scorecardresearch
डार्क मोड

अर्थव्यवस्था को दुरुस्त कर पाएंगे प्रधानमंत्री?

नाकारा अफसरशाहों, रिजर्व बैंक के रूखे व्यवहार और विभाजित यूपीए की वजह से वित्त मंत्री के तौर पर नाकाम रहे प्रणब मुखर्जी. मनमोहन सिंह यदि चीजों को बदलना चाहते हैं तो उन्हें आर्थिक नीति नियंताओं को एक साथ लाकर काम करना होगा.

मनमोहन सिंह
मनमोहन सिंह
अपडेटेड 3 जुलाई , 2012

प्रणब मुखजी का वित्त मंत्री के रूप में 25 जून को ऑफिस में अंतिम दिन का थीम अतीत की यादें भर था न कि अर्थशास्त्र. अपने करीब 45 साल के लंबे राजनैतिक करियर के अंतिम दौर के लिए नॉर्थ ब्लॉक से बाहर निकलने से पहले उन्होंने अपने अफसरशाहों को निजी तौर पर और मीडिया को सार्वजनिक रूप से धन्यवाद दिया.

वे अपने पीछे संकट के मुहाने पर खड़ी जिस अर्थव्यवस्था को छोड़कर जा रहे हैं, यदि उस पर उनकी कोई राय होगी तो भी उन्होंने किसी के सामने इसे जाहिर नहीं किया. इसके एक दिन पहले जाते-जाते डूबते रुपये को सहारा देने की उनकी कोशिश बेकार साबित हुई थी. एक सयाना नेता होने के नाते वे यह बात बखूबी समझ्ते हैं कि उनके प्रदर्शन के बारे में जो भी तात्कालिक नतीजे निकाले जा रहे हैं, वह उनके पद पर आने की कतार में लगे लोगों की कारस्तानी हो सकती है.Indian economy

केंद्रीय वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा और ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने खुले तौर पर आर्थिक नीतियों में बदलाव के सुझाव देकर एक तरह से अपनी उम्मीदवारी घोषित ही कर दी है. इस पद के लिए उनकी खुले तौर पर पैरवी विश्वसनीयता से ज्‍यादा महत्वाकांक्षा को दर्शाती है.

प्रधानमंत्री ने अस्थायी रूप से वित्त मंत्रालय का कार्यभार खुद संभाल लिया है. उनका जोर बदलाव पर है. लुढ़कता रुपया इस बात का संकेत है कि अर्थव्यवस्था कम वृद्धि और ऊंची महंगाई के गंभीर संकट की दिशा में बढ़ रही है, जिसे मुद्रास्फीति के कारण पैदा हुई मंदी या स्टैगफ्लेशन भी कहा जा सकता है.

लेकिन इसके लिए मुखर्जी को आंशिक रूप से ही दोषी माना जा सकता है. असल अपराधी कोई भी फैसला लेने में ढुलमुल रवैया अपनाने वाली, अक्षम और बुरी तरह विभाजित सरकार ही है. 1996 के बाद पहली बार वित्त मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण करने वाले प्रधानमंत्री के रास्ते में भी यही बातें अड़चन पैदा करेंगी. हालांकि, जोखिम से दूर ही रहने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस मंत्रालय को अपने पास कुछ हफ्ते से ज्‍यादा समय तक नहीं रखना चाहेंगे.

नाकारा अधिकारियों और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के असहयोगपूर्ण रवैए की वजह से मुखर्जी बुरी तरह नाकाम रहे हैं. बाजार का यह सोचना वाजिब ही था कि अपनी विदाई के मौके पर मुखर्जी कुछ उदारता दिखाएंगे-25 जून को बहुप्रतीक्षित घोषणा के पहले के घंटों में रुपए और सेंसेक्स, दोनों में अच्छी बढ़त हुई. लेकिन रिजर्व बैंक द्वारा दिखावटी 'सुधार' उपायों की घोषणा करते ही दोनों फिर से लुढ़क गए.

