scorecardresearch

बॉलीवुड हसीनाओं के जबरदस्‍त बिजनेस मंत्र

अभिनेत्री नीतू चंद्रा से अगर बात करें तो हर थोड़ी देर बाद देसवा का जिक्र आ ही जाता है. और आए भी क्यों न. इस भोजपुरी फिल्म की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बॉलीवुड के बड़े फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली तक तारीफ कर चुके हैं.

नेहा धूपिया
नेहा धूपिया
अपडेटेड 30 दिसंबर , 2011

अभिनेत्री नीतू चंद्रा से अगर बात करें तो हर थोड़ी देर बाद देसवा का जिक्र आ ही जाता है. और आए भी क्यों न. इस भोजपुरी फिल्म की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बॉलीवुड के बड़े फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली तक तारीफ कर चुके हैं.

नीतू बड़े ही उत्साह से बताती हैं, ''देसवा के बारे में जर्मनी में भी लिखा गया है.'' वे इस फिल्म को फिजी, सूरीनाम, सिंगापुर और अन्य देशों में ले जाने की तैयारी में हैं. बेशक, आप हैरत में होंगे. नीतू को तो आप बतौर बोल्ड एक्ट्रेस जानते हैं.

समय बदल रहा है. यह अभिनेत्रियों का प्रोडक्शन से लेकर ई-कॉमर्स तक में हाथ आजमाने का दौर है. और यह यूं ही नहीं है. शायद यह कवायद उस वक्त के लिए भी हो सकती है, जब इनका जलवा फीका पड़ जाए और दरवाजे पर निर्देशकों की दस्तक खामोश हो जाए.

नीतू देसवा पर अपनी सारी जमा-पूंजी खर्च करने की बात कहती हैं. फिल्म का निर्माण दो करोड़ रु. में हुआ है. वे कहती हैं, ''मेरी कोशिश अपनी भाषा को इज्‍जत देने की थी. वह मैंने किया.''

फिल्म से वे अपना पैसा किस तरह वसूल पाएंगी? वे इतना ही कहती हैं, ''फिल्म के सैटेलाइट राइट अभी बेचने बाकी हैं. फिल्म को पूरे देश में रिलीज भी किया जाना है.''

देसवा के साथ प्रोडक्शन के क्षेत्र में कदम रख रहीं नीतू एक्टिंग में भी सक्रिय हैं और उनके पास फिलहाल 7 फिल्में हैं. युवाओं से जुड़े मसलों को लेकर बनी देसवा को उनके भाई नितिन चंद्रा ने निर्देशित किया है. इसे बिहार दिवस के मौके पर मार्च में पूरे देश में रिलीज करने की तैयारी है. नीतू कहती हैं, ''मेरे पास आठ स्क्रिप्ट हैं. मेरी योजना अपने प्रोडक्शन के तहत भोजपुरी-हिंदी फिल्में बनाने की है.'' वाकई उनकी सोच अच्छी है. लेकिन आर्थिक पहलू काफी कुछ तय करेगा.

बेशक नीतू ने क्षेत्रीय सिनेमा के जरिए प्रोडक्शन में कदम रखा है. मगर प्रीति जिंटा ने अपनी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय रंग देकर प्रोड्यूसर के तौर पर कॅरियर को परवान चढ़ाया है.

पेरिस के फैशन जगत की पृष्ठभूमि में रची गई प्रेम कहानी इश्क इन पेरिस में वे खुद तो होंगी ही, फ्रांसीसी अदाकारा इ.जाबेले अदजानी को भी मुख्य भूमिका में लिया गया है.

फिल्म की शूटिंग जोरों पर है और निर्देशन की कमान प्रेम सोनी के हाथों में है. सोनी मैं और मिसेज खन्ना का निर्देशन कर चुके हैं. खास यह कि फिल्म में हिंदी बोलने के लिए अदजानी हिंदी सीख रही हैं. सोनी कहते हैं, ''यह पहला मौका होगा जब कोई अंतरराष्ट्रीय स्टार हमारी भाषा को धारा प्रवाह बोलती नजर आएंगी.'' वाकई फिल्म के साथ प्रीति का नाम और इस तरह की खास बातें सामने आने से उम्मीदें बढ़ ही जाती हैं.

