scorecardresearch
डार्क मोड

उत्तर प्रदेश: भर्ती प्रक्रियाओं पर कोरोना बैरियर

कोरोना के प्रकोप से उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया थमी, यह दौर खत्म होने के बाद ही लंबित भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की संभावना

फोटोः आशीष मिश्र
फोटोः आशीष मिश्र
अपडेटेड 29 मार्च , 2020

कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने के साथ हुए लॉकडाउन के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग –यूपीपीएससी में कापियों के मूल्यांकन के साथ सभी कार्य रोक दिए गए हैं. लोक सेवा आयोग में पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा की कापियों के मूल्यांकन को अंतिम रूप दिया जा रहा था और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली थी. इसी बीच कोरोना का प्रकोप आ गया और सारे काम बंद करने पड़े.

इसके अलावा असिस्टेंट रजिस्ट्रार समेत कुछ अन्य भर्ती प्रक्रियाओं के परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया आयोग में चल रही थी. लाकडाउन की घोषणा के बाद इनपर भी रोक लग गई है. आयोग के अधिकारी अभी लाकडाउन की समयसीमा के खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं और इसके बाद ही लंबित पड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की संभावना है.

प्रदेश के अशासकीय कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 3900 पर खाली पड़े हैँ. रिक्त पदों के सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है लेकिन कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने के कारण उच्च शिक्षा निदेशालय और “उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग” (यूपीएचईएससी) में सभी काम ठप हो गए हैं.

ऐसे में असिस्टेंट प्रोफेसर के 3900 पदों पर भर्ती अब ठंडे बस्ते में चली गई है.

शिक्षा निदेशालय के एक अधिकारी बताते हैं “जिस तरह से कोरोना का प्रकोप बढ़ा है, ऐसी स्थिति में अब शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जून महीने से पहले नहीं शुरू की जा सकती है.” उधर बेसिक शिक्षा विभाग के 3039 सहायता प्राप्त विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के खाली पड़े करीब 4500 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव जिलों से शासन को मिला है.

विभाग ने पहले इन भर्तियों को परीक्षा नियामक प्राधिकारी के जरिए कराने का निर्णय लिया था लेकिन बाद में इन भर्तियों को शिक्षा सेवा चयन आयोग से कराने का निर्णय लिया गया. आयोग इन भर्तियों को पूरा कराने की कार्यवाही कर रही रहा था कि कोरोना के प्रकोप ने सारे कामकाज रोक दिए. उपमुख्यमंत्री और माध्यमिक, उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा बताते हैं “स्थितियां सामान्य होते ही सरकार प्राथमिकता के तौर पर शिक्षा विभाग में लंबित पड़ीं सभी भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा कराएगी. इसके लिए एक रोडमैप तैयार किया जा रहा है.”

***

ADVERTISEMENT
Advertisement