इन उपायों के तहत सरकारी बॉन्ड में विदेशी निवेश की सीमा को 15 अरब डॉलर (82,500 करोड़ रु.) से बढ़ाकर 20 अरब डॉलर (1.1 लाख करोड़ रु.) कर दिया गया और भारतीय कंपनियों को विदेश से 10 अरब डॉलर (55,000 करोड़ रु.) का अतिरिक्त कर्ज लेने की छूट दी गई. नॉर्थ ब्लॉक एवं रिजर्व बैंक के दिग्गजों ने या तो अज्ञानता या फिर उदासीनता की वजह से बाजार की चिंताओं को समझने में भूल कर दी.

नीतिगत मामलों से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक यह 'जानकारी' से कटे रहने का मामला है. मुखर्जी के वरिष्ठ अफसरशाहों को लगता था कि ये दिखावटी उपाय रुपए को ऊपर की ओर ले जाने के िलए पर्याप्त होंगे, उन्होंने इस हकीकत को नजरअंदाज किया कि विदेशी निवेशकों को सरकारी बॉन्डों में निवेश की सीमा से ज्‍यादा चिंता वित्तीय घाटे, जीएएआर (जनरल एंटी एवॉयडेंस रूल्स जो विदेशी संस्थागत निवेशकों की बाहें मरोड़कर उन्हें टैक्स के जाल में लाएंगे) और नीतिगत पक्षाघात की है.

जैसा कि एक बिजनेस एक्जिक्यूटिव व्यंग्यात्मक लहजे में कहते हैं, ''यह तो ऐसा ही है कि जैसे मैं 100 रु. निकालना चाहता हूं और आप मुझे उसमें 200 रु. लगाने का मौका दे रहे हैं.''

मुखर्जी के अधिकारी इससे पहले भी मार्च  में उन्हें एक गलत सलाह दे चुके हैं, जब उन्होंने उनसे वोडाफोन मामले में रेट्रोस्पेक्टिव (पिछली अवधि से लागू होने वाला) टैक्स सुधार पर आगे बढ़ने को कहा, जो उनके वित्त मंत्री कार्यकाल के दौरान का एक बड़ा धब्बा है. टैक्स रेवेन्यू के रूप में सिर्फ 11,000 करोड़ रु. की उगाही के लिए सरकार ने विदेशी निवेशकों के भरोसे को तोड़कर रख दिया.

शायद वित्त मंत्री यह मानते थे कि रिजर्व बैंक बेहतर सलाह दे सकता है. लेकिन ऐसा लगता था कि डी. सुब्बाराव अपनी बेहतरीन सलाह देने के इच्छुक नहीं हैं. मुखर्जी और सुब्बाराव का प्रोफेशनल या व्यक्तिगत दोनों लिहाज से रिश्ता खुश्क ही रहा है. एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं, ''पिछले कुछ महीनों में तो रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के बीच संवाद पूरी तरह से टूट गया है.'' पिछले एक साल से मुखर्जी और सुब्बाराव के बीच ब्याज दरों के स्तर को लेकर लगातार असहमति बनी हुई थी.Indian economy

16 जून को अपना पद छोड़ने से ठीक एक हफ्ते पहले मुखर्जी ने अपनी यह इच्छा जताई थी कि वे ब्याज दरों में कमी देखना चाहते हैं. इंडस्ट्री के संगठन एसोचैम द्वारा आयोजित राष्ट्रीय बैंकिंग और बीमा सम्मेलन में उन्होंने कहा था, ''सभी मौजूदा कारकों को देखते हुए मुझे भरोसा है कि रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति को उसी तरह व्यवस्थित कर लेगा जैसे हम वित्तीय नीति को एडजस्ट कर रहे हैं.''

इसके दो दिन बाद ही सुब्बाराव ने वित्त मंत्री को सीधा झ्टका देते हुए मौद्रिक नीति की अपनी तिमाही समीक्षा में ब्याज दरों में कोई बदलाव ही नहीं किया. उन्होंने वित्तीय घाटे के लिए वित्त मंत्री के निदान और सलाह को भी सिरे से नजरअंदाज कर दिया. सुब्बाराव ने 19 जून को इंडियन मर्चेंट्स चैंबर को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय घाटा कम करने के लिए सरकार को अपने 'खर्चों में कटौती करनी चाहिए.'