कहो न प्यार है फेम अभिनेत्री अमीषा पटेल ने भी अपने प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की है. वे दो फिल्में बनाने का ऐलान कर चुकी हैं. खास यह कि उन्होंने इन दोनों फिल्मों में खुद हीरोइन होने की बात पहले ही कह दी है. इसी तरह ईशा-कोप्पिकर भी शबरी-2 बनाने को लेकर पूरे जोश में हैं. अब प्रोड्यूसर बनने जा रहीं ईशा का कहना है कि शबरी फिल्म को लोगों ने याद नहीं रखा लेकिन किरदार उन्हें याद रहा. शबरी की असफलता के लिए वे उसके देर से रिलीज होने और कमजोर मार्केटिंग को बड़ा कारण मानती हैं. जिसे वे इसके सिक्वेल में दूर करने की कोशिश करेंगी.

अगर 2011 की बात करें तो लारा दत्ता ने भीगी बसंती एंटरटेनमेंट नाम से प्रोडक्शन हाउस शुरू किया. बतौर निर्माता उनकी पहली फिल्म चलो दिल्ली थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही. लगभग 5 करोड़ रु. की लागत से बनी फिल्म ने 9.5 करोड़ रु. का कारोबार किया. अभिनेत्री दीया मि.र्जा एक्टिंग की तरह ही, प्रोडक्शन के मामले में भी अनलकी रहीं. उन्होंने .जायद खान के साथ मिलकर लव ब्रेकअप्स जिंदगी बनाई. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी.

इसी तरह बॉलीवुड में कोई बड़ी कामयाबी पाने में नाकाम रहीं ऋषिता भट्ट ने भी फिल्म निर्माण की कमान संभाली थी. उनका भी हश्र अपनी अन्य हमराह जैसा हुआ. फिल्म शक्ल पे मत जा रंग नहीं जमा सकी.

अभिनेत्रियों के असफल निर्माता बनने के बारे में फिल्म विश्लेषक कोमल नाहाटा कहते हैं, ''अधिकतर एक्ट्रेस छोटी स्टार कास्ट और छोटे बजट को लेकर चलती हैं. ऐसे में जब तक कहानी एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी नहीं होगी, तब तक फिल्म के हिट होने का सवाल ही पैदा नहीं होता.'' इसके साथ ही अभिनेत्रियों फिल्म निर्माण में रिस्क भी कम उठाने में यकीन करती दिखती हैं.

उनके इन कदमों का कारण कुछ भी रहे. 2011 में एक्ट्रेसेस का प्रोडक्शन का इतिहास अच्छा नहीं रहा है. कैटरीना कैफ भी प्रोडक्शन का विचार लंबी कवायद के बाद भुला चुकी हैं. ऐसे में भावी निर्माता और उद्यमी हसीनाओं को हमारा आल द बेस्ट.

ई-कॉमर्स में अभिनेत्रियां
आइपीएल की टीम राजस्थान रॉयल्स में हिस्सेदारी रखने वाली शिल्पा शेट्टी ने घर खरीदने में मदद करने वाली वेबसाइट http://www.grouphomebuyers.com/ में इन्वेस्ट किया है.
पिछले दिनों ही करिश्मा कपूर ने http://www.babyoye.com/ में इन्वेस्ट किया. यह मां और बच्चे से जुड़े उत्पादों का एक बड़ा ऑनलाइन स्टोर है. करिश्मा कहती हैं, ''यह स्टोर देश के 500 शहरों में 120 ब्रांड के 13,000 उत्पादों की पेशकश करता है. बेबीओए मेरी जैसे अभिभावकों के लिए वरदान है.''

हाल ही में नेहा धूपिया ने महिलाओं के लिए लॉन्ज़रे पोर्टल http://www.herstyle.in/ की शुरुआत की है.

नेहा कहती हैं, ''मैं अक्सर जूते और लॉन्ज़रे अपनी विदेश यात्राओं के दौरान खरीदती थी. मैंने सोचा जो लोग ऐसा नहीं कर सकते, उन्हें घर बैठे एक आसान विकल्प देना चाहिए.'' उनके ई-कॉमर्स के इरादे यहीं नहीं थमते, साल 2012 में वे लग्जरी जूतों की वेबसाइट शुरू करेंगी.

प्योर ई-कॉमर्स तो नहीं लेकिन लारा दत्ता प्रोडक्शन के अलावा 2012 में डिजाइनर शू कलेक्शन लेकर आ रही हैं. वे पहले ही हील विद लारा सीरीज में कुछ फिटनेस डीवीडी निकाल चुकी हैं. इस सीरीज में वे 2012 में ही पॉस्चर परफेक्ट नाम से डीवीडी लेकर आएंगी.

Advertisement
Advertisement