एक था टाइगर में सलमान खान की टाइग्रेस और शाहरुख खान की अनाम फिल्म में प्यारी-सी लड़की कैटरीना कैफ फिर से राजनीति करने जा रही हैं.
घबराइए नहीं 27 वर्षीया यह अदाकारा किसी पार्टी को ज्वाइन नहीं कर रही हैं. 2010 की प्रकाश झा की ब्लॉकबस्टर फिल्म राजनीति का सिक्वेल बनने जा रहा है और फिल्म के इस दूसरे भाग में राजनीति की धुरी चिकनी चमेली ही हैं.
रणबीर कपूर के चाहने वालों को निराशा होगी क्योंकि वे फिल्म में नहीं होंगे. बताया जा रहा है कि उन्होंने इस फिल्म से इसलिए अपना हाथ खींच लिया क्योंकि कैटरीना प्रमुख भूमिका में हैं और वे साइड रोल नहीं करना चाहते थे.
फिल्म के निर्देशक प्रकाश झा भी कहते हैं, ''फिल्म में कैटरीना का सेंट्रल रोल होगा.'' बेशक होना भी चाहिए क्योंकि फिल्म के आधे से ज्यादा पुरुष पात्र तो पहले भाग में मारे जा चुके हैं. अब पुरुष पात्रों का चाहे जो हो, इंदु (राजनीति में कैटरीना का नाम) के तो पौ बारह हैं ही.