उन्होंने ऊंची ब्याज दरों की व्यवस्था को जारी रखने का भी पूरी तरह बचाव किया और यह संकेत दिया कि विकास दर के घटने के लिए दूसरे कारक जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा, ''2006 से 2008 के ऊंचे विकास के दिनों में तो ब्याज दर आज से भी ज्‍यादा थी, लेकिन तब निवेश की मात्रा इतनी ज्‍यादा थी कि अर्थव्यवस्था 9 फीसदी से भी ज्‍यादा दर से बढ़ रही थी.'' यह सरकार के नीतिगत पक्षाघात पर अप्रत्यक्ष रूप से किया गया हमला था.

सुब्बाराव के करीबी कुछ सूत्रों का कहना है कि वे यह नहीं चाहते थे कि ब्याज दरें घटाकर सरकार को महंगाई से निबटने में अपना पल्ला झड़ने का मौका दिया जाए. रिजर्व बैंक का मानना है कि यूपीए सरकार महंगाई से निबटने के लिए बहुत कम प्रयास कर रही है, और सारी जिम्मेदारी रिजर्व बैंक के कंधों पर डाले हुए है.

उदाहरण के लिए, रिजर्व बैंक सरकार द्वारा 14 जून को उठाए गए एक लोकलुभावन कदम से नाखुश था जिसके तहत गेहूं और चावल जैसे प्रमुख अनाज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ा दिया गया जबकि अनाज से जुड़ी महंगाई पहले से ही ऊंचे स्तर पर बनी हुई थी.

व्यक्तिगत तनातनी की वजह से मुखर्जी और सुब्बाराव के बीच की यह प्रोफेशनल खाई और गहराती गई. अर्थव्यवस्था पर कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक में मुखर्जी ने बताया कि उनके पूर्ववर्ती मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा नियुक्त सुब्बाराव उनके निर्देश नहीं मान रहे. असल में जब सितंबर, 2011 में सुब्बाराव का तीन साल का कार्यकाल खत्म होने वाला था, तब उनकी जगह मुखर्जी कौशिक बसु को लाना चाहते थे. लेकिन प्रधानमंत्री और उनकी आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष सी. रंगराजन (सरकार में सुब्बाराव के शुभचिंतक) के हस्तक्षेप से सुब्बाराव को दो साल का एक्सटेंशन दे दिया गया.

सुब्बाराव को इस बात का मलाल था कि वित्त मंत्री ने एक परंपरा को तोड़ते हुए उन्हें अकेले में मुलाकात का मौका बहुत कम दिया है. सूत्रों के मुताबिक मुखर्जी तीन साल में सिर्फ दो बार सुब्बाराव से अकेले में मिले. एक अधिकारी ने बताया, ''जब भी मुखर्जी और सुब्बाराव की मुलाकात होती वित्त मंत्रालय के अधिकारियों का पूरा अमला वहां मौजूद रहता.'' सुब्बाराव ने बार-बार मुखर्जी को अकेले में मुलाकात के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन हर बार मुखर्जी इससे इनकार करते रहे.

सुब्बाराव इस बात से भी खफा थे कि वित्त मंत्रालय रिजर्व बैंक की स्वायत्तता का जरा भी सम्मान न करते हुए उसे आदेश देने की कोशिश करता रहा है. समय के साथ दोनों के बीच यह अविश्वास बढ़ता ही गया. नॉर्थ ब्लॉक और आरबीआइ के अधिकारियों के बीच संवाद ठप होने से इसे कम करने में कोई मदद नहीं मिली. एक वरिष्ठ अफसरशाह बताते हैं, ''रिजर्व बैंक के गवर्नर और वित्त मंत्री के बीच पहले भी विवाद रहा है, लेकिन उनके अधिकारी सभी कामकाजी मामलों में एक-दूसरे के लगातार संपर्क में रहते थे, लेकिन अब लंबे समय से ऐसा नहीं हो रहा है.''

मुखर्जी की विदाई से आर्थिक नीति निर्धारण के दो प्रमुख केंद्रों, वित्त मंत्रालय और रिजर्व बैंक के बीच टकराव कम हो सकता है. यदि प्रधानमंत्री लंबे समय तक वित्त मंत्रालय अपने पास रखते हैं, या वे पी. चिदंबरम को वित्त मंत्री बना देते हैं तो नॉर्थ ब्लॉक और सुब्बाराव एक धरातल पर आ सकते हैं. दूसरा कोई यदि वित्त मंत्री बनता है तो भी अर्थव्यवस्था को दलदल से बाहर निकालने के लिए इन दोनों में एक कामकाजी रिश्ता तो कायम करना ही होगा.

