लखनऊ में अलीगंज में कौशल विकास मिशन के दफ्तर में मौजूद मिशन निदेशक कुणाल सिल्कू एक अप्रैल से लागू होने जा रही राष्ट्रीय शिक्षा नीति में महत्वूपर्ण योगदान देने की तैयारी में जुटे हुए है. कुणाल की निगरानी में कौशल विकास मिशन ने स्कूली बच्चों को “हब ऐंड स्पोक्स” मॉडल की तर्ज पर ट्रेनिंग देने की योजना बनाई है. इसमें आइटीआइ और कौशल विकास केंद्र को “हब” और स्कूल “स्पोक” होंगे. इस मॉडल के तहत स्कूल के बच्चे हफ्ते में एक दिन ट्रेनिंग के लिए आइटीआइ और कौशल विकास केंद्र आएंगे. यूपी देश का पहला राज्य है जिसके पास शत प्रतिशत बच्चों को ट्रेनिंग देने की व्यवस्था है. कभी गड़बड़ियों के लिए कुख्यात रहे कौशल विकास मिशन को कुणाल ने पिछले वर्ष कोरोना महामारी के दौरान हुए लॉकडाउन में एक नई पहचान दिलाई है. लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश पहला राज्य था जो स्किल मैंपिंग का ‘कांसेप्ट’ लेकर सामने आया. यूपी के बाद भारत सरकार के अलावा दूसरे राज्यों ने स्किल मैंपिंग को लागू किया.
पिछले वर्ष 12 मार्च को कौशल विकास मिशन ने लखनऊ में “कौशल सतरंग” कार्यक्रम का आयोजन किया था. उस वक्त किसी को भी यह अंदेशा नहीं था कि दो हफ्ते बाद पूरे देश में लॉकडाउन लागू हो जाएगा. इस कार्यक्रम के दौरान “सेवामित्र” प्रोजेक्ट भी लांच किया गया. इस प्रोजेक्ट के जरिए आम लोगों को एक ऐसा प्लेटफार्म मुहैया कराने की योजना बनी जिसके जरिए वे “स्किल्ड” मजदूरों की सेवाएं ले सकें. इसके लिए कुणाल ने एक पोर्टल का माड्यूल भी तैयार भी कर लिया था. स्किल मैपिंग का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर भी कुणाल तैयार कर चुके थे. कुछ ही दिन बाद लॉकडाउन लागू होने जाने से “सेवामित्र” पोर्टल का मॉड्यूल उस रूप में नहीं तैयार हो पाया जिसकी तैयारी पहले से की गई थी. पिछले वर्ष अप्रैल का महीना आते ही बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से मजदूरों का यूपी में पहुंचना शुरू हो गया. अप्रैल के पहले हफ्ते में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने टीम-11 के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यूपी आने वाले मजदूरों की स्किल मैंपिंग करने का निर्देश दिया. इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में तत्कालीन सचिव आलोक कुमार ने कुणाल सिल्कू के साथ बैठकर स्किल मैपिंग की रणनीति तय की. अब प्रवासी मजदूरों की स्किल मैंपिंग की जिम्मेदारी कौशल विकास मिशन के ऊपर आ गई. कुणाल ने पहले से तैयार “सेवामित्र” पोर्टल के माड्यूल को प्रवासी मजदूरों की स्किल मैंपिंग करने में उपयोग करने की रूपरेखा तैयार की. ये प्रवासी मजदूर दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश की ओर लौट रहे थे. यूपी के सीमावर्ती जिलों में इन प्रवासी मजदूरों के लिए शेल्टर होम बनाए गए थे. यहां पर राजस्व विभाग की टीम पहुंचने वाले प्रवासी मजदूरों की पूरी दर्ज कर रही थी. कुणाल ने यह तय किया कि क्यों न सीमावर्ती जिलों में बने शेल्टर होम में पहुंचने वाले मजदूरों की स्किल मैपिग भी कर ली जाए.
