scorecardresearch

यूपी की तर्ज पर मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी बसपा-सपा साथ-साथ हैं

मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में सपा और बसपा के साथ आने से किसका खेल खराब होगा? असल में सपा और बसपा का वोटबैंक कमोबेश वही है जो कांग्रेस का है. ऐसे में कांग्रेस का चुनावी गणित खराब हो सकता है. 

मायावती और अखिलेश यादव
मायावती और अखिलेश यादव
अपडेटेड 25 फ़रवरी , 2019

समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी गठबंधन करने का फैसला किया है. अब दोनों पार्टियां इन दोनों राज्यों में भी लोकसभा चुनाव साथ-साथ लड़ेंगी. उत्तर प्रदेश की ही तर्ज पर इन राज्यों में भी सीटों के मामले में बसपा ने बाजी मार ली है. मध्य प्रदेश के कुल 29 लोकसभा की सीटों में से बसपा 26 सीटों पर और सपा महज 3 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी. उत्तराखंड के कुल 5 लोकसभा की सीटों में से बसपा 4 सीटों पर और सपा 1 सीट पर लड़ेगी. दोनों ही दलों ने इन राज्यों में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से दूरी बना ली है.

हालांकि, इन राज्यों में सपा और बसपा की उपस्थिति प्रतीकात्मक ही है. पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में इन राज्यों में बसपा और सपा लोकसभा की कोई भी सीट जीतने में सफल नहीं हो पाई थी. इन दोनों पार्टियों का कुल वोट शेयर मध्य प्रदेश में 2.3 फ़ीसदी के आसपास रहा है. साथ ही, सूबे में लड़ाई सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है. गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में मध्य प्रदेश में भाजपा को 27 सीटों पर जीत हासिल हुई थी. वही कांग्रेस को केवल 2 सीटों पर जीत मिली थी. दूसरी तरफ उत्तराखंड के सभी 5 लोकसभा की सीटों भाजपा ने जीत हासिल की थी.

इन दोनों पार्टियों के गठजोड़ से आखिर किस पार्टी का खेल खराब होगा? असल में सपा और बसपा का वोटबैंक कमोबेश वही है जो कांग्रेस का है. ऐसे में मध्य प्रदेश में इन दोनों पार्टियों के हाथ मिलाने से कांग्रेस का चुनावी गणित खराब हो सकता है. 2018 में पिछले विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को दो सीटों और समाजवादी पार्टी को एक सीट पर जीत हासिल हुई थी. वही वोट प्रतिशत की बात करे तो बसपा को 5 फ़ीसदी और सपा को 3.2 मत मिले थे. विधानसभा चुनाव में दोनों ही दल अलग-अलग लड़े थे. 

इन दोनों पार्टियों के साथ आऩे से उत्तर प्रदेश में भले ही मामला भाजपा के खिलाफ दिख रहा हो, पर मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में यह भाजपा के पक्ष में भी काम कर सकता है. विपक्षी वोटों खासकर कांग्रेस के वोट कटने का सीधा फायदा भाजपा को हो सकता है.

(जवाहर लाल नेहरू आइटीएमआइ के छात्र हैं, और इंडिया टु़डे में प्रशिक्षु हैं)

Advertisement
Advertisement