कलाकारों की बिरादरी में सबसे पुराना विवाद इस विषय पर रहा है कि क्या कला जीवन की नकल है या फिर हमारा जीवन इंसानी कल्पना की ही अच्छी और बुरी छाया है. दोनों ही पक्षों की वकालत करने वाले बराबर संख्या में पाए जाते हैं. अकसर हकीकत को फसाना बताकर खारिज कर दिया जाता है, लेकिन महज दो साल बाद अगर हकीकत अपनी कब्र से निकल कर सवालों की शक्ल में दुनिया को डराने लगे, तो समझिए कि मामला दुर्लभ है.
पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर 25 फरवरी, 2010 को अचानक 15 सेकंड के लिए टीवी पर मकबूल हो गए थे जब उन्होंने हाफिज सईद और उसके आतंकी संगठन लश्करे-तैयबा पर भारत द्वारा सौंपे गए डोज़ियर को ''महज साहित्य'' कह कर खारिज कर दिया था. बात बहुत करीने से और कायदे से कही गई थी, लेकिन उसका मजाकिया लहजा स्पष्ट था. बशीर इसी 20 जून को पाकिस्तान के उच्चायुक्त बन कर दिल्ली पहुंचे. यह उनकी साहित्यिक शब्दावली का इनाम है या फिर जरूर इस्लामाबाद में कोई बेहद मजाकिया शख्स बैठा फैसले ले रहा है.
बहरहाल, साहित्य की महीन पहचान रखने वाले बशीर को भले-बुरे की समझ होनी चाहिए. दरअसल, दिल्ली में उनके दफ्तर में जो पहली फाइल पहुंची है वह सैयद जबीउद्दीन अंसारी की है-बीड का रहने वाला वह भारतीय नागरिक जो हाफिज सईद का खासमखास था, जिसने 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के हमलावरों को प्रशिक्षण दिया था और कराची के एक कंट्रोल रूम में बैठकर तीन दिन तक लश्कर के आतंकियों द्वारा मचाई गई तबाही का संचालन किया था.
सिर्फ एक शख्स है जो वास्तविकता और कहानी का फर्क जानता हैः अजमल कसाब. मुंबई की जेल से रिपोर्ट आई है कि जब उसे अंसारी की गिरफ्तारी का पता चला, तो वह सोच में डूब गया.
अंसारी जिद्दी नहीं है. उससे राज उगलवाने के लिए पुलिस को बहुत प्रताड़ना नहीं देनी पड़ी. उसने राजी-खुशी सब कुछ उगल दिया है. अमेरिका में डेविड हेडली की पड़ताल हो या दिल्ली में अंसारी की, हर जगह एक ही बात निकल कर सामने आई हैः पाकिस्तान की आइएसआइ का हमले में बड़ा हाथ था.
अंसारी के मुंह खोलने के बाद अब बशीर का ''साहित्य'' पूरी लाइब्रेरी की शक्ल ले चुका है. उनकी दिक्कत समझी जा सकती है. पाकिस्तान में नौकरशाहों को इसलिए तनख्वाह नहीं मिलती कि वे आइएसआइ को दोषी ठहराते फिरें, अगर ऐसा हुआ तो वहां सारे मंत्रियों की नौकरी तुरंत चली जाएगी. या तो उन्हें इनकार करना होता है, या फिर मामले को दूसरा मोड़ देना पड़ता है.
इनकार तो ठीक है, लेकिन मामले को मोड़ना अलग-अलग दिशाओं में हो सकता है. मसलन, कश्मीर का मामला, जो बरसों के इस्तेमाल के बाद अब घिस चुका है. आजकल एक नया बहाना चल पड़ा है, ''हम भी आतंकवाद के शिकार हैं.'' ऊपर से तो यह बात अपील करती है, लेकिन इसमें गहराई नहीं. यह तरीका कंधे से दोष को झाड़ फेंक कर भारत का बगलगीर बनने की कोशिश है. यदि पाकिस्तान खुद शिकार है, तो उसकी सरकार हाफिज सईद को क्यों बचा रही है?
सऊदी अरब ने वह किया है जो करने से पाकिस्तान ने इनकार कर दिया थाः 26/11 के पहचाने जा चुके षड्यंत्रकारियों के खिलाफ कार्रवाई. अंसारी की गिरफ्तारी भारतीय उपमहाद्वीप के लिए उतनी ही नाटकीय और निर्णायक है जितनी अमेरिका के लिए ओसामा बिन लादेन की मौत थी. इस्लामाबाद में बैठी सरकार इस प्रकरण के बाद भी अपना पुराना अड़ियल रवैया अपनाए हुए है, लेकिन परदे के पीछे तो उसे दर्द का एहसास हो ही रहा होगा, क्योंकि 'साहित्य' का यह ताजा अध्याय रियाद में लिखा गया है. सवाल उठता है कि सऊदी अरब ने ऐसे मसले पर भारत का सहयोग करने का फैसला क्यों किया जो भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तल्खी की बुनियाद है?
अंसारी सऊदी अरब में नकली पाकिस्तानी पासपोर्ट पर रियासत अली के नाम से गया था. उसे पूरा भरोसा था कि सऊदी अरब भी पाकिस्तान की ही तरह सुरक्षित है क्योंकि उसके सिर पर आइएसआइ का हाथ था. अंसारी ने भारत की पुलिस को जो बातें बताई हैं, वे निश्चित तौर पर सऊदी पुलिस ने भारत को उसे सौंपने से पहले ही उगलवा ली होंगी. सऊदी जानते थे कि अंसारी ''मेजर इकबाल'' और ''मेजर समीर अली'' जैसे आइएसआइ के अफसरों का नाम लेगा. सऊदी सरकार जानती थी कि अंसारी को भारत के हाथों सौंपकर वह पाकिस्तान द्वारा चलाए गए बेहद खुफिया ऑपरेशन के चेहरे से आखिरी नकाब भी नोच रही है.
सऊदी अरब ने ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं किया क्योंकि अंसारी भारत का दुश्मन है, बल्कि इसलिए क्योंकि वह एक ऐसी बात जानता है जिसे पाकिस्तान कभी स्वीकार नहीं करेगाः कि अंसारी सऊदी अरब का भी दुश्मन है. अंसारी भारत से नफरत करता है या फिर इस्लाम की गलत व्याख्या कर के मजहबी कट्टरपंथ को फैलाता है, यह बात सऊदी की जनता या उनके शासक किंग अब्दुल्ला को नहीं पचेगी जो खुद मक्का और मदीना की दो मस्जिदों (हरमेन शरीफेन) के संरक्षक हैं. अगर सबूत चाहिए, तो यही इस बात का सबूत है कि भारत विरोधी आतंकवाद को इस्लाम के सर्वोच्च अलमबरदारों की मंजूरी हासिल नहीं है.
किंग अब्दुल्ला का फैसला तुरंत औपचारिक कूटनीति में तो तब्दील नहीं होगा, हालांकि यह नाटकीय तरीके से सामरिक धारणाओं को बदलेगा और सतह के नीचे हलचलों में करवट पैदा करेगा. रियाद आगे भी पाकिस्तान का दोस्त बना रहेगा, लेकिन वह आतंक के खिलाफ जंग में दिल्ली का सहयोगी बन चुका है.

