मेरठ महानगर अध्यक्ष के ड्राइवर के पिता में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद भारतीय जनता पार्टी की स्थानीय इकाई में हड़कंप मचा हुआ है. इसके बाद विधायक, सांसद एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं को भी क्वारंटाइन में जाना पड़ सकता है. कोरोना को लेकर लॉकडाउन की घोषणा के बाद भाजपा ने बैठकों का दौर रोक दिया, किंतु गरीबों तक राशन पहुंचाने एवं अन्य कार्यो के लिए कार्यकर्ता शारीरिक दूरी बनाकर सक्रिय हो गए.
कम्यूनिटी किचन से लेकर राशन वितरण समेत कई कार्यक्रमों में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल एवं उनकी पूरी टीम अक्सर नजर आती थी. सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी, डा. सोमेंद्र तोमर एवं पूरी महानगर इकाई कार्यक्रमों में पहुंचती रही.
अब महानगर अध्यक्ष के ड्राइवर के पिता में संक्रमण मिलने के बाद भाजपाई सकते में आ गए हैं.
इन कार्यक्रमों में कई बार सोशल डिस्टेंसिंग के एहतियात नहीं अपनाए गए. महानगर मुकेश सिंघल को स्वास्थ्य विभाग ने उनके घर पर क्वारंटाइन कर दिया है. इसके बाद भाजपा ने जिले में चलाई जा रही योगी-मोदी रसोई को तत्काल बंद कर दिया है.
महानगर अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से घर पर रहते हुए या निजी स्तर पर प्रशासन की मदद करने को कहा है. मेरठ महानगर इकाई में संक्रमण की आशंका को देखते हुए भाजपा प्रदेश स्तर पर एक विस्तृत गाइडलाइन तैयार करने में जुटी है जिसमें लोगों को केंद्र सरकार से जारी लाकडाउन के नियमों के अनुसार ही कार्यकर्ताओं को कोई काम करने को कहा जाए.
***

