scorecardresearch

बीबीए: नए सोच का जादू

क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में मैनेजरों को ऐसे कौशल से लैस किया जाता है जिससे वे असल जिंदगी की समस्याओं को भी आसानी से सुलझ सकें.

अपडेटेड 13 जून , 2012

पच्चीस एकड़ में फैली बंगलुरू स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में लॉ, एजुकेशन, साइंस, सोशल साइंस और लैंग्वेज, कॉमर्स और मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग विषयों में अंडरग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और सर्टिफिकेट कोर्स कराए जाते हैं. लेकिन इसका बैचलर्स इन बिजनेस ऐडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) कोर्स इसे खास बनाता है और यही इसे शीर्ष पर ले जाकर बैठाता है.Best BBA college

इस कोर्स की शुरुआत 1996 में उस समय की गई जब विदेशी डिग्रियां बड़ा आकर्षण होती थीं. उस वक्त बीबीए की डिग्री के तहत ट्विन प्रोग्राम की व्यवस्था की गई थी, जिसमें पहले दो साल क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में बिताने होते थे और बाकी के साल विदेश के संबद्ध विश्वविद्यालय में भेजा जाता था. आज 16 साल बाद भी यह कोर्स यूनिवर्सिटी का सबसे ज्‍यादा मांग में रहने वाला कोर्स है. इसके सहयोगी विदेशी संस्थानों की संख्या बढ़कर छह हो गई है जिसमें एक नाम अमेरिका की वेस्टर्न मिशिगन यूनिवर्सिटी का भी है.

पाठ्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय एकेडमिक मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें एक अंतरविषयक रणनीति अपनाई गई है, जिसमें इस तीन वर्षीय कोर्स के पहले और दूसरे वर्ष के छात्र कई संबद्ध कोर्सेज को चुन सकते हैं, जैसे पब्लिक स्पीकिंग या फिर ऐसा कोर्स जो उनकी अंग्रेजी बोलने की क्षमता को बेहतर बना सके.

मैनेजमेंट स्टडीज विभाग के प्रमुख जैन मैथ्यू बताते हैं, ''यूनिवर्सिटी में 'क्रिटिकल थिंकिंग इन पॉलिटिक्स' नाम का एक कोर्स भी चलाया जाता है जिसमें भविष्य के मैनेजमेंट प्रोफेशनल्स को राजनैतिक और सामाजिक माहौल के प्रति जागरूक रहने की अहमियत बताई जाती है.''

आखिरी वर्ष में छात्रों को मुख्य विषय के अलावा इलेक्टिव विषय भी पढ़ने होते हैं जिसमें मार्केटिंग, ह्यूमन रिलेशंस या फाइनेंस में से विकल्प चुनना होता है. मूल्यांकन का तरीका विषयों के हिसाब से अलग-अलग होता है जिसमें आंतरिक मूल्यांकन और सेमेस्टर के अंत में परीक्षा में मिलने वाले अंकों का वेटेज निकाला जाता है. पहले सेमेस्टर के अलावा छात्रों के लिए कोर्स से संबंधित प्रोजेक्ट और इंटर्नशिप को पूरा करना लाजिमी होता है.Christ College History

बीबीए तृतीय वर्ष की बहरीन से आईं 19 वर्षीया छात्रा श्रेया राममोहन कहती हैं, ''इनका तरीका बहुत व्यावहारिक है और हमें हट कर सोचने के लिए प्रेरित किया जाता है.'' उन्होंने हाल ही में खाड़ी के एक देश में बड़ी कॉर्पोरेट कंपनी के साथ इंटर्नशिप पूरी की है और उन्हें रोजगार के अच्छे ऑफर की उम्मीद है. पिछले साल छात्रों को जिन तीन कंपनियों से सबसे बेहतरीन रोजगार प्रस्ताव मिले थे, उनमें टैली सॉल्यूशंस नाम की अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर कंपनी (4.75 लाख रु. सालाना), गूगल (3.8 लाख रु. सालाना) और टेक्निकल कम्युनिकेशंस फर्म द राइटर्स ब्लॉक (3.37 रु. लाख रु. सालाना) शामिल थीं.

बनरघाटा रोड पर एक नया परिसर खुलने वाला है और उम्मीद है कि यहां बीबीए कोर्स के लिए और नए छात्र आएंगे. क्राइस्ट यूनिवर्सिटी को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिए जाने पर एक विवाद है और मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है. उसके बावजूद इसका बीबीए कोर्स लोकप्रियता के पायदान चढ़ता ही जा रहा है.

Advertisement
Advertisement