पिछले एक साल में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में 20 फीसदी की गिरावट आ चुकी है और चालू खाता घाटा (निर्यात और आयात में अंतर) बढ़कर 1991 के संकट वाले दौर के लगभग बराबरी पर पहुंच चुका है. इस घाटे की भरपाई करने के लिए जरूरी विदेशी पूंजी निवेश का स्त्रोत सूख गया है क्योंकि भारत में निवेशकों को अब भरोसा नहीं रह गया है. और इसकी मार सीधे तौर पर रुपए पर पड़ रही है.

भारतीय अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर दुनिया ने कई बार चेतावनी के संकेत दिए हैं. रेटिंग एजेंसी फिच ने 18 जून को भारत की सॉवरेन डेट रेटिंग को घटाकर बीबीबी कर दिया जो 'जंक' यानी कूड़े की रेटिंग से सिर्फ  एक पायदान ऊपर है. फिच ने कहा, ''धीमी वृद्धि और ऊंची महंगाई का साथ होना, साथ ही साथ भ्रष्टाचार और नाकाफी आर्थिक सुधार के रूप में भारत के निवेश माहौल के सामने मौजूद संरचनात्मक चुनौतियों'' की वजह से उसे अपना नजरिया बदलना पड़ा है.

इसके एक हफ्ते पहले ही रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड ऐंड पूअर्स ने भी भारत की रेटिंग को बीबीबी पर रखा था और कहा था कि भारत पहला ऐसा ब्रिक (ब्राजील, रूस, भारत, चीन) देश होगा जिसके निवेश ग्रेड रेटिंग में कमी हो सकती है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, भारत को अजरबैजान, कोलंबिया और आइसलैंड (जिन्हें शायद ही कोई रोल मॉडल अर्थव्यवस्था माने) की श्रेणी में रखा गया और इटली, आयरलैंड और स्पेन से भी नीचे की श्रेणी में जगह मिली, जबकि ये तीनों देश यूरोजोन में जारी संकट के केंद्रबिंदु हैं.

इसके जवाब में सरकार की प्रतिक्रिया संदेशवाहक को ही गोली मार देने जैसी रही है. रेटिंग जारी होने के कुछ समय बाद ही मुखर्जी ने एक बयान में कहा, ''इस बात पर जरूर गौर करना होगा कि फिच मुख्य रूप से पुराने आंकड़ों पर निर्भर रहा है और उसने हाल में भारतीय अर्थव्यवस्था में दिखे सकारात्मक रुझनों को नजरअंदाज किया है.'' मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु ने इसे रेटिंग एजेंसियों की 'भेड़चाल' मानसिकता का नतीजा बताया.

भारत की रेटिंग घटाने का गंभीर दुष्परिणाम हो सकता है. विदेशी निवेशक इन रेटिंग को गंभीरता से ले सकते हैं और निवेश प्रवाह सूखते जाने से रुपया और कमजोर हो सकता है. इससे सरकार और कंपनियों के लिए विदेशी कर्ज लेना भी महंगा हो जाएगा, मौजूदा ज्‍यादा जोखिम को देखते हुए उन्हें ज्‍यादा ब्याज देना पड़ेगा. कंपनियां पहले से ही भारत में ऊंचे ब्याज दर के दौर से हलकान हैं. यहां तक कि दिग्गज कंपनियों (टाटा और रिलायंस जैसे प्रमुख कॉर्पोरेट समूह) को भी 14 से 15 फीसदी तक ब्याज देना पड़ रहा है.

सरकार को नीतिगत पक्षाघात दूर करने के लिए अपने भीतर ही झंकना होगा. लेकिन संकेत उत्साहजनक नहीं हैं. कांग्रेस अभी तक इसे लेकर बंटी हुई है कि आर्थिक नीतियां किस तरह की होनी चाहिए. अगला वित्त मंत्री बनने के लिए आनंद शर्मा और जयराम रमेश के बीच हास्यास्पद लड़ाई से भी सत्ता पक्ष की उलझ्न साफ हो जाती है.