कौशल विकास विभाग ने राजस्व विभाग को एक पत्र लिखा जिसमें उनसे प्रवासी मजदूरों की जानकारियां जुटाने के पहले से तये बिंदुओं में करीब आधा दर्जन नए बिंदु शामिल करने का अनुरोध किया. इसके बाद राजस्व विभाग के सहयोग से हर स्तर पर प्रवासी मजदूरों की जो जानकारियां जुटाई गईं उनमें स्किल मैपिंग के बिंदु भी शामिल किए गए. इससे यह जानकारी मिली कि प्रवासी मजदूर यूपी में आने से पहले किस तरह का काम कर रहा था. इस तरह करीब डेढ़ महीने के दौरान कुल 37 लाख प्रवासी मजदूरों की स्किल मैंपिंग कौशल विकास मिशन कर चुका था. यूपी में स्किल मैपिंग की योजना को देखकर केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की. पिछले वर्ष अप्रैल के अंतिम हफ्ते में केंद्र सरकार ने यूपी की तर्ज पर अन्य राज्यों में भी प्रवासी मजदूरों की स्किल मैपिंग करने के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की. मई के अंत तक 37 लाख प्रवासी मजदूरों की स्किल मैपिंग से जुड़े आंकड़े एक्सेल शीट में कौशल विकास मिशन को मिल चुके थे. कौशल विकास मिशन का “सेवामित्र” पोर्टल का मॉड्यूल पहले से ही तैयार था. इस पर प्रवासी मजदूरों के स्किल मैपिंग के आंकड़े लोड कर दिए गए. इस पोर्टल के कुल 22 हजार 500 लॉगइन विभिन्न विभागों और अधिकारियों के पास थे. इन सभी विभागों को कहा गया कि जब वे किसी भी मजदूर को नौकरी दिलाएं तो पोर्टल पर उसके नाम के सामने टिक कर दें. दूसरे राज्यो से आने वाले प्रवासी मजदूर “स्किल्ड” तो थे लेकिन उनके पास कोई प्रमाणपत्र नहीं था. कौशल विकास मिशन के जरिए कुणाल ने इन मजदूरों की ट्रेनिंग कराकर इन्हें सर्टिफिकेट भी मुहैया कराया. सर्टिफिकेशन का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि इन मजदूरों को बैंकों से लोन मिलना आसान हो गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राथमिकता के तौर पर सभी विभागों को इन मजदूरों की सेवाएं लेने का निेर्देश दिया. पोर्टल में छूटे हुए मजदूरों के आंकड़े दर्ज करने की भी व्यवस्था भी की गई. पिछले नौ महीनों के दौरान आठ लाख से अधिक मजदूरों को “सेवामित्र” पोर्टल के जरिए नौकरी दिलाई जा चुकी है. “सेवामित्र” पोर्टल के जरिए हर मजूदर की न केवल सारी जानकारी मिल जाती है बल्कि यह भी पता चल जाता है कि उसे किस विभाग की लॉग-इन से नौकरी दी गई है.
पिछले वर्ष लाकडाउन के कारण 22 मार्च से 21 सितंबर तक कौशल विकास मिशन की ट्रेनिंग बंद रही थी. इसके बावजूद कौशल विकास मिशन ने सरकार से विशेष अनुमति लेकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से 25 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया था. इसके दो फायदे हुए थे. लॉकडाउन ने इन महिलाओं ने बड़ी संख्या में न केवल मास्क बनाए बल्कि स्कूल ड्रेस सिलने में भी योगदान दिया. कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन के कारण कौशल विकास मिशन का ट्रेनिंग कार्यक्रम भी बाधित रहा. 21 सितंबर से जब ट्रेनिंग शुरू भी हुआ तो सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य रेग्युलेशन मौजूद थे जिससे पूरे क्षमता से कक्षा में बिठाकर प्रशिक्षण देना संभव नहीं था. कौशल विकास मिशन आम तौर पर तीन महीने की शार्ट-टर्म ट्रेनिंग कराता है. कोविड के प्रोटोकाल के चलत कौशल विकास मिशन ने अपनी ट्रेनिंग के तौर तरीके भी बदले. अब “रिकॉग्नीशन ऑफ प्रायर लर्निंग” (आरपीएल) ढंग से ट्रेनिंग की शुरुआत की गई. इससे एक बड़ी ट्रेनिंग पांच छोटी ट्रेनिंग में परिवर्तित कर दी गई. इसमें पैसा भी कम लगा और अधिक लोगों को ट्रेनिंग भी दिलायी जा सकी. इसी कारण से कौशल विकास मिशन ने इस वर्ष रिकार्ड आठ लाख लोगों को ट्रेनिंग दिलाने का लक्ष्य रखा है जबकि पिछले वर्ष यह लक्ष्य पांच लाख का था. कौशल विकास ने आठ लाख में से छह लाख को आरपीएल ट्रेनिंग और दो लाख शार्टटर्म ट्रेनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया है. मध्य वर्ग बहुत सारे लोग ऐसे थे जो इंजीनियर या दूसरी तकनीकी डिग्री धारक तो थे लेकिन मार्केट की मांग के अनुसार उनके पास अपडेट डिग्री नहीं थी.
