कोविड महामारी के दौरान उत्तर प्रदेश ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है. ग्राम विकास विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, यूपी ने कोरोना महामारी के दौरान कुल 31.21 करोड़ व्यक्ति दिवस कार्य का सृजन किया जो कि वर्ष 2019-20 के दौरान सृजित हुए व्यक्ति दिवस 10.5 करोड़ से तीन गुना से अधिक है. महामारी के दौरान यूपी ने इस योजना के तहत 1.11 करोड़ लोगों को रोजगार देने में कामयाबी हासिल की, लेकिन इस कार्यबल में पुरुषों का वर्चस्व था. केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, यूपी ने वर्ष 2020-21 में अब तक 31.21 करोड़ व्यक्ति दिवस सृजित किए हैं जिनमें महिला व्यक्ति दिवसों का हिस्सा महज 33 फीसद है. महिलाओं को नरेगा के तहत रोजगार देने के लिहाज से यूपी देश के राज्यों में सबसे निचले यानी 28वें पायदान पर है. यूपी से नीचे जम्मू और कश्मीर तथा लक्षद्वीप ने रैकिंग में जगह बनाई है. महिलाओं को रोजगार मुहैया कराने में केरल, पुद्दुचेरी और तमिलनाडु शीर्ष रैंकिंग वाले राज्य हैं जिन्होंने क्रमश: 91.41 फीसद, 87.04 फीसद और 84.88 फीसद महिला-दिवसों का सृजन किया है.
महामारी के इस समय के दौरान नरेगा के तहत रोजगार सृजन को अधिकतम करने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ, यूपी ने पिछले वर्ष के मुकाबले व्यक्ति-दिवसों में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है लेकिन पिछले पांच वर्षों में महिलाओं की हिस्सेदारी अपरिवर्तित रही है. इस वर्ष नरेगा के तहत महिला दिवसों का राष्ट्रीय औसत 52 प्रतिशत रहा है लेकिन यूपी में कुल सृजित 31.21 करोड़ व्यक्ति दिवसों में 10.15 करोड़ महिला व्यक्ति दिवस का सृजन हुआ जो महज 33 फीसद था. नरेगा में महिलाओं की भागीदारी कम होने के पीछे ग्राम विकास विभाग के एक अधिकारी बताते हैं कि पश्चिमी यूपी के जिलों में ज्यादातर महिलाएं नरेगा के तहत कार्य करने के लिए घरों से बाहर नहीं निकलीं इसलिए कुछ जिलों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद यूपी की रैंकिंग बेहद खराब रही. ग्राम विकास विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महिला दिवसों का सृजन करने के मामले में अच्छे जिलों की पड़ताल की जाए तो सभी पूर्वी यूपी से आते हैं. महिला दिवस के सृजन के मामले में सिद्धार्थनगर और सोनभद्र ने पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया है. हालांकि सिद्धार्थनगर और सोनभद्र दोनों जिलों ने 48 प्रतिशत महिला दिवसों का सृजन किया लेकिन सिद्धार्थनगर ने 88.9 लाख व्यक्ति दिवसों में 42.6 लाख महिला व्यक्ति दिवस सृजित किए जबकि सोनभद्र ने कुल 51.6 लाख व्यक्ति दिवसों में 24.5 लाख महिला व्यक्ति दिवस सृजित किए. पहले पायदान पर इन दो जिलों के अलावा मऊ (44 प्रतिशत), बस्ती (43 प्रतिशत), संत कबीर नगर (43 प्रतिशत), चित्रकूट (42 प्रतिशत), मिर्जापुर (42 प्रतिशत), जौनपुर (42 प्रतिशत), वाराणसी (41 प्रतिशत) और प्रतापगढ़ (41 प्रतिशत) ने पहले दस पायदन पर अपनी जगह बनाई है.
लॉकडाउन के समय 30 लाख से अधिक प्रवासी मजदूर यूपी आए लेकिन इनमें महिलाओं की संख्या काफी कम थी. इसने भी नरेगा के तहत तैयार किए गए रोजगार में महिलाओं की भागीदारी सीमित रखी. गोंडा में हलधरमऊ ब्लॉक के एक गांव के प्रधान प्रताप सिंह बताते हैं, "कोरोना महामारी के दौरान स्कूल-कॉलेज और अन्य वित्तीय गतिविधियां बंद थीं ऐसे में ज्यादातर महिलाओं ने घरों में ही रहकर परिवार की देखरेख में समय दिया. वे बड़ी संख्या मे उस तरह घरों से नरेगा के तहत काम करने को बाहर नहीं निकलीं जैसा की परिवार के पुरुष सदस्य निकले थे. इसी कारण नरेगा के तहत रोजगार सृजन में इनकी भागीदारी काफी कम दिखी है. चूंकि घर से दूर रहे रहे पुरुष भी कोरोना महामारी के दौरान अपने गांव वापस आ गए थे ऐसे में नरेगा के तहत कार्य करने के लिए परिवार की महिला का विकल्प पुरुष के रूप में मौजूद था. यही वजह है कि पुरुष दिवस के सृजन में रिकॉर्ड बनाने वाला यूपी महिलाओं के मामले में काफी पिछड़ गया.”
कोरोना महामारी का प्रकोप कम होने के बाद अब यूपी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के अंतिम तीन महीनों में नरेगा के तहत महिलाओं की रोजगार में भागीदारी बढ़ाकर प्रदेश की रैंकिंग में सुधार की रणनीति तैयार की है. मनरेगा के अतिरिक्त आयुक्त योगेश कुमार बताते हैं, "हमने कुछ महत्वपूर्ण कारकों पर ध्यान केंद्रित किया है और 2021-22 में 50-55 फीसद महिलाओं की भागीदारी प्राप्त करने के लिए सघन रणनीति तैयार की है." उन्होंने कहा, “सामाजिक-सांस्कृतिक माहौल और शारीरिक गहन कार्य जैसे कारक महिलाओं की भागीदारी कम कर रहे हैं. इसलिए, हमने महिलाओं को कुछ विशिष्ट कार्यों जैसे वृक्षारोपण, बागवानी, पोषण उद्यान, नर्सरी या जैविक खेती से जोड़ने की रणनीति तैयार की है.” विभाग लगभग 30,000 महिलाओं को नरेगा मेट बनाने, उपस्थिति दर्ज करने, काम की माप जैसे कार्यों के साथ भी महिलाओं को जोड़ने जा रहा है. इसके अलावा विभाग कुछ अन्य योजनाओं जैसे एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) से भी महिलाओं को जोड़ेगा. महिला स्व-सहायता समूहों के जरिए बागवानी, फूलों की खेती, सब्जी की खेती, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की रणनीति बनी है. इस तरह की नौकरियां शारीरिक रूप से गहन नहीं हैं और महिलाओं के लिए भी बहुत दिलचस्प भी हैं.
***