मई के अंतिम हफ्ते में रमेश ने अपने मंत्रालय के दायरे से बाहर जाकर यह बयान दिया कि पेट्रोलियम सब्सिडी (वित्तीय घाटे को कम करने के लिए प्रमुख तत्व) में कटौती की जानी चाहिए.

अपने लोकलुभावन झुकाव के विपरीत जाते हुए रमेश्ा ने खुदरा कारोबार में एफडीआइ की भी वकालत की, जिसका उन्होंने नवंबर, 2011 में कैबिनेट में विरोध किया था. उनके जवाब में आनंद शर्मा ने लोकलुभावन मोर्चा संभाल लिया और उन्होंने सब्सिडी में कटौती के रमेश के सुझाव को खारिज कर दिया.

शर्मा कहते हैं, ''हमारे देश में बड़ी संख्या में अशक्त और कमजोर वर्गों के लोग हैं जिन्हें सब्सिडी की जरूरत है. जो लोग बिना जानकारी के कोई टिप्पणी कर देते हैं उन्हें किसी भी राजनैतिक ओहदे पर बैठने से पहले पूरी तरह तैयार होकर आना चाहिए.'' उनके इस हमले का रमेश पर कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने मुखर्जी के पद छोड़ने से कुछ दिनों पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव राहुल गांधी को पत्र लिखकर अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कुछ सुझाव दिए.

ऐसा नहीं है कि पार्टी सिर्फ  सब्सिडी के मसले पर ही बंटी हुई है. ब्याज दरों के मामले में देखें तो प्रधानमंत्री के साथ एक वर्ग ऐसा भी है जो गवर्नर सुब्बाराव की ऊंची ब्याज दर की नीति का समर्थन करता है. आनंद शर्मा जैसे कुछ लोग इस मामले में प्रणब मुखर्जी की सोच के पक्षधर हैं.

रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने के निर्णय के बाद जारी एक बयान में आनंद शर्मा ने कहा, ''रिजर्व बैंक के इस निर्णय का जो भी आधार रहा हो, यह निराशाजनक है और इससे कोर सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग की दिशा को पलटने में कोई मदद नहीं मिलेगी. मैं निश्चित रूप से इसके बारे में वित्त मंत्री और रिजर्व बैंक को लिखूंगा.'' अर्थव्यवस्था को यदि फिर से पटरी पर लौटाना है तो अगले वित्त मंत्री को कांग्रेस के भीतर विचारों के इस तीखे विभाजन को कम करना होगा.

वरिष्ठ अफसरशाह कांग्रेस की निर्णय क्षमता को लेकर आशावादी नहीं हैं. बिजली संयंत्रों को कोयला आपूर्ति के विवादास्पद मसले पर हाल में होने वाली विभिन्न मंत्रालयों की संयुक्त बैठक में मौजूद रहने वाले सरकार के एक वरिष्ठ सचिव ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि तीनों मंत्री (सभी कांग्रेस से)-ऊर्जा मंत्री सुशील कुमार शिंदे, कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन-एजेंडे के एक बिंदु पर भी सहमत नहीं हो पाए.

सचिव ने बताया, ''उनके मंत्रालयों के सचिवों ने लंबे-लंबे भाषण दिए, लेकिन जायसवाल और शिंदे ने कुछ भी बोलने की जहमत नहीं उठाई.'' इस बात की संभावना कम ही है कि नया वित्त मंत्री सरकार के दूसरे हिस्सों में मौजूद ऐसे गतिरोध को दूर करने के लिए कुछ खासकर सकेगा.

धुंधली पड़ती भारत की गाथा में बस उम्मीद की किरण राज्‍यों से दिख रही है. राज्‍य सरकारों के साथ निरंतर संवाद करने वाले योजना आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं, ''नरेंद्र मोदी से लेकर ममता बनर्जी तक, हर मुख्यमंत्री अच्छा कर रहा है.'' कई राज्‍यों के वित्त मंत्री आइएमएफ को बेलआउट फंड के तहत 10 अरब डॉलर (55,000 करोड़ रु.) का अनुदान देने के प्रधानमंत्री के फैसले से कुढ़ गए हैं.