कोरोना संक्रमण के दौरान ही अक्तूबर में कौशल विकास मिशन ने यूएस की ऑनलाइन कोर्स प्रोवाइडर कंपनी “कोर्सेरा” से एमओयू भी किया. इसके जरिए कोई भी छात्र विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन कोर्स में दाखिला ले सकता है. पिछले वर्ष “कोर्सेरा” कंपनी दूसरे देशों में ‘वर्कफोर्स रिकवरी इनीशिएटिव स्कीम’ चला रही थी. कुणाल ने “कोर्सेरा” कंपनी से संपर्क कर उन्हें भारत में भी ‘वर्कफोर्स रिकवरी इनीशिएटिव स्कीम’ शुरू करने का आग्रह किया. कंपनी से सहमति मिलने ही कौशल विकास मिशन से एक समझौता हुआ जिसके तहत “कोर्सेरा” कंपनी ने विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में 50 हजार लोगों को ऑनलाइन कोर्स को फ्री में पढ़ाने की व्यवस्था की. इसमें एक व्यक्ति एक से अधिक कोर्स भी बिना पैसा दिए कर सकता था. इसके बाद सवा लाख कोर्से में लोगों ने पंजीकरण कराया. इन कोर्स को पढ़ने में करीब 70 करोड़ रुपए का खर्च आया जिसे “कोर्सेरा” कंपनी ने मुफ्त में मुहैया कराया. विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से ऑनलाइन कोर्स का सर्टिफिकेट भी देने की व्यवस्था हुई. इसके लिए कौशल विकास मिशन ने साढ़े तीन सौ नए ट्रेनिंग पार्टनर तैयार किए हैं. इसमें हर बच्चे की जरूरत के अनुरूप ही उसे कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
कौशल विकास मिशन ने हर जिले की स्किल मैपिंग करने के लिए केंद्र सरकार की योजना के तहत “डिस्ट्रिक स्किल डेवलेपमेंट प्लान” (डीएसडीपी) भी तैयार कराया है. अभी तक कौशल विकास मिशन के पास ऐसा कोई आंकड़ा नहीं था कि किस जिले में लोगों को किस ट्रेड में स्किल डवेलेपमेंट की ट्रेनिंग कराने की आवश्यकता है. डीएसडीपी के जरिए कौशल विकास मिशन ने हर जिले का सर्वे कराया. जिले में कितने उद्योग हैं? इनमें कितने लोग काम कर रहे हैं? इनके काम की प्रकृति क्या है? जिले में आने वाले दिनों में कितनी जॉब आने वाली हैं? जिले में माइग्रेशन का स्तर क्या है? ऐसे कई बिंदुओं पर जिले की स्किल मैंपिंग हुई. डीएसडीपी के तहत राज्य के सभी जिलों की स्किल मैपिंग करने वाला यूपी देश का पहला राज्य है. इसके बाद कौशल विकास मिशन ने डीएसडीपी के तहत हर जिले को ट्रेनिंग का शेड्यूल जारी किया है.
कौशल विकास के मिशन में जुटे कुणाल सिल्कू का जन्म तो पटना में हुआ लेकिन यह कक्षा तीन से ये यूपी में रहने लगे थे. कुणाल के पिता कानपुर के गोविंद नगर के डीपीएस कालेज में केमिस्ट्री के लेक्चरर थे जो बाद में प्रोफेसर पद से रिटायर हुए. कुछ साल बादइनके पिता जी ने लखनऊ में घर बनवा लिया. कुणाल ने लखनऊ के आशियाना में एलपीएस कॉलेज से हाइस्कूल और इंटरमीडियट पास किया. इंटरमीडियट करने के बाद ही कुणाल का चयन आइआइटी खड़गपुर में हो गया. यहां से इन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया. इसके बाद इन्होंने नोएडा में एडोब कंपनी में एक साल तक काम किया. वर्ष 2008 में कुणाल ने नौकरी छोड़कर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की. वर्ष 2011 में इनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हो गया. गोरखपुर में ट्रेनिंग के बाद इनकी पहली पोस्टिंग गाजियाबाद में एसडीएम सदर के पद पर हुई. यहां 10 महीने की तैनाती के बाद सीडीओ हापुड़ पद पर तैनात हुए. करीब दो साल तक सिद्धार्थनगर के डीएम रहे. 13 जुलाई 2019 को कुणाल उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन डायरेक्टर बने. कुणाल के साथ सिल्कू नाम जोड़ने के पीछे एक रोचक कहानी है. असल में कुणाल सिल्कू का नाम कुणाल श्रीवास्तव है. पटना में जब कुणाल का एडमिशन प्री नर्सरी मे कराया गया तो पिता ने एडमिशन फार्म में कुणाल के नाम के आगे सरनेम श्रीवास्तव न लिखकर ब्रैकेट में सिल्कू लिख दिया. सिल्कू कुणाल के घर का नाम था. पटना में कक्षा दो तक स्कूल में कुणाल के नाम के आगे ब्रैकेट में सिल्कू लिखा रहा लेकिन जब कक्षा तीन में इन्हें कानपुर के एक स्कूल में दाखिला लिया तो पटना के स्कूल से मिले ट्रांसफर सर्टिफिकेट में सिल्कू शब्द में लगा ब्रैकेट हटा दिया गया. अब इनका नाम कुणाल सिल्कू हो गया. तब ये कुणाल सिल्कू के नाम से ही पहचाने जाने लगे.
***

