिखा था कि विधानसभा निष्क्रिय हो चुकी है और राज्‍य सरकार की हालत खस्ता है. प्रधानमंत्री ने मुझे मॉस्को में कॉल कर के बताया कि हालात संकट के स्तर पर आ गए हैं. उन्होंने मेरी राय जाननी चाही और कहा कि उन्होंने कैबिनेट की बैठक बुलाई है. मैंने अपने स्तर पर कुछ पड़ताल की, फिर घंटे भर बाद उनका दोबारा फोन आया और उन्होंने कैबिनेट का फैसला बताया. फिर मैंने सोच-समझ फैसला किया.

लेकिन आपने अपनी किताब में तो लिखा है कि आप तकरीबन इस्तीफा देने की कगार पर पहुंच गए थे?
हां, तकरीबन, क्योंकि न्यायपालिका को लगा कि मैं मॉस्को में बैठ कर फैसला ले रहा हूं, उसे नहीं पता था कि मैं मिनट-मिनट की खबर रख रहा था. न्यायपालिका ने राज्‍यपाल को दोषी पाया, तो मुझे लगा कि मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए. लेकिन उप-राष्ट्रपति विदेश दौरे पर थे इसलिए उन्हें सूचना देने में मुझे कुछ घंटे लग गए. उस दौरान मेरी प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई, लंबी बातचीत में उन्होंने मुझे राष्ट्रहित में इस्तीफा न देने को राजी कर लिया. मैंने वैसा ही किया.

लेकिन कई लोग पद पर बने रहने के लिए ऐसा ही बहाना बनाते हैं?
मेरे मामले में ऐसा बिलकुल नहीं है. मुझे सत्ता में बने रहने की क्या पड़ी है? दोबारा राष्ट्रपति बन कर मुझे क्या हासिल होगा? मुझे किसी से कुछ नहीं चाहिए.

आज देश के सामने सबसे गंभीर खतरा भ्रष्टाचार का है. अगर आप प्रधानमंत्री होते तो क्या लोकपाल विधेयक पारित करवा देते?
भ्रष्टाचार अनवरत प्रक्रिया है (हंसते हैं). इसमें कोई शक नहीं कि अण्णा (हजारे) अहम लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन यदि लोकपाल विधेयक पास हो गया तो इससे सिर्फ जेलों में भीड़ ही बढ़ेगी. इसकी बजाए मैंने 35 वर्ष से नीचे के युवाओं के लिए एक नया आंदोलन प्रस्तावित किया जिसका नाम है, ''मैं क्या दे सकता हूं''. इसमें सिर्फ  तीन बातें हैं: अपनी मां को खुश रखो, अपने पिता को भ्रष्टाचार से दूर रखो और पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण को बचाओ. अण्णा ने जब मेरा यह विचार सुना तो उन्होंने कहा कि इस मंत्र से नतीजे मिलने में लंबा वक्त लगेगा, लेकिन उनकी यांत्रिक प्रक्रिया से तो सिर्फ कैदखाने आबाद होंगे. लोगों के दिल और दिमाग में कोई बदलाव नहीं आएगा.

अण्णा हजारे कहते हैं कि 15 मंत्री भ्रष्ट हैं. जब आप पद पर थे, तो आपको सरकार में कितना भ्रष्टाचार दिखता था?
(हंसते हुए) मैंने हिसाब नहीं लगाया. 

ADVERTISEMENT
Advertisement