यह पैसा यूरोजोन में पैदा हुए संकट को पाटने के लिए है. यह कुढ़न इस बात को देखते हुए ज्‍यादा है कि केंद्र ने पश्चिम बंगाल को कर्ज की ब्याज राशि के माफी के रूप में 22,000 करोड़ रु. की सहायता देने से इनकार कर दिया है.

केरल के वित्त मंत्री के.एम. मणि ने इंडिया टुडे से कहा, ''ऐसे समय में जब भारत एक गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है, उस समय इस तरह का कदम उठाना एकदम गलत है.'' ओडीसा के वित्त मंत्री प्रफुल्ल चंद्र घेडई ने कहा, ''सरकार को 55,000 करोड़ रु. की वचनबद्धता जैसी शाहखर्ची से दूर ही रहना चाहिए.''

राज्‍यों द्वारा ज्‍यादा फंड देने के अनुरोध को केंद्र सरकार लगातार ठुकराती आई है. एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं, ''राज्‍यों को मिलने वाली केंद्रीय सहायता का करीब 75 फीसदी हिस्सा मनरेगा और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य योजना जैसी केंद्र प्रायोजित योजनाओं (जिनमें धन लीक होने की गुंजाइश रहती है) के माध्यम से मिलता है.'' योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह आहलूवालिया ने हाल में प्रस्ताव रखा था कि इस व्यवस्था में बदलाव किया जाए और केंद्र द्वारा आवंटित धन को इस्तेमाल करने के मामले में राज्‍यों को स्वायत्तता दी जाए.

सूत्रों के मुताबिक, आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की एक बैठक के दौरान उनके इस सुझाव को स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने खारिज कर दिया, जिनका तर्क था कि इस तरह के बदलाव का मतलब यह होगा कि इन योजनाओं में केंद्र का नाम कहीं रह ही नहीं जाएगा और केंद्र को मिलने वाला राजनैतिक लाभ भी खत्म हो जाएगा. इस तरह से आहलूवालिया की एक समझ्दारी भरी योजना दफन हो गई.

प्रधानमंत्री ने 27 जून को वित्त मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की और उनसे निवेशकों में भरोसा और उत्साह फिर से कायम करने को कहा. लेकिन शब्द ही काफी नहीं हैं. अब उनके ऊपर कुछ करने की जिम्मेदारी है. अर्थशास्त्री सुरजीत भल्ला का मानना है कि यूपीए अब भी चीजें दुरुस्त कर सकता है. उन्होंने कहा, ''उन्हें ब्याज दरों में कटौती करनी चाहिए, वोडाफोन टैक्स मामले पर रोक लगानी चाहिए और एफडीआइ और डीजल को नियंत्रणमुक्त करने जैसे कई सुधारों पर आगे कदम बढ़ाने चाहिए.''

अगर यह सब हुआ तो अर्थव्यवस्था में भरोसा और निवेशकों की रुचि फिर से कायम हो सकती है. लेकिन यह सब करने के लिए सरकार को मजबूत राजनैतिक इच्छाशक्ति और जोरदार धक्के की जरूरत है. सी. रंगराजन के करीबी कुछ सूत्रों का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को सलाह दी है कि नॉर्थ ब्लॉक में किसी टेक्नोक्रेट को नहीं बल्कि नेता को नियुक्त किया जाए.

एक सूत्र ने बताया, ''रंगराजन का यह मानना है कि जो कुछ भी करना है वह सबको पता है. मसला इसे राजनैतिक रूप से लागू कर सकने का है.'' प्रधानमंत्री और यदि वे किसी को नियुक्त करते हैं तो अगले वित्त मंत्री को कुछ करने की जरूरत है. यदि वे कुछ नहीं करते हैं तो विकास में गिरावट का आलम कायम रहेगा, शायद यह पांच फीसदी से भी नीचे चला जाए, और रुपया लुढ़कते हुए 60 से नीचे भी जा सकता है. उस समय इसके लिए स्टैंडर्ड ऐंड पुअर्स के सिर दोष मढ़ना असंभव ही होगा.
 -साथ में राजेश शर्मा

ADVERTISEMENT
Advertisement